न्यूज राउंडअपः सीएम के स्टिंग से मचा घमासान, असम में मोदी का चुनावी शंखनाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड की राजनीति में चल रही उठापटक के बीच मुख्यमंत्री हरीश रावत के एक स्टिंग ने तहलका मचा दिया है। इसमें सीएम द्वारा बागियों को पैसे देकर खरीद-फरोख्त करने की बात होने का दावा किया गया है।
वह बागी विधायकों को पांच करोड़ रुपये देने की बात कर रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं 'अच्छा हुआ मामला सस्ते में निपट गया'। साथ ही वह एक दो साल बाद बागियों को कांग्रेस में लाने की बात कर रहे हैं।
स्टिंग सामने आने के बाद सीएम ने प्रेस कान्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा। सीएम ने स्टिंग को झूठा बताते हुए कहा यह एक साजिश है। सीएम ने कहा कि स्टिंग करने वाले और भाजपा दोनों अनैतिक, धनलोलुप हैं। ये प्रदेश की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश है। सीएम ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि स्टिंग ऑपरेशन ब्लैकमेल करने की साजिश है। यह सीडी झूठ है, जिस व्यक्ति ने इसे बनाया है, उस व्यक्ति की रेपुटेशन किसी से छिपी नहीं है।
वहीं उत्तराखंड सीएम के खिलाफ विधायकों की खरीद फरोख्त की सीडी जारी होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने मीडिया के सामने आकर राज्यपाल और स्पीकर पर गंभीर आरोप लगाए।
बहुगुणा ने कहा कि स्पीकर ने दल-बदल कानून के तहत नोटिस दिया लेकिन नोटिस में सदन में सरकार के बिल का विरोध करने का कोई जिक्र नहीं है। स्पीकर पूरी तरह पक्षपात पूर्ण रवैया अख्तियार किए हुए हैं। कहा कि सीएम के खिलाफ होना पार्टी के खिलाफ होना नहीं है।
BJP-PDP नेता गवर्नर से मिले, महबूबा ने भाजपा को समर्थन के लिए बोला-थैंक्स
भाजपा नेता निर्मल सिंह ने राज्यपाल को भाजपा विधयकों का महबूबा मुफ्ती को समर्थन देने का पत्र सौंपा। साथ ही महबूबा मुफ्ती ने राज्यपाल को सरकार वनाने का दावा भी पेश किया।
राज्यपास से मुलाकात के बाद पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बिना शर्त जम्मू कश्मीर में सरकार बनाने के लिए दिए गए समर्थन पर भाजपा को धन्यवाद दिया। राज्यपाल से मुलाकात के बाद भाजपा नेता निर्मल सिंह ने कहा कि, हम पीडीपी के साथ बैठेंगेऔर आगामी कार्रवाई पर चर्चा करेंगे।
जीत का चौका लगाकर सेमीफाइनल में पहुंचा न्यूजीलैंड
टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अजेय प्रदर्शन को जारी रखते हुए न्यूजीलैंड ने एक बार फिर लाजवाब खेल दिखाया और सेमीफाइनल में उतरने से पहले ही लगातार जीत का चौका लगा दिया।
कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए टूर्नामेंट के 28वें मुकाबले में किवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन बनाए। जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम लगातार संघर्ष करती रही और 15.4 ओवर में पूरी टीम 70 रन पर आउट हो गई। इस तरह से किवी टीम ने यह मैच 75 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
आज का मैच इस मामले में भी बेहद खास रहा कि आउट होने वाले 18 बल्लेबाजों में से 10 तो बोल्ड ही हुए। न्यूजीलैंड के 6 बल्लेबाज बोल्ड हुए जिसमें 4 बल्लेबाजों को तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने बोल्ड किया। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजों ने 4 को बोल्ड किया।
सेमीफाइनल के लिहाज से इस मैच का कोई महत्व नहीं रह गया था क्योंकि बांग्ला टीम पहले ही बाहर हो चुकी है जबकि न्यूजीलैंड अंतिम चार में पहुंचने वाली सबसे पहली टीम बनी थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान केन विलियम्सन ने 42 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा कोलिन मुनरो ने 35 रन बनाए।
बांग्लादेश की ओर से तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने गजब की गेंदबाजी की और 22 रन देकर 5 विकेट झटक लिए। टूर्नामेंट में लगातार दूसरे दिन किसी गेंदबाज को टी-20 में 5 विकेट हासिल हुए हैं। शुक्रवार को पाक के खिलाफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जेम्स फॉकनर ने 5 विकेट लिए थे।
भारत की निर्णायक जंग कल, हारे तो हो सकते हैं बाहर
टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-10 के दोनों ग्रुपों से एक-एक टीम ने लगातार 3 मैच जीतकर आसानी से सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, लेकिन मामला 2 अन्य टीमों के लिए फंसा हुआ है। 26 मार्च के मुकाबले से पहले सुपर-10 के ग्रुप-2 से पाकिस्तान के बाहर होने के बाद अंतिम 4 में पहुंचने के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कांटे की जंग चल रही है।
अब इन्हीं दो ताकतवर टीमों के बीच मोहाली में रविवार (शाम 7:30 से) को मुकाबला खेला जाएगा और जो भी टीम यह मैच जीतेगी उसे ही अंतिम-चार में जाने का टिकट दिया जाएगा। एक तरह से 'सुपर संडे' को होने वाले इस मुकाबले को क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी कहा जा सकता है क्योंकि जो हारा उसकी टूर्नामेंट से विदाई हो जाएगी।
सुपर-10 के पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हारने के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तान और बांग्लादेश को हराकर अपनी उम्मीदें अंतिम मैच खेले जाने तक बनाए रखी है। पाक पर आसान जीत के बाद बांग्लादेश को हराने के लिए धोनी के ब्रिगेड को काफी पसीना बहाना पड़ा और अंतिम गेंद पर जाकर एक रन से जीत हासिल कर सके।
दूसरी, ओर ऑस्ट्रेलिया को भी किवी टीम के हाथों हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन फिर बांग्लादेश और पाक पर जीत ने उनकी उम्मीदों को बनाए रखी है। अंक तालिका पर नजर डाली जाए तो किवी टीम के बाद इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलियाई टीम नेट रनरेट के आधार पर दूसरे नंबर आ गई है जबकि रैंकिंग में नंबर वन टीम इंडिया तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
'नाम तिनसुकिया पर यहां सब दुखिया ही दुखिया नजर आते हैं'
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई पर निशाना साधा और कहा कि 'ये कहते हैं कि मोदी से मेरी लड़ाई है, मुख्यमंत्री जी आप इतने बुजुर्ग है, मैं इतना छोटा हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि यहां का नाम 'तिनसुकिया' है लेकिन यहां दुखिया ही दुखिया नजर आता है। मोदी ने कहा कि हमारा संकल्प है कि तिनसुकिया' को सच्चे अर्थ में 'सुखिया' बनाना। जन-जन को दुखिया से सुखिया बनाना है।
मोदी ने कहा कि अच्छी चीजों की उम्मीद में आपने कांग्रेस को 60 साल का कार्यकाल दिया। मैं आप से कुछ नहीं कह रहा हूं बस सिर्फ आप से 5 साल मांग रहा हूं। इसका फायदा असम को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां पर सिर्फ एक ही लहर हैं। एक ही आनंद असम में है और वो है सर्वानंद।
मोदी ने कहा कि मेरी लड़ाई मुख्यमंत्री तरूण गागोई के खिलाफ नहीं है। हमारी लड़ाई गरीबी और भ्रष्टाचार के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय असम बहुत ही संपन्न राज्य हुआ करता था। पर आज गरीब राज्यों में से एक है। असम की चाय की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यही तो वो चाय है जिसने दुनिया भर में हिंदुस्तान के प्रति चाह पैद कर दी है। हमारे चाय बागानों में काम करने वाले लोगों ने चाय की चुस्की लेते-लेते हिंदुस्तान के लोगों में ऊर्जा भरने का काम किया है।
सुषमा बोली, 'अगवा पादरी को छुड़ाने की होगी हरसंभव कोशिश'
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि यमन में चरमपंथियों द्वारा अगवा किए गए भारतीय पादरी टॉम उझुननालिल की रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने इस महीने की शुरुआत में मदर टेरेसा की संस्था चेरिटी ऑफ मिशनरीज द्वारा संचालित एक वृद्धाश्रम पर हमला किया था।
इस हमले में एक भारतीय सहित चार नन मारी गई थीं। इस दौरान चरमपंथियों ने केरल के पादरी टॉम उझुननालिल को अगवा कर लिया था।
सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, "केरल के एक भारतीय नागरिक को यमन में एक चरमपंथी संगठन ने बंदी बना लिया था। हम उनकी रिहाई के सारे प्रयास कर रहे हैं।" यमन में भारतीय दूतावास नहीं है लेकिन जिबूती में भारत का एक कैंप ऑफिस है।
आईएस का नंबर दो कमांडर मारा गया
स्लामिक स्टेट का नंबर दो कमांडर मारा गया है। कुछ न्यूज रिपोर्टों में शुक्रवार को यह जानकारी सामने आई है। द डेली बीस्ट और एनबीसी न्यूज ने अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि आतंकी सरगना अब्दुर्रहमान मुस्तफा अल कादुली को इसी महीने मार गिराया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका के रक्षा अधिकारियों ने बताया कि इस माह अमेरिका के हमले में इराकी नागरिक अब्दुल रहमान मुस्तफा अल कादुली उर्फ हाजी इमान उर्फ अबू अला मारा गया है। माना जा रहा है अमेरिकी रक्षा मंत्री एश कार्टर जल्द ही कादुली की मौत के बारे में पुष्टि कर सकते हैं। अमेरिकी प्रशासन ने कादुली पर 70 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की थी।
कादुली का जन्म इराक के मोसुल शहर में हुआ था। यह वही मोसुल है जो साल 2014 से आईएस के कब्जे में है। कादुली 2004 में इराक में अल कायदा से जुडा। वर्ष 2012 में इराक की जेल से रिहा होने के बाद वह सीरिया पहुंचकर आईएस में शामिल हो गया ।
दिल्ली पुलिस बोली अफवाहों पर न दें ध्यान
दिल्ली के विकासपुरी में एक छोटी सी बात पर डेंटिस्ट पंकज नारंग की पीट-पीटकर हत्या के बाद फेसबुक और ट्विटर पर इसे लेकर धार्मिक नजरिया देने की कोशिश की जा रही है। इसी के बाद दिल्ली पुलिस की डीसीपी मोनिका भारद्वाज ने यह स्पष्ट किया है कि इस हत्या में कोई धार्मिक एंगल नहीं है।
दिल्ली पुलिस के बाद भाजपा की तरफ से भी यही टिप्पणी आई है कि यह एक दुखद घटना है जिसे किसी भी तरह से धार्मिक एंगल देने की कोशिश न की जाए।
गौरतलब है कि इस निर्मम हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोग तेजी से यह बात फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस हत्याकांड के पीछे धार्मिक मकसद था। जबकि पुलिस यह साफ कर चुकी है कि यह एक रोड रेज का मामला है। दो पक्षों में झगड़ा हुआ जिसके बाद एक व्यक्ति को बुरी तरह पीट-पीटकर मार डाला गया।
भाजपा में शामिल हुए श्रीसंत, लड़ेंगे चुनाव
पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंत केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने राज्य की 50 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। केंद्रीय चुनाव आयोग के साथ चार घंटे लंबी बैठक के बाद भाजपा ने घोषणा की है कि श्रीसंत ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है और वे तिरुवनंतपुरम से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए 33 वर्षीय श्रीसंत ने कहा कि मैच फिक्सिंग मामले में अदालत ने उन्हें बरी कर दिया है। अब वे विपक्ष के किसी भी हमले से परेशान नहीं हैं।
गौरतलब है कि बीते साल दिल्ली की एक अदालत में उनके खिलाफ मामला खारिज होने के बावजूद बीसीसीआई ने श्रीसंत पर किसी भी तरह की क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा रखा है। गौरतलब है कि भाजपा ने इससे पहले केरल में अपने 22 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।
भारत घूमने आए 35 पाकिस्तानी राजस्थान से गिरफ्तार
राजस्थान पुलिस ने 35 पाकिस्तानी नागरिकों को जैसलमेर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उनके पास पूरे कागजात नहीं थे। जिसके आधार पर जिले की रामदेवरा थाने की पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी की है।
जानकारी के अनुसार पाकिस्तान से हिंदू श्रद्धालुओं का एक दस्ता मथुरा और हरिद्वार घूमने के लिए आया था। इनके पास मथुरा और हरिद्वार का ही वीजा था, लेकिन ये लोग वहां जाने के बजाय जैसलमेर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
रामदेवरा थाने के एचओ कुशल चन्द्र ने बाया कि इन लोगों के पास मथुरा और हरिद्वार का वीजा था। लेकिन ये लोग वहां जाने की बजाय राजस्थान आ गए। इन लोगों की योजना बाबा रामदेव मंदिर जाने की थी। पुलिस के अनुसार ये लोग पाकिस्तान के मीरपुर और अमरकोट के रहने वाले हैं जो मुनाबाव के रास्ते भारत आए हैं।