न्यूज राउंडअपः सूखे से मिलेगी निजात, तंजील हत्याकांड में फिर अधूरा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूखे से जूझ रहे देशवासियों के लिए अच्छी खबर है, इस वर्ष अच्छा रहेगा मॉनसून। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष बारिश सामान्य से अच्छी रहेगी। मौसम विभाग के डीजी एलएस राठौर ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष जहां मॉनसून 14 फीसद कम रहा था, वहीं इस वर्ष ये छह फीसद ज्यादा रहेगा।
उन्होंने जानकारी दी की मॉनसून के आते ही अलनीनो का प्रभाव कम हो जाएगा। इस वर्ष बारिश 104 से 110 फीसद रहने का अनुमान है। साथ ही उन्होंने बताया कि नॉर्थ ईस्ट में इस वर्ष मॉनसून कम रहेगा जबकि दक्षिण में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि देश में लगातार दो सालों से सामान्य से कम बारिश हुई है। इसका सीधा असर उपज पर पड़ा है। फसल वर्ष 2014-15 (जुलाई से जून) में देश का अनाज उत्पादन घटकर 252.02 मिलियन टन रह गया था, जबकि इससे पिछले वर्ष में यह आंकड़ा 265.04 मिलियन टन था। वर्तमान फसल वर्ष 2015-16 में 253.16 मिलियन टन उत्पादन होने का अनुमान है।
सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस साल सामान्य बारिश होगी। उसने राज्यों को फसल का रकबा और जून से शुरू हो रहे खरीफ सीजन में उत्पादन बढ़ाने की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
केजरीवाल के 21 विधायकों की जा सकती है विधायकी
आम आदमी पार्टी पर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। पार्टी के 21 विधायकों की सदस्यता रद्द हो सकती है जो पार्टी के लिए एक बड़ा झटका होगा। दरअसल सदस्यता रद्द होने का खतरा झेल रहे ये 21 विधायक दिल्ली सरकार के मंत्रियों के संसदीय सचिव हैं। इन्हें पिछले साल ही दिल्ली सरकार ने नियुक्त किया था।
इन विधायकों में अल्का लांबा, आदर्श शास्त्री और जरनैल सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन विधायकों के खिलाफ दिल्ली के एक वकील प्रशांत पटेल ने याचिका दायर की थी।
प्रशांत पटेल ने अपनी शिकायत में यह बात कही है कि ये विधायक लाभ के पद पर बैठे हैं और यह संविधान का उल्लंघन है। इस शिकायत के मद्देनजर चुनाव आयोग ने इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
पिछले महीने जारी नोटिस में चुनाव आयोग ने इन विधायकों से पूछा था कि क्यों न उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जाए। नोटिस का जवाब देने की आखिरी तारीख 11 अप्रैल थी, जो कल ही निकल चुकी है।
तंजील हत्याकांडः दूसरी बार भी पुलिस ने किया आधा-अधूरा खुलासा
तंजील हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार को एक बार फिर वारदात का पर्दाफाश करने का दावा करते हुए कहा कि एनआईए अधिकारी की हत्या मुखबिरी की शक में हुई।
आईजी बरेली रेंज विजय कुमार मीणा ने प्रेस कान्फ्रेंस में वारदात की कड़ियों को सिलसिलेवार जोड़ते हुए बताया कि हत्या को अलीगढ़ में 91 लाख की लूट के आरोपी मुनीर ने अपने साथी रैयान के साथ मिलकर अंजाम दिया।
हालांकि पुलिस का यह खुलासा उस पुरानी थ्योरी पर ही है जो कुछ दिन पहले उसने पहले खुलासे में बयां की थी। तब भी पुलिस ने हत्या के पीछे मुखबिरी और पुरानी रंजिश का दावा किया था, आज भी पुलिस उसी लाइन पर चलती दिखी।
आईजी मीणा ने बताया कि घटना की प्लानिंग लंबे समय से की जा रही थी। वारदात के दिन हत्यारोपी रिहान अपने पिता के साथ उसी शादी में मौजूद रहा था जिसमें एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद दिल्ली से अपने परिवार के साथ शामिल होने आए थे।
सस्पेंड हुआ रिश्वखोर सिपाही, प्रभु ने री-ट्वीट की अमर उजाला की खबर
ट्रेन में सीट दिलाने के नाम पर उगाही करने के आरोप में जीआरपी सिपाही अमित मलिक को निलंबित कर दिया गया है। एसपी जीआरपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर यह कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर जीआरपी ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ अपने ही थाने में केस भी दर्ज कराया है। वीडियो की सत्यता की जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
वीडियो 29/30 मार्च का बांद्रा-देहरादून एक्सप्रेस का बताया जा रहा है। हरियाणा के किसी पुलिसकर्मी ने यह वीडियो व्हॉट्सऐप ग्रुप पर पोस्ट किया है। वीडियो में कांस्टेबल जनरल कोच में यात्रियों से पैसा वसूलता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान किसी यात्री ने उसका वीडियो बना लिया। फेसबुक पर ये वीडियो रामचंद्र यादव नाम के यूजर ने शेयर किया।
मामला एसपी जीआरपी तक पहुंचा तो उन्होंने आरोपी सिपाही अमित को निलंबित कर रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दे दिए। गाजियाबाद जीआरपी प्रभारी पंकज लवानिया की ओर से उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वहीं अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया, जिसका सोशल मीडिया पर भी खासा असर हुआ। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने भी इस खबर को री-ट्वीट किया।
प्रत्यूषा के ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज को मिली सशर्त जमानत
टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी की मौत के मामले में उनके ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह को हाईकोर्ट ने आगामी 18 अप्रैल तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी है। अब वह अस्पताल से सीधे जेल नहीं जाएंगे, बल्कि अस्पताल से छूटकर अपने घर जाएंगे। 18 अप्रैल तक उनकी कोई गिरफ्तारी नहीं होगी।
लेकिन हाईकोर्ट ने उन्हें यह जमानत इस शर्त पर दी है कि अंतरिम जमानत की अवधि (18 अप्रैल) तक वह रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुलिस की जांच पड़ताल में सहायता करेंगे। यानि कि आगे कुछ दिनों में पुलिस रोजाना दो घंटे उनसे पूछताछ करेगी।
उल्लेखनीय है कि राहुल राज इन दिनों अस्पताल में हैं। बीते एक अप्रैल को उनकी गर्लफ्रेंड की मौत के बाद पुलिस के पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी के चलते वह अस्पताल में भर्ती हुए थे।
इसी बीच उन पर प्रत्यूषा के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई। राहुल राज सिंह के वकील ने भी उनका साथ छोड़ दिया। तब अदालत ने राहुल राज सिंह की अग्रिम जमानत की याचिका खारिज कर दी थी। लेकिन मंगलवार को उन्हें 18 अप्रैल तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी गई है।
खुशखबरीः यूपी के इन 11 शहरों में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज
प्रदेश के मेडिकल एजुकेशन में साइलेंट रिवॉल्यूशन चल रहा है। सरकार इस वर्ष 11 नए मेडिकल कालेज खोलने की तैयारी कर रही है। ग्रेटर नोएडा, जौनपुर, चंदौली, नजीबाबाद, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, बस्ती, फैजाबाद के मेडिकल कॉलेज का बजट में प्रावधान कर दिया गया है।
बहराइच के लिए भी शीघ्र ही केंद्र से अप्रूवल मिल जाएगा। इन मेडिकल कॉलेजों के खुलने से प्रदेश में एमबीबीएस की सीटें लगभग तीन हजार हो जाएंगी। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनूप चंद पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट 1600 करोड़ से 3100 करोड़ किया गया है।
साथ ही एसजीपीजीआई के 500 करोड़ के ऋण की गारंटी दी गई है। इससे वहां इमरजेंसी मेडिसिन, रोबोटिक सर्जरी, ट्रांसप्लांट सेंटर जैसी सुविधाएं शुरू होंगी।
एमबीबीएस में 2012 में मेडिकल कॉलेजों में कुल 1140 एमबीबीएस सीटें थीं। चार सालों में ये 1740 हो गई है। बांदा मेडिकल कॉलेज को 100 सीटों की मान्यता जल्दी मिलेगी। बदायूं, ग्रेटर नोएडा और लोहिया इंस्टीट्यूट की 400 सीटें अगले साल बढ़ जाएंगी। इससे संख्या 2140 तक पहुंच जाएगी। आजादी के बाद 75 सालों में प्रदेश में 8 मेडिकल कॉलेज मिले लेकिन इस साल ही 11 मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं।
केशव मौर्या बोले, यहां एक पार्टी परिवारवादी दूसरी जातिवादी
सिर्फ उत्तम प्रदेश का नारा देने से उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश नहीं हो जाएगा। यहां ऐसी सरकार की जरूरत है जो वाकई प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाए यह कहना बीजेपी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य का।
लखनऊ में एक प्रेसवार्ता के दौरान मौर्य ने कहा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुझे ये जिम्मेदारी सौंपी है। मैं 265 से ज्यादा सीटों के लक्ष्य को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए लगना चाहूंगा।
मौर्य ने सपा और बसपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में एक पार्टी परिवारवादी है और दूसरी जातिवादी। बसपा में आपने भ्रष्टाचार देखा और सपा में अत्याचार और विफलता।
बीजेपी अध्यक्ष ने सपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, यूपी सरकार हर मुद्दे पर विफल है। कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और जनता असुरक्षित है।
अजलान शाह हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा
खेल के मैदान पर कड़ी प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाली भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने हुईं और मुकाबला हर बार की तरह इस बार भी कांटेदार रहा। जीत एक बार फिर भारत के हाथ लगी।
अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट के मैच में लगातार दबाव बनाए रखने वाली भारतीय टीम ने शुरुआत में ही बढ़त हासिल कर ली थी और फाइनल हूटर बजने तक अपनी इस बढ़त को 5-1 तक पहुंचा दिया। मैच जीतने के साथ ही भारत एक बार फिर पदक की होड़ में लौट आया है।
भारत की इस टूर्नामेंट के इतिहास में यह उसकी सबसे बड़ी जीत भी है। इस जीत के साथ भारतीय टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है। हालांकि विजेता टीम के खाते में 2 और गोल आ सकते थे, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका।
खेल खत्म होने से 2 मिनट पहले रमनदीप सिंह के दागे गोल को रेफरी ने मानने से इनकार कर दिया। इससे तुरंत पहले भारत को गोल की संख्या 6 तक बढ़ाने का शानदार मौका था जब उसे पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। पहला अंतरराष्ट्रीय खेल रहे मनप्रीत सिंह ने यह पेनाल्टी स्ट्रोक लिया लेकिन गोलकीपर को छकाकर गोल दागने में नाकाम रहे।
एनआईटी के 950 छात्र अपने घरों को रवाना
श्रीनगर एनआईटी से छात्र अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। करीब 950 छात्र एनआईटी कैंपस छोड़कर अपने घरों को रवाना हुए हैं। छात्रों ने कहा कि आगे का कार्यक्रम अब दिल्ली में तय होगा।
एनआईटी कैंपस के भीतर अभी भी तनाव की स्थिति कायम है। छात्रों का कहना है कि उन्हें कोई आश्वासन लिखित रूप से नहीं दिया गया। घर जाने के लिए छात्रों को गेट के बाहर जाकर टैक्सी सुविधा लेने की इजाजत नहीं दी गई।
उनके लिए टैक्सियों को कैंपस के अंदर बुलाया गया। इस बीच सोमवार को एनआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की भी बैठक हुई। जिसमें चल रहे विवाद और छात्रों की मांगों पर विचार विमर्श किया गया। मिली जानकारी के अनुसार बैठक में एनआईटी को शिफ्ट करने करने की छात्रों की मांग को खारिज कर दिया गया।
इसके अलावा यह भी पता लगा है कि छात्रों की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं अब जांच के लिए बाहर भेजी जाएंगी। बाहर से भी कुछ फैकल्टी को यहां बुलाकर पुस्तिकाएं जांचने की भी व्यवस्था की जा सकती है। हालांकि इसकी किसी ने आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।