फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 29 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

Updates: अब एक दिन के दौरे पर आज असम पहुंचेंगे शाह; त्रिपुरा में महिला से साथ अमानवीय व्यवहार

Mon, 29 Dec 2025 05:50 AM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Mon, 29 Dec 2025 05:50 AM IST
विज्ञापन
News Updates 29 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का असम के दो दिवसीय दौरे के लिए रविवार को गुवाहाटी आगमन घने कोहरे के कारण उनकी उड़ान रद्द होने के चलते एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।अधिकारियों के मुताबिक अब शाह एक दिवसीय दौरे के लिए सोमवार सुबह यहां पहुंचेंगे। शाह के पहले रविवार देर रात गुवाहाटी पहुंचने और यहां कोइनाधारा क्षेत्र में स्थित राज्य अतिथि गृह में रात बिताने का कार्यक्रम था।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि रविवार के लिए कोई कार्यक्रम सूचीबद्ध नहीं था। अधिकारी ने आगे बताया कि रात्रि विश्राम को छोड़कर, उनके कार्यक्रमों का कार्यक्रम अपरिवर्तित रहेगा। उन्होंने कहा, "घने कोहरे के कारण उड़ान रद्द होने से शाह का आगमन एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। वह सोमवार सुबह यहां पहुंचेंगे।" सोमवार को वह यहां नवनिर्मित 'शहीद स्मारक क्षेत्र' में अवैध विदेशियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
विज्ञापन


पीएम मोदी एआई इम्पैक्ट समिट का करेंगे उद्घाटन
भारत 15 से 20 फरवरी के बीच एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने सोमवार को बताया कि यह आयोजन राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। इस वैश्विक सम्मेलन में 100 से अधिक देशों की भागीदारी होगी। कृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी समिट की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वह एक विशेष रात्रिभोज की मेजबानी कर सकते हैं और सीईओ राउंड टेबल को भी संबोधित करेंगे। सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े कारोबारी और तकनीकी दिग्गज शामिल होंगे। इनमें बिल गेट्स, फेडएक्स के सीईओ राज सुब्रमण्यम और डीपमाइंड के सीईओ डेनिस हासाबिस जैसे नाम शामिल हैं। कृष्णन के अनुसार, अब तक 136 देशों से 15,500 से ज्यादा पंजीकरण हो चुके हैं, जिनमें 76 देश ग्लोबल साउथ से हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


ओडिशा: होम गार्ड के 102 पदों के लिए 3200 से अधिक उम्मीदवार पहुंचे
रविवार को ओडिशा के झारसुगुडा में होम गार्ड के 102 पदों के लिए 3,200 से अधिक उम्मीदवार, जिनमें से कुछ उच्च योग्य थे, उपस्थित हुए। यह वाक्या संबलपुर के एक हवाई अड्डे पर होम गार्ड पदों के लिए लिखित परीक्षा में हजारों युवकों के शामिल होने का वीडियो सामने आने के कुछ दिनों बाद घटी।

4040 आवेदकों में से कुछ स्नातक और स्नातकोत्तर सहित 3200 से अधिक उम्मीदवारों ने ओडिशा पुलिस के तहत एक अस्थायी सेवा, होम गार्ड के 102 पदों के लिए परीक्षा दी। होम गार्ड के पद के लिए न्यूनतम योग्यता केवल पांचवीं कक्षा है और इसके लिए प्रतिदिन 623 रुपये मिलते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि लिखित परीक्षा में उपस्थित हुए 3200 से अधिक उम्मीदवारों में से 1010 लोगों को शारीरिक परीक्षा के लिए चुना जाएगा। दोनों चरणों में प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।

देहरादून में त्रिपुरा के छात्र की हत्या पर असम सीएम ने की कार्रवाई की मांग

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से त्रिपुरा के एक छात्र के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

उन्होंने अंजेल चकमा के परिवार के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की। बता दें कि पश्चिम त्रिपुरा जिले के नंदननगर निवासी 24 वर्षीय चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में नस्लीय टिप्पणी का विरोध करने पर छह लोगों के एक समूह ने हमला किया था और 26 दिसंबर को इलाज के दौरान चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

एक्स पर एक पोस्ट में, सरमा ने कहा, "देहरादून में क्रूर नस्लीय दुर्व्यवहार के बाद त्रिपुरा के अंजेल चकमा की दुखद मौत दिल दहला देने वाली और अस्वीकार्य है।" उन्होंने आगे कहा, “मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि न्याय मिल सके।" उत्तराखंड पुलिस ने बताया है कि इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नेपाल का रहने वाला एक अन्य आरोपी संभवत अपने देश भाग गया है।

असम में नकली सोने के बिस्कुट के साथ तीन लोग गिरफ्तार

असम के कामरूप जिले में एक किलोग्राम से अधिक नकली सोने के बिस्कुट के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। रंगिया पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी प्रेमांकुर हजारिका ने बताया कि नकली सोना एक वाहन से बरामद किया गया, जो पड़ोसी जिले तामुलपुर जा रहा था।

उन्होंने कहा, "सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया। हमने एक वाहन से 1.4 किलोग्राम नकली सोने के बिस्कुट बरामद किए, जिनमें 10 ग्राम के 90 टुकड़े और 5 ग्राम के 100 टुकड़े शामिल थे।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो असम के बोकाजान के और तीसरा राजस्थान का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

त्रिपुरा: महिला के साथ बर्बरता, जूतों की माला पहनाकर किया अपमान

त्रिपुरा के धलाई जिले में अवैध संबंध के शक में एक महिला के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। कमलपुर थाना क्षेत्र के हरेरखोला गांव में ग्रामीणों के एक समूह ने महिला को घर से घसीटकर बाहर निकाला और उसकी पिटाई की और जूतों की माला पहनाकर सरेआम अपमानित किया। पुलिस ने सड़क पर पड़ी महिला को एम्बासा जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना के बाद कमलपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है। त्रिपुरा महिला आयोग की अध्यक्ष झरना देबबर्मा ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं है। आयोग की टीम पीड़िता से मिलने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र का दौरा करेगी।

सूरत: पिता की डांट से नाराज युवक ने चौथी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
गुजरात के सूरत में एक युवक ने अपने पिता की डांट से नाराज होकर घर की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार रात शहर के रामपुरा इलाके में स्थित हमद पार्क आवासीय सोसायटी में घटी। पुलिस ने बताया, मोहम्मद दानिश मोतियानी अपने पिता को हीरे की पॉलिशिंग में मदद करता था और कभी-कभी ऑटो रिक्शा चालक के रूप में भी काम करता था। दानिश का अपने पिता से झगड़ा हुआ था। पिता ने अधिकतर समय घर से बाहर गुजारने को लेकर डांट लगाई थी। इसके बाद मोतियानी चौथी मंजिल से कूद गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मोतियानी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

श्रीलंका ने तीन मछुआरे किए गिरफ्तार,  रिहाई के लिए स्टालिन ने जयशंकर को लिखा पत्र
श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के तीन मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त कर ली। इन मछुआरों की रिहाई के लिए राज्य के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा।

 उन्होंने केंद्र से मछुआरों और उनकी नाव को जल्द से जल्द रिहा करवाने की अपील की है। स्टालिन ने पत्र में बताया है कि ये मछुआरे 27 दिसंबर, 2025 को रामनाथपुरम जिले के मंडपम फिशिंग जेटी से मछली पकड़ने के लिए निकले थे। इन्हें अगले दिन रविवार को श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि अब- तक राज्य की कुल 248 मछली पकड़ने वाली नावें और 61 मछुआरे श्रीलंका की हिरासत में हैं।

केरल : पी विश्वनाथन ने चौकीदार से नगर पालिका अध्यक्ष बन रचा इतिहास
भारत के केरल राज्य के वायनाड जिले के शहर कलपेट्टा नगर पालिका के नए अध्यक्ष पी विश्वनाथन का यहां तक पहुंचने का सफर किसी मिसाल से कम नहीं है। पनिया जनजाति से आने वाले 40 साल के विश्वनाथन पेशे से चौकीदार और लोकगायक हैं। वह अपने पिछड़े समुदाय से इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाले पहले शख्स हैं। वह जिले में सत्ताधारी सीपीई (एम) के कार्यकर्ता हैं।

कलपेट्टा नगर पालिका का अध्यक्ष पद एसटी समुदाय के लिए आरक्षित होने पर मार्क्सवादी पार्टी ने इस पद के लिए विश्वनाथन को चुना। विश्वनाथन ने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में एडगुनी वार्ड नंबर 28 की सामान्य सीट से 424 वोटों से जीत हासिल की। पद पर चुने जाने के बाद विश्वनाथन ने कहा, आदिवासी समुदाय अभी भी कई मामलों में मुख्यधारा के समाज से पीछे हैं। मैं इसमें बदलाव लाना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि मेरा नया पद मेरे समुदाय के सदस्यों को आगे आने के लिए कुछ प्रेरणा दे।

अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ बंगलूरू में 3 मेफेड्रोन फैक्टरियां ध्वस्त
महाराष्ट्र एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ कर बंगलूरू में तीन मेफेड्रोन फैक्टरियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान 55.88 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित सामग्री और मशीनरी भी जब्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है, जो पिछले सप्ताह पुणे- मुंबई हाईवे पर एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के साथ शुरू हुई थी। टास्क फोर्स की कोंकण यूनिट ने 21 दिसंबर को नवी मुंबई के वाशी गांव के पास आरोपी अब्दुल कादर राशिद शेख से 1.48 करोड़ रुपये का मेफेड्रोन जब्त की थी।

इसके बाद, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने केस दर्ज किया और टीम बेलगाम निवासी प्रशांत यल्लापा पाटिल तक पहुंची, जो ड्रग्स बनाने में शामिल था। पूछताछ में यह भी पता चला कि बंगलूरू में तीन फैक्ट्रियां चल रही थीं। एक बयान में कहा गया कि इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए टास्क फोर्स ने इस हफ्ते की शुरुआत में राजस्थान निवासी सूरज रमेश यादव और मलखान रामलाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया, जो कर्नाटक की राजधानी में यह अवैध कारोबार कर रहे थे। इनकी निशानदेही पर जांचकर्ताओं को एनजी गोलाहल्ली, येरप्पनहल्ली और कन्नूर की अवैध फैक्टरियों पर छापा मारा और 21.4 किलो मेफेड्रोन जब्त किया गया। 


अदाणी समूह स्वदेशी सैन्य क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए खर्च करेगा 1.8 लाख करोड़
अदाणी समूह अगले साल रक्षा क्षेत्र में करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इस निवेश से ड्रोन, मानवरहित प्रणालियों और आधुनिक हथियारों के निर्माण की क्षमता बढ़ाई जाएगी। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने 2025 में लंबी योजना प्रक्रियाओं के बजाय तेजी से तैनाती पर ध्यान दिया। कंपनी के कुछ रक्षा उपकरणों का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी किया गया था।

अगले साल कंपनी ड्रोन और अन्य मानवरहित प्रणालियों, आधुनिक निर्देशित हथियारों, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई आधारित सैन्य अभियानों, साथ ही रखरखाव, मरम्मत और प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार में निवेश करेगी। हवा, समुद्र और जमीन पर काम करने वाली ये स्वायत्त प्रणालियां बिना चालक के चलने वाले प्लेटफॉर्म होते हैं, जो सेंसर, सॉफ्टवेयर और सुरक्षित नेटवर्क की मदद से बहुत कम मानवीय हस्तक्षेप में काम करते हैं। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस अब भारत की सबसे बड़ी निजी रक्षा कंपनी बन गई है। कंपनी ड्रोन और मानवरहित समुद्री प्रणालियों, ड्रोन रोधी तकनीक, आधुनिक हथियार, छोटे हथियार और गोला-बारूद, साथ ही विमान की मरम्मत, रखरखाव और प्रशिक्षण जैसी सेवाओं में काम करती है। 

असम के हिंसाग्रस्त जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल
असम के हिंसाग्रस्त जिलों कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग में हालात सामान्य होने के बाद रविवार से मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गईं। गृह एवं राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी के आदेश के अनुसार 23 दिसंबर से निलंबित सेवाएं सुबह 8 बजे से फिर शुरू कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। हालांकि, कई इलाकों में कड़ी सुरक्षा जारी है।

बंगाल में बीएलओ की संदिग्ध हालात में मौत काम के दबाव का आरोप
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में रविवार को एक बूथ लेवल ऑफिसर हराधन मंडल का शव एक स्कूल परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिला। मंडल पेशे से स्कूल शिक्षक थे। पुलिस को मौके से मृतक के हस्ताक्षर वाला एक नोट मिला है, इसमें उन्होंने काम के दबाव का जिक्र किया है। मामले की जांच की जा रही है। 

असम कार्बी में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं से हटाया गया प्रतिबंध
कार्बी आंगलोंग। असम सरकार ने रविवार को कार्बी आंगलांंगे में कानून व्यवस्था में सुधार के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाया प्रतिबंध रविवार को हटा लिया है। राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि इलाके में कानून व्यवस्था सुधरने और हालात सामान्य होने से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाया प्रतिबंध हटाया गया है। 

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को वाई-प्लस सुरक्षा
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी है। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर दी गई वाई प्लस सुरक्षा के तहत सीआईएसएफ के सशस्त्र अग्रवाल को चौबीसों घंटे सुरक्षा देंगे। विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में एसआईआर प्रक्रिया को संवेदनशील माना जा रहा है। इस प्रक्रिया में दावे व आपत्तियों पर सुनवाई 27 दिसंबर से शुरू हुई है, जिसमें करीब 32 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनका नाम 2002 की सूची में नहीं मिला। 

केरल में कांग्रेस को झटका, 8 पार्षद भाजपा के साथ गए
केरल में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां त्रिशूर जिले के मट्टाथुर में कांग्रेस के आठ पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भाजपा का समर्थन किया, ताकि निर्दलीय प्रत्याशी टेसी जोस कल्लारक्कल को मट्टाथुर पंचायत का अध्यक्ष बनाया जा सके। इसी से वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) का स्थानीय निकाय पर 23 साल का नियंत्रण भी खत्म हो गया। मट्टाथुर पंचायत में 24 वार्ड हैं। निकाय चुनावों में एलडीएफ ने 10 सीटें, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) ने आठ, एनडीए ने चार सीटें जीतीं, जबकि दो निर्दलीय चुने गए। एलडीएफ ने निर्दलीय पार्षद केआर ओसेफ को उम्मीदवार बनाया था, जबकि यूडीएफ ने दूसरे निर्दलीय टेसी जोस का समर्थन किया था। टेसी को जीत के लिए पूरे वोट नहीं मिल पाने के कारण कांग्रेस पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और फिर भाजपा से हाथ मिलाकर टेसी को जीत दिलाई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed