फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 20 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

Updates: हैदराबाद के ऐतिहासिक स्थलों का CEC ने किया दौरा; पद्मनाभस्वामी मंदिर में वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार

Sat, 20 Dec 2025 03:53 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Sat, 20 Dec 2025 03:53 PM IST
विज्ञापन
News Updates 20 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को अपने परिवार के साथ हैदराबाद के कई प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया। आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम से हैदराबाद पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त का गोलकोंडा किले में औपचारिक स्वागत किया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस दौरे के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों ने उन्हें किले के ऐतिहासिक और स्थापत्य महत्व के बारे में जानकारी दी। किले के दौरे के बाद, कुमार ने हुसैन सागर का भ्रमण किया और झील के बीच में स्थित बुद्ध प्रतिमा के दर्शन किए। हुसैन सागर के दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी. सुदर्शन रेड्डी, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी लोकेश कुमार, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्यवानी और चुनाव विभाग के अन्य अधिकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ थे।
विज्ञापन


तेलंगाना में 41 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
तेलंगाना में 41 माओवादियों ने पुलिस के सामने शुक्रवार को आत्मसमर्पण कर दिया और मुख्यधारा में लौट आए। इन नक्सलियों ने पुलिस को 24 हथियार सौंपे। जिनमें एक इनसास एलएमजी, तीन एके-47 राइफलें और पांच एलएलआर राइफलें शामिल थीं। साथ ही 733 कारतूत भी सौंपे। 
विज्ञापन

मेसी मामला : गिरफ्तार मुख्य आयोजक के घर पहुंची एसआईटी
सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था और तोड़फोड़ की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार को गिरफ्तार मुख्य आयोजक  शतद्रु दत्ता के हुगली जिले के रिशड़ा स्थित आवास पर जाकर विभिन्न दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जांच के सिलसिले में की गई। इसी बीच, स्टेडियम में हुई तोड़फोड़ के सिलसिले में शुक्रवार को कोलकाता और आसपास के इलाकों से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया।

छत्तीसगढ़ : पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया। पुलिस के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीम के नक्सल विरोधी अभियान के दौरान यह मुठभेड़ भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आडवाड़ा-कोटमेटा के जंगलों में हुई। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से फागनू मडवी (35) का शव बरामद हुआ। वह नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सदस्य था। पुलिस ने मौके से एक .303 राइफल, एक 9एमएम पिस्टल, विस्फोटक, रेडियो और अन्य सामान जब्त किया है।
 
विज्ञापन

रवींद्रनाथ टैगोर की पेंटिंग  10.73 करोड़ रुपये में बिकी
रवींद्रनाथ टैगोर की 1937 की उत्कृष्ट पेंटिंग फ्रॉम अक्रॉस द डार्क ने अष्टगुरु की हिस्टोरिक मास्टरपीसेज नीलामी में 10.73 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में बिकी। यह टैगोर की किसी भी कृति के लिए अब तक की सबसे अधिक राशि है। 14 से 17 दिसंबर तक चली इस नीलामी में सभी 87 लॉट बिक गए, जिससे कुल 163.65 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई। नीलामी में सबसे महंगी कृति तैयब मेहता की अनटाइटल्ड (जेस्चर) रही, जो लगभग 53.54 करोड़ रुपये में बिकी। टैगोर ने यह पेंटिंग जून 1937 में अल्मोड़ा प्रवास के दौरान बनाई थी। पेंटिंग उनके जीवन के अंतिम दौर की मनोवैज्ञानिक गहराई और एकांत को दर्शाती है।

नीलामी में कई अन्य कलाकारों ने भी नए रिकॉर्ड बनाए। कृष्ण खन्ना की पेंटिंग द लास्ट सपर 10.22 करोड़ रुपये से अधिक में बिकी। वहीं, सदानंद के बाकरे की कृति मोनालिसा ने 2.30 करोड़ रुपये का विश्व रिकॉर्ड बनाया। वॉल्टर लैंगहैमर की पुरानी बंबई के तटीय दृश्य को दर्शाती पेंटिंग 56.96 लाख रुपये में बिकी। 


गोवा अग्निकांड : मुख्य आरोपी सुरिंदर भागा विदेश
अर्पोरा स्थित बिर्च बाय रोमियो लेन क्लब में हुए भीषण अग्निकांड मामले में नया मोड़ आ गया है। जमीन के मूल मालिक प्रदीप घड़ी अमोनकर ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी और ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला ब्रिटेन भाग गया है। अमोनकर के अनुसार, खोसला को गोवा के कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई।

बता दें, 6 दिसंबर को हुई इस त्रासदी में 25 लोगों की जान चली गई थी। अमोनकर ने दावा किया कि पंचायत के सभी नोटिस और कानूनी शिकायतें खोसला के ही नाम थीं, फिर भी उसे देश छोड़ने दिया गया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन के मालिकाना हक पर विवाद होने के बावजूद क्लब को अनुमति दी गई। फिलहाल, बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा पीठ इस मामले की सुनवाई जनहित याचिका के रूप में कर रही है। एजेंसी
विज्ञापन

पूर्व सीजेआई बी आर गवई नालसर विधि विवि में प्रोफेसर बने
हैदराबाद स्थित नालसर विधि विश्वविद्यालय ने भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस बी आर गवई को सांविधानिक कानून और सामाजिक समावेश पर बीआर आंबेडकर चेयर प्रोफेसर के रूप में नियुक्त किया है।

शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस भूमिका में, जस्टिस गवई सांविधानिक कानून, न्याय तक पहुंच और सामाजिक समावेश के क्षेत्रों में अनुसंधान, शिक्षण और अकादमिक पहलों सहित अध्यक्ष की गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे।

नालसर यानी नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च एक प्रतिष्ठित सार्वजनिक विधि विश्वविद्यालय है, जिसकी स्थापना 1998 में हुई थी और इसे भारत के शीर्ष लॉ स्कूलों में गिना जाता है। डॉ. बीआर अंबेडकर सांविधानिक कानून और सामाजिक समावेशन चेयर की स्थापना तेलंगाना सरकार के वित्तीय सहयोग से की गई है।

पीएम मोदी की रैली में आ रहे लोग ट्रेन की चपेट में आए, तीन की मौत

बंगाल में तीन लोग भारी कोहरे के चलते ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आए लोग शनिवार को नादिया जिले में हुई प्रधानमंत्री मोदी की रैली में शामिल होने जा रहे थे। जब ये लोग पेशाब करने के लिए पटरी पर गए, तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना बंगाल के तेहरपुर और बडकुल्ला रेलवे स्टेशन के बीच हुई। कोहरे के चलते पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर भी रैली स्थल पर नहीं उतर सका, जिसके बाद पीएम मोदी ने वर्चुअली इस रैली को संबोधित किया।  

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: फरार आरोपी खोसला के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी

गोवा पुलिस ने नाइटक्लब अग्निकांड में आरोपी सुरिंदर खोसला के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खोसला ब्रिटिश नागरिक है, लेकिन जब हादसा हुआ, तब वह गोवा में ही था और बाद में ब्रिटेन भाग गया था। नाइटक्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत हुई थी। खोसला भी बिर्क बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में साझेदार बताया जा रहा है। 
 

विकसित भारत जी राम जी के खिलाफ डीएमके का प्रदर्शन

तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस ने मनरेगा के बदले लाए गए नए विधेयक के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को बदलने के लिए केंद्र सरकार द्वारा पारित नए कानून के खिलाफ 24 दिसंबर को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 

केरल- कोझिकोड में बेटे की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में मानसिक रूप से बीमार महिला गिरफ्तार
कोझिकोड पुलिस ने बताया कि यहां पांच वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में शनिवार को 38 वर्षीय मानसिक रूप से अस्थिर महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान अनु के रूप में हुई है, जो मिनी विहार, नारिकुन्नी, पुन्नस्सेरी की निवासी है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अनु का फोन आया, जिसमें उसने अपने बेटे नंदा हर्षन का गला घोंटने की बात कबूल की। पुलिस की एक टीम तुरंत घर पहुंची और लड़के को बेहोश पाया। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, एक अधिकारी ने बताया। अनु को बाद में कक्कूर पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उसकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की गई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है, साथ ही किशोर न्याय (देखभाल और संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनु एक वित्तीय संस्थान में काम करती थी और मानसिक बीमारी के लिए दवा ले रही थी। पुलिस ने आगे बताया कि बच्ची कक्कूर के एक निजी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी।

कैमरा लगे चश्मे से श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के अंदर शूटिंग करने के आरोप में सिंगापुर का टूरिस्ट गिरफ्तार
तिरुवनंतपुरम पुलिस ने बताया कि शनिवार को एक सिंगापुर के नागरिक को यहां श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के अंदर कैमरा लगे स्मार्ट चश्मे से वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में हिरासत में लिया गया।आरोपी की पहचान 49 वर्षीय थिरुनीपनार के रूप में हुई है, जो सिंगापुर के नॉर्थ शोर ड्राइव का रहने वाला है और श्रीलंकाई मूल का है। वह केरल घूमने आया था। पुलिस के अनुसार, थिरुनीपनार सुबह करीब 9.25 बजे मंदिर परिसर में घुसा, जहां वीडियोग्राफी सख्त मना है, उसने ऐसे स्मार्ट चश्मे पहने थे जिसमें छिपा हुआ कैमरा लगा था।

पुलिस ने FIR में बताया कि उसने कथित तौर पर मंदिर के अंदर फुटेज रिकॉर्ड किया, जिसमें उत्तरी तरफ और तुलाभारम मंडपम के विजुअल्स शामिल थे। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने कैमरा लगे चश्मे देखे और तुरंत उसे रोक लिया। बाद में थिरुनीपनार को फोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया, जिसने कानूनी आदेश की अवज्ञा के लिए भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि टूरिस्ट को रविवार सुबह आगे की जांच के लिए पेश होने का नोटिस देने के बाद रिहा कर दिया गया। यह इस तरह की पहली घटना नहीं है; पुलिस ने बताया कि इसी साल जुलाई में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब गुजरात के एक टूरिस्ट को मंदिर के अंदर वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed