फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: विपक्षी गठबंधन इंडिया का मार्च 11 अगस्त को; कर्नाटक हाईकोर्ट ने दिया परिवहन हड़ताल वापस लेने का आदेश

Tue, 05 Aug 2025 11:09 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 05 Aug 2025 11:09 PM IST
विज्ञापन
News Updates 5th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ विपक्षी गठबंधन इंडिया का चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च 11 अगस्त को होगा। पहले यह आठ अगस्त को होने वाला था, लेकिन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था। जबकि इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक सात अगस्त को ही होगा। 

विज्ञापन


कर्नाटक हाईकोर्ट ने दिया परिवहन हड़ताल वापस लेने का आदेश
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने परिवहन हड़ताल वापस लेने के निर्देश दिया है। हड़ताल के संबंध में एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई। यूनियन नेताओं ने दावा किया कि उन्हें सीधे तौर पर कोई नोटिस नहीं मिला था, लेकिन न्यायालय से स्पष्ट निर्देश मिलने के बाद, उन्होंने हड़ताल वापस ले ली और कर्मचारियों से काम पर लौटने का आग्रह किया।
विज्ञापन



फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में पहुंचे। यहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
 

 
 

इस दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह उस गठबंधन और साझेदारी की पुनः पुष्टि है जिसे हम मजबूत कर रहे हैं। जिसे पहले एशिया-प्रशांत क्षेत्र कहा जाता था, अब हम उसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र कहते हैं, जो मुझे लगता है कि राजनीति, व्यापार और अर्थव्यवस्था की वैश्विक प्रकृति के कारण इस समझ का सही विकास है।'

गोवा में कचरा निपटान नियमों को कड़ा करने वाला विधेयक पारित
गोवा विधानसभा ने कचरे के अवैध निपटान पर अंकुश लगाने और अधिकारियों को दंडात्मक कार्रवाई करने का अधिकार देने के लिए कड़े कदम उठाने वाला एक विधेयक पारित किया है। इसमें उल्लंघन करने वालों पर 3 लाख रुपये तक के जुर्माने और कारावास का प्रावधान है। इस विधेयक में पुलिस को कचरा अवैध रूप से डंप करने वाले वाहनों को जब्त करने का भी अधिकार है।

गोवा गैर-जैवनिम्नीकरणीय कचरा (नियंत्रण) (संशोधन) विधेयक, 2025 को सोमवार को चल रहे मानसून सत्र के दौरान पर्यावरण मंत्री एलेक्सो सेक्वेरा की अनुपस्थिति में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सदन में पेश किया। सदन में विस्तृत चर्चा के बाद, विधेयक को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। सावंत ने कहा कि यह विधेयक गोवा गैर-जैवनिम्नीकरणीय कचरा (नियंत्रण) अधिनियम, 1996 में संशोधन करता है और इसमें 'थोक कचरा उत्पादक', कचरा संग्रहकर्ता' और 'सामग्री पुनर्प्राप्ति सुविधा (एमआरएफ)' जैसी नई परिभाषाएं जोड़ी गई हैं। उन्होंने बताया कि इसमें बहुस्तरीय प्लास्टिक, रबर, टेट्रा पैक, नालीदार डिब्बे और जूट जैसे गैर-जैवनिम्नीकरणीय कचरे को भी शामिल करने के लिए अनुसूची का विस्तार किया गया है।

गृह मंत्री शाह की लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील
गृह मंत्री अमित शाह ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ तस्वीर साझा करने की अपील की है। शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर घर तिरंगा अभियान ने देशवासियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूं कि वो अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और तिरंगे के साथ तस्वीर साझा करें।  

संदेशखाली हिंसा : तृणमूल के पूर्व नेता शाहजहां की अर्जी खारिज
कलकत्ता हाईकोर्ट ने संदेशखाली हिंसा मामले में सीबीआई जांच के खिलाफ दायर पूर्व टीएमसी नेता शाहजहां शेख की याचिका को खारिज कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि शेख की याचिका में कोई विधिक स्वीकार्यता नहीं है, इसलिए अदालत एकल पीठ के सीबीआई जांच के आदेश में कोई हस्तक्षेप नहीं करेगी। जस्टिस देवांशु बसाक और जस्टिस प्रसेंजित विश्वास की पीठ ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को देखते हुए शाहजहां की याचिका स्वीकार नहीं की जा सकती है।  

बेटे को इंजीनियरिंग में दाखिला न दिला सका तो पिता ने जान दी
केरल के पतनमतिट्टा जिले में एक व्यक्ति इंजीनियरिंग कॉलेज में अपने बेटे के दाखिले के लिए फीस नहीं जुटा पाया। इससे आहत होकर उसने जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली। पीड़ित की पहचान वीटी शिजो (47) के रूप में हुई है।

वह रविवार की शाम मूंगामपारा के जंगल में लटके मिले। शिजो के बेटे का तमिलनाडु के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए चयन हो गया था लेकिन परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। इसलिए दाखिले फीस देने में असमर्थ था। रिश्तेदारों ने बताया कि शिजो की पत्नी एक सहायता प्राप्त स्कूल में शिक्षिका के तौर पर नौकरी करती थी, जिनकी नियुक्ति को इस साल की शुरुआत में अदालत की ओर से मंजूरी दी गई थी। शिजो को उम्मीद थी कि पत्नी को 12 वर्षों का बकाया वेतन मिलेगा तो आर्थिक संकट टल जाएगा।

इस वर्ष फरवरी से उनकी पत्नी को वेतन मिलना शुरू हो गया था, लेकिन जिला शिक्षाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के अधिकारियों की ओर से पिछले 12 वर्षों के बकाया भुगतान में देरी की जा रही थी। माना जा रहा है कि आर्थिक संकट के कारण उन्होंने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया है।

चयन पद चरण 13 की परीक्षा नहीं होगी रद्द  
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के अध्यक्ष एस गोपालकृष्णन ने सोमवार को स्पष्ट किया कि आयोग हाल में आयोजित चयन पद चरण 13 की परीक्षा रद्द नहीं करेगा। आयोग उन प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कर सकता है, जिन्हें उचित अवसर से वंचित किया गया था।

गोपालकृष्णन ने परीक्षा के दौरान कुप्रबंधन को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच यह जानकारी दी। आयोग ने परीक्षा वेंडर को भी पत्र लिखकर 24 जुलाई से 1 अगस्त तक की परीक्षा अवधि के दौरान सामने आई सभी समस्याओं का समाधान करने को कहा है। गोपालकृष्णन ने कहा, हमें एक भी उम्मीदवार ऐसा मिलता है, जिसके साथ अन्याय हुआ है, तो हम उसके लिए दोबारा परीक्षा कराएंगे। 

कानून-व्यवस्था बनाए रखी के मणिपुर पुलिस का एक्शन
मणिपुर पुलिस ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। सुरक्षा बलों ने कई जिलों के सीमांत और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्राधिकार जारी रखा। विज्ञप्ति में बताया गया है कि जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर व्यापक रूप से तलाशी अभियान और घेराबंदी अभियान चलाए गए।

4 अगस्त को, सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कंगलीपाक (PREPAK) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पंगंबम केप्टेन सिंह उर्फ सचिकांत (51) के रूप में हुई है, जिसे थौबल जिले के थौबल हाओखा मानिंग लेईकाई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया। एक अलग अभियान में, मणिपुर पुलिस ने 4 अगस्त को थौबल जिले के लिलोंग थाना क्षेत्र के अंजुमन कार्यालय के पास लिलोंग बांध से दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। यह मामला लिलोंग कालीखोंग से एक रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर की चोरी से संबंधित पहले से दर्ज एक प्राथमिकी के संबंध में था। 

बंगाल में फ्लैट से हथियार और गोला-बारूद बरामद
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सोमवार को एक फ्लैट से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया। बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के जासूसी विभाग ने मामले में मधुसूदन मुखर्जी को गिरफ्तार किया है। इसका ही फ्लैट था। पुलिस उपायुक्त जासूसी विभाग के चारु शर्मा ने बताया कि कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में राहारा स्थित फ्लैट से 16 बंदूकें और 904 कारतूस, एक लाख रुपये, 248 ग्राम सोना और 10 किलो से अधिक प्राचीन सिक्के भी जब्त किए हैं। कुछ मशीनें भी जब्त की गईं। पुलिस को शक है कि उनका इस्तेमाल बंदूकों की मरम्मत के लिए किया जाता था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति हथियारों की आपूर्ति और खरीद में शामिल है। मुखर्जी खुद को कपड़ा व्यापारी बताता था। उसको कोलकाता से 15 किलोमीटर दूर रहारा के रीजेंट पार्क इलाके में उसके भूतल स्थित फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। संदिग्ध पहले बर्धमान में पुलिस बल द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले किराए के वाहन चलाता था। 2006 में उसे खरदाह थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।

आईईपीएफए दावों को सरल बनाने के लिए एकीकृत पोर्टल शुरू करेगा
कॉर्पोरेट मंत्रालय के अधीन कार्यरत निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण निधि प्राधिकरण (आईईपीएफए) अब दावा प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, निवेशकों एवं कंपनियों के लिए पहुंच बढ़ाने को एकीकृत पोर्टल शुरू कर रहा है। पोर्टल प्रमुख हितकारकों को एकीकृत करेगा, जिससे सहज और कुशल अनुभव प्रदान किया जा सके। कंपनियों के आंकड़ों की सटीकता और दावों की सुचारू प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कंपनियों से आईईपीएफ-1/7 एसआरएन और निर्धारित एक्सेल टेम्पलेट अपलोड करने का आग्रह किया है। साथ ही प्राधिकरण कम मूल्यों के दावों के लिए दस्तावेजीकरण आवश्यकताओं की व्यापक समीक्षा कर रहा है। इसका उद्देश्य एक सरल और शीघ्र दावा निपटान प्रक्रिया शुरू करना है। इसके अलावा शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने के लिए एकीकृत कॉल सेंटर शुरू कर रहा है।

दिल्ली पहुंचे अनिल अंबानी, ईडी करेगी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तरफ से कथित 17,000 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले की चल रही जांच के तहत पूछताछ के लिए अनिल अंबानी को तलब किए जाने के बाद वे दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्हें आज दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
 

तमिलनाडु- भवानी नदी के किनारे बाढ़ का अलर्ट
तमिलनाडु के ईरोड जिले में मंगलवार सुबह भवानी नदी के किनारे रहने वालों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। सार्वजनिक कार्य विभाग और राजस्व विभाग ने यह चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार, कोयंबटूर और नीलगिरी जिलों के बांधों से भारी जलप्रवाह के कारण लोअर भवानी प्रोजेक्ट डैम में पानी का स्तर 101.71 फीट तक पहुंच गया है। जैसे ही यह 102 फीट पार करेगा, अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा।

मंगलवार सुबह 8 बजे डैम में 6,937 क्यूसेक पानी आ रहा था और 2,800 क्यूसेक छोड़ा जा रहा था। इसमें से 1,500 क्यूसेक LBP नहर में, 800 क्यूसेक थड़पल्ली और अरक्कनकोट्टई नहरों में, 400 क्यूसेक कलिंगरायण नहर में और 100 क्यूसेक भवानी नदी में छोड़ा गया है। भवानीसागर, सथ्यमंगलम, गोबीचेट्टिपलायम और भवानी क्षेत्र के लोगों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं और सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर निगरानी कर रहे हैं।
 

असम में सात करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, पांच गिरफ्तार
असम के कछार जिले में दो अलग-अलग पुलिस ऑपरेशनों में करीब सात करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की गई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि इन कार्रवाइयों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर दो ऑपरेशन चलाए गए। इसमें 216 ग्राम हेरोइन और 20,000 याबा टैबलेट जब्त की गईं। साथ ही दो वाहन भी सीज किए गए हैं। सीएम सरमा ने कहा, 'सात करोड़ रुपये की ड्रग्स अब धुएं में! असम पुलिस सख्त है – नशे के लिए कोई जगह नहीं!'

फिलीपींस के राष्ट्रपति ने गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर और उनकी पत्नी लुईस अरनेटा-मार्कोस ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

टैरिफ को लेकर भारत की प्रतिक्रिया पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
ट्रंप द्वारा भारत पर टैरिफ बढ़ाने के बयान पर भारत की प्रतिक्रिया पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाए। पवन खेड़ा ने कहा कि एक राष्ट्रपति की धमकियों का जवाब एक अधिकारी को देना चाहिए? ये कैसा जवाब है? चार बिंदुओं में से आखिरी बिंदु में हमने लिखा है कि हम अपने हितों की रक्षा करेंगे। ये स्पष्टीकरण देने के लिए आपको तीन बिंदु क्यों लिखने पड़ रहे हैं? आपको किसी को स्पष्टीकरण क्यों देना पड़ रहा है? क्या आपका किसी के प्रति कोई दायित्व है? आप अपने आप में एक संप्रभु देश हैं। आप इस देश का इतिहास भूल जाते हैं। अगर आपको स्वतंत्र भारत का इतिहास याद होगा, तो आप कभी भी इस तरह झुककर काम नहीं करेंगे। जिस तरह से आज मोदी सरकार झुक रही है। खुलकर कहिए कि हम अपने हितों के लिए लड़ेंगे। हम किसी के आगे नहीं झुकेंगे। इंदिरा जी ने कहा था, अटल जी ने भी कहा था। 

महिसागर नदी पुल पर फंसे ट्रक को हटाया गया
गुजरात में महिसागर नदी पर बने पुल का एक हिस्सा ढहने की घटना के लगभग एक महीने बाद मंगलवार को टूटे हुए हिस्से में फंसे ट्रक को हटाया गया। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई थी। नौ जुलाई को पुल ढहने के बाद कई वाहन नदी में गिर गए थे, जबकि एक ट्रक भी फंस गया था। आनंद जिला कलेक्टर प्रवीण चौधरी ने बताया कि एक निजी कंपनी की समुद्री आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (एमईआरसी) की टीम ने ट्रक को हटाया। एमईआरसी की 60 सदस्यों वाली टीम पिछले चार-पांच दिनों से घटनास्थल पर डेरा डाले हुए थी और कई निरीक्षणों के बाद उन्होंने ट्रक को निकालने का तरीका ढूंढ निकाला।

पांच वर्ष में दूध खरीद 50 फीसदी बढ़ाने का लक्ष्य : अमित शाह
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि सरकार सहकारिता आधारित श्वेत क्रांति 2.0 के तहत अगले पांच वर्षों में दूध की खरीद में 50 फीसदी वृद्धि के लिए काम कर रही है। शाह ने संसदीय सलाहकार समिति की दूसरी बैठक में सहकारी क्षेत्र के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की रूपरेखा पेश की। उन्होंने कहा कि दो लाख बहुउद्देशीय सहकारी समितियों की स्थापना की जाएगी। इस पहल के तहत अब तक 35,395 नई सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है। सहकारी क्षेत्र भूमिहीन और गरीब लोगों के लिए समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेयरी क्षेत्र मजबूत करने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। 15,691 नई डेयरी सहकारी समितियां पंजीकृत की गई हैं, जबकि 11,871 मौजूदा समितियों को मजबूत किया गया है। शाह ने एलान किया कि मोदी सरकार छोटे किसानों के साथ पारंपरिक बीजों के लिए अनुबंध करेगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें इन पहलों का लाभ मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed