फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates 7 feb RG Kar Scam ED Chargesheet Merchant navy official from Odisha missing Mauritius Kerala

News Updates: सिक्किम में भूकंप के झटके, 4.2 रही तीव्रता; मेघालय खदान हादसे में तीसरे दिन भी राहत अभियान जारी

Sat, 07 Feb 2026 07:11 PM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Sat, 07 Feb 2026 07:11 PM IST
विज्ञापन
news updates 7 feb RG Kar Scam ED Chargesheet Merchant navy official from Odisha missing Mauritius Kerala
आज की अहम खबरें। - फोटो : अमर उजाला
सिक्किम के ग्यालशिंग क्षेत्र में आज शाम 6:35 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई। भूकंप की गहराई केवल 5 किलोमीटर दर्ज की गई। स्थानीय लोगों ने झटके महसूस किए, लेकिन फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। 
विज्ञापन


मेघालय: बचाव अभियान तीसरे दिन भी जारी
मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स कोयला खदान हादसा में बचाव अभियान तीसरे दिन भी जारी है। रेस्क्यू टीम फंसे हुए खदान मजदूरों को बचाने के लिए अभियान चला रह है। 5 फरवरी को कोयला खदान में हुए ब्लास्ट में 25 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गुरुवार को 18 शव बरामद किए गए, जबकि शुक्रवार को 7 और शव निकाले गए। 
विज्ञापन


विदेशी पर्यटक से दुष्कर्म-हत्या के तीन दोषी करार
कर्नाटक के कोप्पल जिले की एक कोर्ट ने विदेशी पर्यटक महिला से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में  तीनों आरोपियों को दोषी ठहराया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोषियों की बात सुनने के बाद कोर्ट 16 फरवरी को सजा सुनाएगी। यह घटना पिछले साल मार्च में विश्व धरोहर स्थल हम्पी के पास  सनापुरा में तुंगभद्रा लेफ्ट बैंक नहर के पास हुई थी। पुलिस के अनुसार, दोषी ठहराए गए तीनों लोगों ने 6 मार्च, 2025 की रात को दो महिला पीड़ितों, एक इजरायली टूरिस्ट और एक होम स्टे ऑपरेटर, और तीन अन्य पुरुष टूरिस्ट दोस्तों से पैसे मांगे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


जब पैसे देने से मना किया गया, तो तीनों ने कथित तौर पर तीन पुरुष टूरिस्टों को नहर में धकेल दिया और दो महिलाओं - इजरायली टूरिस्ट और होमस्टे ऑपरेटर का शारीरिक उत्पीड़न किया। नहर में धकेले गए दो लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि ओडिशा का एक टूरिस्ट नहर में डूब गया। पुलिस ने बताया कि कोर्ट ने शुक्रवार को मल्लेश, साई और शरणप्पा को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के संबंधित प्रावधानों के तहत हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, हत्या का प्रयास और डकैती सहित अपराधों के लिए दोषी ठहराया।

ड्यूटी के दौरान मर्चेंट नेवी अधिकारी लापता, परिवार ने सरकार से मांगी मदद
ओडिशा के भद्रक जिले के केशापुर क्षेत्र के रहने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी सार्थक महापात्रा समुद्र में ड्यूटी के दौरान लापता हो गए। वह ईए जर्सी नामक जहाज पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सार्थक जुलाई 2025 से एक निजी शिपिंग कंपनी में कार्यरत थे और मॉरीशस से चीन लौटते समय जहाज से लापता हो गए। बीते पांच फरवरी को भुवनेश्वर के शहीदनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिप प्रबंधन की प्रतिनिधि ने बताया कि खोज अभियान जारी है। यह जहाज 12 या 13 फरवरी तक सिंगापुर पहुंच सकता है, जहां जांच की जाएगी। वहीं, सार्थक की माता ने कंपनी की भूमिका पर संदेह जताते हुए बेटे के जिंदा होने की बात कही है।  दो फरवरी को आखिरी बार सार्थक से  बातचीत हुई थी, जबकि तीन फरवरी को उनके लापता होने की सूचना मिली।

बंगाल एसआईआर ने चौंकाया, एक पिता के 389 बच्चे
पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बीरभूम जिले के नानूर विधानसभा क्षेत्र में एक व्यक्ति को रिकॉर्ड में 389 मतदाताओं का पिता दर्शाया गया है। हावड़ा जिले के सांकराइल इलाके में भी 310 मतदाताओं के साथ एक ही अभिभावक का नाम दर्ज मिला। इन खुलासों ने चुनावी प्रक्रिया की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, राज्य में ऐसे कम से कम सात मामले सामने आए हैं, जहां एक ही व्यक्ति के बच्चों की संख्या 100 से अधिक दिखाई गई है। मुर्शिदाबाद में 199, दार्जिलिंग में 152, जलपाईगुड़ी के नागरकाटा में 120 और आसनसोल में 170 मतदाता एक ही माता-पिता से जुड़े पाए गए हैं। जानकारों का कहना है कि यह केवल तकनीकी गलती नहीं, बल्कि डाटा सत्यापन और निगरानी तंत्र की बड़ी विफलता को उजागर करता है। इस बीच, सूत्रों के मुताबिक इन असामान्य आंकड़ों के सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पत्र लिखकर कई बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयोग ने 9 फरवरी तक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है। यह कदम सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर से जुड़े मामले की सुनवाई के बाद उठाया गया है।

केरल : गुंडा टैक्स न देने पर स्पा कर्मीे से सामूहिक दुष्कर्म, दुर्दांत अपराधी गिरफ्तार
केरल के तिरुवल्ला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुबिन अलेक्जेंडर नान के कुख्यात अपराधी और उसके गिरोह ने गुंडा टैक्स देने से इन्कार करने पर एक स्पा कर्मचारी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी सुबिन और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना रविवार, 1 फरवरी की दोपहर मंजादी स्थित लक्स ल्यूमिनरी वेलनेस स्पा में हुई। गिरोह ने स्पा प्रबंधन से 50,000 रुपये की मांग की थी। इन्कार करने पर सुबिन ने चाकू की नोंक पर महिला कर्मचारी के साथ दरिंदगी की और उसका वीडियो भी बनाया। आरोपियों ने स्पा से 25,000 रुपये और अन्य कर्मचारियों से भी नकदी लूटी। पुलिस ने बताया कि सुबिन एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले भी केरल असामाजिक गतिविधियां निवारण अधिनियम (कापा) एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

निर्वासित तिब्बत सरकार के सुरक्षा विभाग ने शुरू की चीनी नागरिक मामले की जांच
तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा की नगरी धर्मशाला में बिना वीजा रह रहे एक चीनी नागरिक के मामले ने न सिर्फ भारतीय सुरक्षा एजेंसियों, बल्कि निर्वासित तिब्बती सरकार को भी सतर्क कर दिया है। निर्वासित तिब्बत सरकार के सुरक्षा विभाग ने इस मामले की अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है और इसे भारत सरकार के गृह और विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाने पर भी विचार किया जा रहा है। दरअसल, मैक्लोडगंज में चीनी नागरिक लौ वेननियन के लगभग 130 दिनों तक बिना वैध वीजा ठहरने के खुलासे से स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

30 निम्न स्तरीय हल्के रडारों की खरीद के लिए आरएफपी जारी
सेना की वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से 30 निम्न-स्तरीय हल्के रडारों (एलएलएलआर) की खरीद के लिए सरकार ने शुक्रवार को प्रस्ताव के अनुरोध (आरएफपी) जारी कर प्रक्रिया शुरू कर दी। सेना के एक सूत्र ने बताया कि इन 30 एलएलएलआर की खरीद तेज गति से की जाएगी। लगभग 725 करोड़ रुपये की लागत से 30 एलएलएलआर (लॉन्ग-लेवल रेलर) रडारों के लिए आरएफपी जारी की गई है, जिनकी खरीद त्वरित खरीद प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। आरएफपी दस्तावेज में कहा गया है कि ये रडार हवाई क्षेत्र की निगरानी प्रणाली के रूप में काम करेंगे और खतरों के आधार पर लक्ष्यों का पता लगाने और उन पर नजर रखने में सक्षम होंगे।

धनशोधन मामले में पूर्व समाधान पेशेवर को ईडी ने किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने एक पूर्व समाधान पेशेवर (आरपी) को धनशोधन विरोधी कानून के तहत गिरफ्तार किया। उस पर दिवाला एवं ऋण शोधन अक्षमता नियमों का दुरुपयोग करके सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप में है। एक बयान में कहा कि दिवाला घोषित कंपनी रिचा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के आरपी अरविंद कुमार को 3 फरवरी को हिरासत में लिया गया था। गुरुग्राम की विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम अदालत ने उन्हें आठ दिन के लिए एजेंसी की हिरासत में भेज दिया है। बयान के मुताबिक, भारतीय दिवाला एवं शोधन अक्षमता बोर्ड  ने हाल में संबंधित उल्लंघनों के कारण आरपी का पंजीकरण दो साल के लिए निलंबित कर दिया था।

सबरीमला सोना चोरी में पूर्व अधिकारी श्रीकुमार से ईडी ने की पूछताछ
सबरीमला मंदिर के सोने के आभूषणों की हेराफेरी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एस श्रीकुमार से पूछताछ की। श्रीकुमार द्वारपालक मूर्तियों की प्लेटों से सोना गायब होने के मामले में छठे आरोपी हैं। वे उस समय प्रशासनिक अधिकारी थे, जब सोने की परत चढ़ाने के लिए मूर्तियों को चेन्नई ले जाया गया था। श्रीकुमार को हाल ही में कोल्लम की अदालत से जमानत मिली है। ईडी ने मामले में अभिनेता जयराम और मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को पूछताछ के लिए तलब किया है।

केरल : सीएसआर कोष घोटाले में वरिष्ठ भाजपा नेता समेत 4 पर एफआईआर
केरल के कोच्चि में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कोष (सीएसआर) घोटाले में भाजपा के वरिष्ठ नेता एएन राधाकृष्णन समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई। घोटाला सीएसआर कोष के जरिए आधी कीमत पर स्कूटर और लैपटॉप देने का झांसा देकर लोगों से पैसे लेने से जुड़ा है। पुलिस ने बताया िक शिकायतकर्ता महिला से मई 2024 में 63,500 रुपये लेने के बाद भी वादे के मुताबिक उसे स्कूटर नहीं दिया।

असम में 14 करोड़ की ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार
असम के कछार जिले में पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त कार्रवाई में 14 करोड़ मूल्य के मादक पदार्थों की खेप जब्त की गई है। इसमें एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि यह कार्रवाई कछार जिले के तोलेंग्राम क्षेत्र में की गई। जब्त सामग्री में 154 साबुननुमा पैकेटों में भरी हेरोइन और 10,000 याबा टैबलेट शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इसे ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कछार पुलिस और असम राइफल्स की सराहना की।

अरुणाचल में आठ ठिकानों पर ईडी के छापे, 2.2 करोड़ जब्त  
ट्रांस-अरुणाचल राजमार्ग मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अरुणाचल प्रदेश में आठ जगहों पर छापे मारे। इस दौरान लगभग 2.2 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। ईडी अधिकारियों ने बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग के तहत ईटानगर में छह परिसरों और लिकाबली (लोअर सियांग जिला) और आलो (प. सियांग जिला) में एक-एक परिसर पर छापेमारी की गई। इनमें जिला भूमि राजस्व एवं निपटान विभाग के उपायुक्त, मूल्यांकन अधिकारियों के कार्यालय और बिचौलियों के परिसर शामिल हैं। मुआवजा घोटाला मामला भूमि अधिग्रहण मुआवजे के आकलन, प्रमाणीकरण और वितरण में अनियमितताओं में लोक सेवक और निजी लाभार्थी शामिल हैं। जांच में पता चला कि उपायुक्त ने शुरू में 289.40 करोड़ के मुआवजे का अनुमान तैयार किया था। राज्य स्तरीय बैठक में मुआवजे के पैकेज को 198.56 करोड़ तक सीमित कर दिया गया। ईडी के अनुसार कई चेक फर्जी लाभार्थियों को जारी किए गए, सरकारी खजाने को 44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

पश्चिम बंगाल बजट में तुष्टीकरण की राजनीति हावी : भाजपा
भाजपा ने पश्चिम बंगाल सरकार के अंतरिम बजट को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। भाजपा का आरोप है कि अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के लिए किए गए भारी बजटीय प्रावधान यह दिखाते हैं कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य तुष्टीकरण की राजनीति के गहरे गर्त में डूबता जा रहा है। बंगाल सरकार ने बृहस्पतिवार को 2026-27 वित्त वर्ष के लिए 4.06 लाख करोड़ रुपये का अंतरिम बजट विधानसभा में पेश किया। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि एक ओर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के नेतृत्व में तुष्टीकरण की राजनीति के दलदल में और गहराई तक फंसता जा रहा है।

इनोवेशन व आध्यात्मिक चिंतन को जीवंत बनाने वाला ऑरोविले फेस्टिवल शुरू
संस्कृति, इनोवेशन और आध्यात्मिक चिंतन को जीवंत बनाने वाले ऑरोविले फेस्टिवल की शुरुआत हो चुकी है। इस साल फेस्टिवल के मुख्य कार्यक्रमों की निगरानी ऑरोविले फाउंडेशन की सचिव और गुजरात की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंती एस रवि कर रही हैं। डॉ. जयंती ने शुक्रवार को डॉ. जी. सीतारामन (ओएसडी) और ऑरोविले फाउंडेशन के स्टाफ के साथ मिलकर कला केंद्र भारत निवास में कला और दिव्य मां विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में टाउनशिप की रचनात्मक अभिव्यक्तियों की आध्यात्मिक नींव पर जोर दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद डॉ. जयंती ने टाउनशिप डेवलपमेंट पर ताजा जानकारी हासिल करने के लिए ऑरोविले के अलग-अलग कार्यबलों के साथ विस्तार से बैठक की। सामुदायिक सद्भाव की दिशा में अहम कदम उठाते हुए उन्होंने ऑरोविले के लोगों से मिलकर उनकी शिकायतों और चिंताओं को सुना। इससे लोगों और फाउंडेशन (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) के बीच सीधा संवाद सुनिश्चित हुआ। ऑरोविले में फरवरी भर फेस्टिवल का माहौल रहता है। 

वडोदरा : जूनियर की हत्या में दोषी छात्र को उम्रकैद वयस्क मान चला मुकदमा
गुजरात के वडोदरा की एक विशेष बाल अदालत ने साल 2018 में हुए चर्चित हत्याकांड में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने अपने जूनियर छात्र देव ताडवी की चाकू गोदकर हत्या करने वाले आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। वारदात के समय आरोपी 10वीं का छात्र था और उसकी उम्र 16 साल 6 महीने थी।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जस्टिस शकुंतला सोलंकी ने बृहस्पतिवार को यह फैसला सुनाया। जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने आरोपी की मानसिक स्थिति और अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे वयस्क मानकर मुकदमा चलाने का आदेश दिया था। अभियोजन के अनुसार, एक शिक्षक की डांट से नाराज होकर आरोपी ने स्कूल बंद करवाने के मकसद से इस हत्या की साजिश रची थी। उसने पूरी तैयारी के साथ चाकू और मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया था। अदालत ने 20 गवाहों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर उसे दोषी करार दिया।

कूकी-जो विधायक को सरकार में लेने पर विरोध, चुराचांदपुर बंद
मणिपुर में नई सरकार के गठन में कूकी-जो समुदाय की भागीदारी के विरोध में शुक्रवार को चुराचांदपुर जिले में पूर्ण बंद रहा, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आदिवासी संगठनों के आह्वान पर जिले के अधिकतर हिस्सों में बाजार बंद रहे, सड़कों पर वाहन नहीं चले और शैक्षणिक संस्थानों व सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति बेहद कम रही। तुइबोंग क्षेत्र में बंद का असर सबसे अधिक रहा। कूकी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (केएसओ), चुराचांदपुर इकाई ने आधी रात से 24 घंटे के बंद की घोषणा की थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की। बृहस्पतिवार शाम तुइबोंग फॉरेस्ट गेट पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, पत्थरबाजी के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। झड़पें देर रात तक चलीं, जिनमें कम से कम दो प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।सियासी तनाव के बीच मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने कहा कि जातीय हिंसा के कारण विस्थापित हुए लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी सरकार का पहला एजेंडा है। पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार जल्द ही एक व्यापक रोडमैप तैयार करेगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि शांति बहाली और विश्वास निर्माण के लिए सभी समुदायों के साथ संवाद को आगे बढ़ाया जाएगा।

आरजी कर घोटाले में ईडी का आरोपपत्र दायर, पूर्व प्राचार्य संदीप घोष भी आरोपी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में यहां एक विशेष अदालत के समक्ष शुक्रवार को आरोप पत्र दाखिल किया। धनशोधन से जुड़े इस मामले में मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष को भी आरोपी बनाया गया है। वह वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से न्यायिक हिरासत में हैं। अस्पताल के पूर्व अधिकारी अख्तर अली ने घोष के कार्यकाल के दौरान कथित वित्तीय गड़बड़ियों की सीबीआई जांच का अनुरोध किया था जिसे कलकत्ता हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया था और इस आदेश को उच्चतम न्यायालय ने बरकरार रखा था। अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के एक मामले में पूर्व उपाधीक्षक अख्तर अली के खिलाफ विशेष सीबीआई अदालत ने शुक्रवार को गैर-जमानती वारंट जारी किया। अली के वकील ने दावा किया कि वह अस्पताल में भ्रष्टाचार मामले में व्हिसलब्लोअर हैं, इसलिए कुछ स्वार्थी तत्व उन्हें निशाना बना रहे हैं। अली पर केंद्रीय एजेंसी ने निविदा प्रक्रिया में अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed