Updates: एचएस धालीवाल अंडमान और निकोबार के नए DGP बनें; तेलंगाना में एक गोदाम में लगी आग, 10 लाख का नुकसान
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने सोमवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में पदभार ग्रहण किया।
1997 बैच के अधिकारी धालीवाल अपने अंतिम कार्यभार में ट्रैफिक जोन- II के प्रभारी विशेष पुलिस आयुक्त थे। मीडिया से बात करते हुए धालीवाल ने बताया, ‘मेरा प्राथमिक काम अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लोगों की सेवा करना और युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना होगा।’
त्रिपुरा में मंदिर की मूर्ति खंडित करने पर उपद्रवियों ने 12 घर फूंके
पश्चिमी त्रिपुरा के रानीरबाजार इलाके में एक मंदिर की मूर्ति खंडित पाए जाने पर उपद्रवियों ने 12 घरों को फूंक दिया और कुछ वाहनों में आग लगा दी। कैतुरबाड़ी में रविवार देर रात हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया।
एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने जिरानिया उपखंड में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। सहायक महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अनंत दास ने बताया कि कैतुरबाड़ी के मंदिर में कालिका मैया की मूर्ति खंडित पाए जाने बाद हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस महानिदेशक (खुफिया) अनुराग धनखड़ और पश्चिमी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने क्षेत्र का दौरा किया है।
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) के अनुसार, दवा निर्माता अरबिंदो फार्मा, ग्लेनमार्क और एफडीसी विनिर्माण संबंधी समस्याओं के कारण अमेरिका में अपने उत्पादों को वापस ले रही हैं। हैदराबाद स्थित दवा कंपनी की इकाई अरबिंदो फार्मा यूएसए इंक दर्द निवारक दवा हेल्दी लिविंग एसिटामिनोफेन, एस्पिरिन (एनएसएआईडी) और कैफीन की गोलियों की 240 बोतलें वापस ले चुकी है।
यूएसएफडीए की नवीनतम प्रवर्तन रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ‘लेबल गायब’ होने के कारण प्रभावित लॉट को वापस लिया है। अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक ने कहा कि कुछ बोतलों पर निर्माता का लेबल नहीं है, जिसमें दवा के बारे में तथ्यात्मक जानकारी शामिल है। यूएसएफडीए की रिपोर्ट में कहा गया है कि महाराष्ट्र स्थित दवा निर्माता एफडीसी लिमिटेड ‘दोषपूर्ण कंटेनर’ के कारण टिमोलोल मैलेट ऑप्थेल्मिक सॉल्यूशन यूएसपी की 1,76,784 बोतलें वापस मंगा रही है। दरअसल, मरीज बोतल से सॉल्यूशन नहीं निकाल पा रहे हैं, क्योंकि ढक्कन का स्पाइक बोतल के नोजल में फंस गया है।
तेलंगाना के वारंगल में एक गोदाम में आग लगी
तेलंगाना के वारंगल में एक गोदाम में आग लग गई। मौके पर मौजूद दमकल की गाड़ियां। किसी के हताहत होने की खबर नहीं।वारंगल के जिला अग्निशमन अधिकारी श्रीधर ने कहा, 'आज तड़के चार बजकर 29 मिनट पर हमें आग लगने की घटना के बारे में जानकारी मिली। हमने तुरंत वाहन को भेजा और स्थिति का आकलन करने के बाद हमने तीन अन्य फायर वाहनों को बुलाया।आग बुझाने में हमें तीन घंटे लगे। आग ने दो दुकानों एक पुरानी फर्नीचर की दुकान और पीछे एक गोदाम की दुकान को प्रभावित किया।। आग अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। हमें संदेह है कि इसका कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट था। आग से लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।'
त्रिपुरा में पांच बांग्लादेशी श्रमिक गिरफ्तार
पश्चिमी त्रिपुरा में एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे बांग्लादेशी श्रमिकों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस थाने के प्रभारी सुकांत देब ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बांग्लादेशी श्रमिक अवैध रूप से काम कर रहे हैं। इस पर अगरतला के बाहरी इलाके नंदन नगर से पांच श्रमिकों को गिरफ्तार किया गया। इनकी मदद करने के आरोप में एक स्थानीय व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी बांग्लादेशी नागरिकों को अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच चल रही है।