फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates east west north south northeast india national news in hindi

Updates: मेघालय में दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या; ईडी ने जब्त की 130 करोड़ रुपये से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी

Sat, 04 May 2024 10:45 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: श्वेता महतो Updated Sat, 04 May 2024 10:45 PM IST
विज्ञापन
News and Updates east west north south northeast india national news in hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
लोकसभा चुनाव 2024 और ओडिशा विधानसभा चुनाव 2024 की सरगर्मियों के बीच ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित एक समारोह में विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने कई अहम सवालों पर जवाब दिए। उन्होंने पश्चिम एशिया में इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच ईरानी आक्रामकता के कारण बिगड़ते हालात, पाकिस्तान और आतंकवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों के अलावा हाल में कनाडा से सामने आए बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, पीएम मोदी खाड़ी देशों को बहुत अहमियत देते हैं। शांति बरकरार रखने और व्यापारिक जहाजों की रक्षा के मकसद से 21 भारतीय नौसेना के जहाजों को इस क्षेत्र में तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 90 लाख भारतीय नागरिक खाड़ी क्षेत्र में रहते हैं। उनकी देखभाल करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस्राइल और ईरान के टकराव पर डॉ जयशंकर ने कहा, दोनों देशों के विदेश मंत्रियों से संपर्क के दौरान उन्होंने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पहुंचाया। दोनों देशों को साफ संदेश दिया गया कि उन्हें जिम्मेदारी से काम कर पश्चिम एशिया के हिस्सों में तनाव कम करना चाहिए।
विज्ञापन
विवादित बैंक नोट छपवाने पर नेपाल को साफ संदेश
नेपाल में विवादित भौगोलिक क्षेत्रों को बैंक नोट पर छपवाने से जुड़े एक सवाल पर विदेश मंत्री डॉ जयशंकर ने कहा, 'मैंने वह रिपोर्ट विस्तार से नहीं देखी है, लेकिन मुझे लगता है कि हमारी स्थिति बहुत स्पष्ट है।' उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ स्थापित मंच के माध्यम से भारत लगातार चर्चा करता रहा है। दोनों देशों के बीच सीमा के मामलों के साथ-साथ कई मुद्दों पर बातचीत हो रही है। नेपाल ने अपनी तरफ से कुछ कदम उठाए, लेकिन इससे जमीनी हकीकत बदलने वाली नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

सीबीआई ने NTPC के सीनियर मैनेजर को गिरफ्तार किया
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एनटीपीसी में कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस के एक वरिष्ठ प्रबंधक को बिल पास करने के लिए कथित तौर पर 8 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने एनटीपीसी में कॉर्पोरेट संचार के वरिष्ठ प्रबंधक विजय कुमार को मुंबई में गिरफ्तार किया। विजय पर अवैध रिश्वत लेने के लिए दिल्ली आने का आरोप है। सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक एक विज्ञापन कंपनी के उपाध्यक्ष ने विजय कुमार के खिलाफ लगभग 40 लाख रुपये के बिलों को पारित करने के लिए कथित तौर पर रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।

भारतीय नौसेना ने बढ़ाए मदद के हाथ
अरब सागर में डकैती रोधी अभियानों के लिए तैनात आईएनएस सुमेधा ने एक संकट कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। इसके तहत आईएनएस सुमेधा ने ईरानी एफवी के चालक दल के एक सदस्य के डूबने के मामले में चिकित्सा सहायता प्रदान की। बता दें कि इस चालक दल में 20 पाकिस्तानी भी मौजूद थे। 

लड़की की निजी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने पर लड़का गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे में एक 13 वर्षीय लड़की की निजी तस्वीरें इंटरनेट पर साझा करने के आरोप में 21 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी लड़के को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित कुमार के तौर पर की गई है, जो मूल रूप से बिहार के सारण का रहने वाला है।

आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए नबालिग से दोस्ती की और फिर लड़की से उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। जब लड़की ने आरोपी से सोशल मीडिया पर बातचीत जारी रखने से इनकार कर दिया, तो उसने (आरोपी ने) लड़की की उन तस्वीरों को इंटरनेट पर डाल दिया। लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विभिन्न सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए लड़के को देहरादून से पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि लड़का आदतन अपराधी है, इससे पहले भी वह कई लड़कियों के साथ ऐसा कर चुका है। 

महाराष्ट्र में टेंपो को टक्कर मारने के बाद नदी में गिरा टैंकर, चार की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे में मालशेज घाट पर दूध ले जा रहे एक टैंकर टेंपो से टकराकर नदी में गिर गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को देर रात करीब दो बजे कल्याण-नगर मार्ग पर बोरान्डे गांव के पास घटी। उन्होंने बताया कि टैंकर ने टेंपो को टक्कर मारी और फिर नदी में गिर गया। टैंकर में यात्रा कर रहे एक दंपति, उसके चालक और टेम्पो के चालक की मौत हो गई। इस हादसे में दंपति के चार साल का बेटा बच गया। 

यूट्यूबर सवुक्कू शंकर गिरफ्तार

यूट्यूबर सवुक्कू शंकर को कोयंबटूर सिटी पुलिस साइबर क्राइम ब्रांच ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध के लिए गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294(बी), 509 और 353, तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की धारा चार और आई एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

तमिलनाडु में कांग्रेस नेता का अधजला शव बरामद; विपक्ष हमलावर

तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में शनिवार को एक जिला कांग्रेस नेता का शव मिला है। पुलिस ने बताया कि नेता का नाम केपीके जयकुमार धनसिंह है। धनसिंह कांग्रेस की तिरुनेलवेली (पूर्व) इकाई के प्रमुख थे।  उनका आधा जला हुआ शव उनके खेत में मिला है। विपक्षी पद अन्नाद्रमुक के महासचिव पलानीस्वामी ने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के नेता के साथ हुई ऐसी घटना इस बात का सबूत है कि तमिलनाडु में 'कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने दावा किया कि धनसिंह ने खुद की जान को खतरा बताया। इसके बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। बता दें, हाल ही में उन्होंने कहा था कि उनकी जान को खतरा है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है। टीएनसीसी प्रमुख के सेल्वापेरुन्थागई ने शोक व्यक्त किया है। 

50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के विदेशी-भारतीय मुद्रा का तस्कर गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय ने खूफिया जानकारी के आधार पर 29 अप्रैल को बैंकॉक जा रहे एक यात्री को गिरफ्तार कर लिया। युवक पर आरोप है कि वह कथित तौर पर 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के विदेशी और भारतीय मुद्रा नोटों की तस्करी का प्रयास कर रहा था। डीआरआई अधिकारियों की मानें तो यात्री के हाथ के सामान की जांच की तो उसमें से 49.82 लाख रुपये के बराबर मूल्य की मिश्रित विदेशी मुद्रा और 45,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामत हुई।

 

'कल्लाक्कडल' रेड अलर्ट को किया गया संशोधित
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र ने केरल के तटीय इलाकों और दक्षिण तमिलनाडु तट में 'कल्लाक्कदल' के लिए जारी 'रेड अलर्ट' को वापस ले लिया। शनिवार को अलर्ट को संशोधित करते हुए इसे 'ऑरेंज अलर्ट' कर दिया है। 'कल्लाक्कडल' समुद्र में अचानक उछाल आने की घटना है, जिससे तटीय क्षेत्रों में तेज लहरें उठती हैं।
 

मंगलुरू एयरपोर्ट की बढ़ाई सुरक्षा
मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एमआईए) पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बताया कि हवाईअड्डे के अधिकारियों को बम की आशंका के बारे में एक ईमेल मिला था। 29 अप्रैल को मिली धमकी के बाद सीआईएसएफ और पुलिस ने हवाईअड्डे पर कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कर दी है। 
 

नागपुर में प्रमिका ने प्रेमी पर फेंका तेजाब
महाराष्ट्र के नागपुर में प्रेमी पर कथित तौर पर तेजाब फेंकने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित गणेश लक्ष्मण भोयर (29) को गंभीर चोटें आईं हैं। उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि भोयर आरोपी महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। लेकिन पीड़िता की शराब की लत और उसकी सहेलियों का लगातार घर आना पीड़ित को पसंद नहीं था। इसी वजह से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई। शिकायत के आधार पर आरोपी महिला सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मेघालय में पीट-पीट कर हत्या
मेघालय के पूर्वी पश्चिम खासी हिल्स जिले में दो लोगों को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया। दोनों मृतकों पर 18 साल की महिला के साथ दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार की है। महिला का आरोप है कि वह अपने घर में थी, जब दो लोग चाकू लेकर उसके घर पहुंच गए। उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला की चीख सुनकर आस पास के लोग इक्ट्ठे हुए और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि भीड़ ने उनके साथ मारपीट की। एक की मौत तिरोट सिंग मेमोरियल सिविल अस्पताल में हुई, जबकि दूसरे ने शिलांग सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
 

कोडरमा में राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आया लोको पायलट
झारखंड के कोडरमा में शनिवार सुबह एक लोको पायलट ट्रैक पार करते वक्त नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। घटना धनबाद रेल मंडल के गझंडी स्टेशन के पास हुई। लोकोपायलट का नाम पंकज कुमार सिंह है, जो बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं। 

 

मुंबई पुलिस के 'ऑपरेशन ऑल आउट' के दौरान कई लोग गिरफ्तार
मुंबई पुलिस के "ऑपरेशन ऑल आउट" के बाद शुक्रवार रात सैकड़ों लोगों को पकड़ा गया। एक अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन के तहत 13 पुलिस उपायुक्तों, 41 एसीपी और पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में महानगर के पांच क्षेत्रों में जुए के अड्डों, अवैध शराब की दुकानों, होटलों और लॉज आदि पर छापेमारी की गई। इस दौरान, आठ भगोड़ों, 53 लोग, जिनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए, उन्हें गिरफ्तार किया गया। 49 लोगों के खिलाफ अवैध हथियारों के लिए कार्रवाई की गई। वहीं, दो को हथियार के साथ पकड़ा गया। 62 लोगों को शहर की सीमा से पकड़ा गया। पांच लोगों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत पकड़ा गया। 24 जुआ और शराब अड्डों पर छापेमारी की गई, जहां से 30 लोगों की गिरफ्तारी हुई। 154 फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 111 स्थानों पर सड़क नाकाबंदी की गई और इस दौरान 2440 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। नशे में गाड़ी चलाने के लिए 77 लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। 

 

सीपीएम के खिलाफ व्हाट्सएप संदेश के लिए आईयूएमएल कार्यकर्ता पर मामला दर्ज
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के एक कार्यकर्ता पर यहां सीपीएम के खिलाफ आपत्तिजनक संदेश प्रचारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पार्टी के स्थानीय नेता के जयराजन मास्टर की शिकायत के आधार पर चंपद के रहने वाले निन्किलेरी मुस्तफा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामला 2 मई को दर्ज किया गया था और इसका विवरण आज सामने आया।

 

केरल में युवा कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के खिलाफ काले झंडे लहराए
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के काफिले के साथ काले झंडे लहराए। उन्होंने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बोस के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और उन्हें इलाके से हटा दिया। विरोध राजभवन कर्मी द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों के कारण किए गए। 
 

वफादारी पर शक होने पर पति ने पत्नी का गला काट दिया, गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चरित्र संदेह में अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी थी। घटना शनिवार दोपहर दोपहर शंकरवाड़ी इलाके की है। आरोपी की पहचान श्रवण रावत के रूप में हुई है। हत्या के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, उन्होंने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले में आरोपी पति की तलाश की गई और उसे मालवणी इलाके से गिरफ्तार किया गया। 

 

ईडी की कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने 130 करोड़ रुपये से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी जब्त की है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुरोध पर शुरू की गई मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने उत्तराखंड से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी परविंदर सिंह को तलाशी के बाद 27 अप्रैल को नैनीताल जिले के हलद्वानी से हिरासत में लिया गया। एजेंसी ने कहा कि अमेरिकी अधिकारी पहले ही हजारों करोड़ रुपये मूल्य के बिटकॉइन जब्त कर चुके हैं।

 

केरल के मुख्यमंत्री ने जारी किए निर्देश
केरल के स्कूलों में तीन जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक वर्ष के मद्देनजर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शनिवार को निर्देश जारी किए। निर्देश में नशीली दवाओं के खिलाफ गतिविधियां शामिल हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि शिक्षण संस्थान छात्रों के लिए सुरक्षित हो।
 

ठाणे जिले में व्यक्ति को धमकी देकर पैसे वसूलने के आरोप में महिला गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भयंदर से एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला पर एक युवक को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर धोखाधड़ी करने और पैसे ऐंठने का आरोप है। पुलिस ने गुरुवार को शिकायत के आधार पर संध्या गजानन अदाटे को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित एक 1 मई को शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा था। क्या महिला आदतन अपराधी है, इसकी जांच की जा रही है।

यूट्यूबर सवुक्कू शंकर गरिफ्तार
तमिलनाडु में यूट्यूबर सवुक्कू शंकर को कोयंबटूर कोर्ट ने 17 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सवुक्कू को कोयंबटूर सिटी पुलिस साइबर अपराध शाखा ने निम्नलिखित विभिन्न धाराओं मे पकड़ा है।



 

झारखंड: नामांकन दाखिल करने के बाद लोकसभा चुनाव प्रत्याशी गिरफ्तार

झारखंड की राजधानी रांची में नामांकन दाखिल करने के बाद लोकसभा चुनाव प्रत्याशी समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि झारखंड भासा खतियानी संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) के देवेंद्र नाथ महतो को सरकार के खिलाफ आंदोलन के दौरान 2021 में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी के बाद महतो ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, झामुमो और भाजपा मिलकर, उनके खिलाफ अपनी शक्तियों का 'दुरुपयोग' कर रही हैं।

हिरासत में मौत मामला: CBI की गिरफ्त में केरल के चार पुलिसकर्मी

सीबीआई ने केरल के तनूर में चार सिविल पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन लोगों पर पिछले साल अगस्त में सिंथेटिक ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति को यातना देकर मारने का आरोप है। शनिवार को सूत्रों ने बताया कि हिरासत में मौत के बाद निलंबित चल रहे चार सीपीओ को सीबीआई अधिकारियों ने उनके आवासों से गिरफ्तार किया। चारों को एर्नाकुलम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। चारों आरोपी एर्नाकुलम जिले के कक्कनाड उप जेल में भेजे गए हैं। बता दें कि पिछले साल 1 अगस्त को पुलिस ने कथित तौर पर एक गुप्त सूचना के आधार पर सिंथेटिक ड्रग्स रखने के संदेह में पांच युवाओं को गिरफ्तार किया था।

झारखंड दौरे पर पीएम मोदी के आक्रामक तेवर

झारखंड में चुनाव प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिसई और पलामू में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने भ्रष्ट ताकतों को बेनकाब कर दिया है। भ्रष्टाचार में लिप्त एक भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। अगले पांच वर्षों में उसे कानून के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। जेल में बंद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस व इंडी गठबंधन के नेता भ्रष्टाचारियों के समर्थन में रैलियां निकालते हैं।

गुमला के सिसई की रैली में मोदी ने कहा, झारखंड के पूर्व सीएम भ्रष्टाचार के आरोप में सलाखों के पीछे हैं। मोदी इस खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबे इंडी गठबंधन के नेता भ्रष्ट लोगों के समर्थन में दिल्ली व रांची समेत कई जगहों पर रैलियां करते हैं, जिससे उनके असली चरित्र का पता चलता है। मोदी ने आदिवासी जिलों के पिछड़ेपन के लिए भी कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। कहा, सोनिया गांधी-मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का शाही शासन अनाज को गोदामों में बंद करके सड़ने के लिए छोड़ देता था, जबकि आदिवासी बच्चों की भूख से जान चली जाती थी। अब धरती पर कोई ताकत नहीं, जो गरीबों को मुफ्त राशन बांटने से रोक सके। ये मोदी की गारंटी है।

गृह मंत्री शाह ने AAP को बताया 'अर्बन नक्सल पार्टी'; माओवादी खतरे का भी जिक्र किया

गुजरात में चुनाव प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी को अर्बन नक्सल करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर वलसाड लोकसभा सीट से विपक्षी उम्मीदवार जीतता है तो क्षेत्र में माओवादी खतरा अपना सिर उठाएगा। बता दें कि गुजरात में कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी वलसाड की वंसदा (एसटी) सीट से कांग्रेस विधायक अनंत पटेल का समर्थन कर रही है। भाजपा उम्मीदवार धवल पटेल के समर्थन में आयोजित रैली में शाह ने कहा, कांग्रेस और अर्बन नक्सल पार्टी- आप इस आदिवासी क्षेत्र की शांति को भंग करने के लिए एक साथ आए हैं। 

आयकर अधिकारी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया, घूसखोरी के आरोप

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई में आयकर अधिकारी को गिरफ्तार किया। अधिकारी पर कथित तौर पर 4 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। शनिवार को सीबीआई ने आधिकारिक बयान में कहा, आरोपी को 2 मई को गिरफ्तार किया गया। सीबीआई ने मुंबई में ही आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसरों की तलाशी के बाद कार्रवाई की। 15 लाख रुपये नकद, सोने के गहने समेत अचल और चल संपत्तियों में निवेश से संबंधित कागजात बरामद हुए। सीबीआई के मुताबिक आरोपी वार्ड-(2)(1)(1), एयर इंडिया बिल्डिंग, नरीमन प्वाइंट, मुंबई इलाके का आयकर अधिकारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed