Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 8 Nov Bengal CM Suvendu first Diwali Rajasthan foreigner death north east west south news

न्यूज अपडेट्स: बंगाल में BSF जवानों संग दिवाली मनाएंगे CM; जयपुर में रोमानियाई महिला की संदिग्ध हालात में मौत

Sun, 08 Nov 2026 02:49 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 08 Nov 2026 02:49 PM IST
विज्ञापन
National Updates 8 Nov Bengal CM Suvendu first Diwali Rajasthan foreigner death north east west south news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी रविवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। वह उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज स्थित एक सीमा चौकी पर जाएंगे। अधिकारी ने बताया कि वह पुलिस महानिदेशक सिद्धार्थ नाथ गुप्ता के साथ जवानों को शुभकामनाएं देंगे। शनिवार को कोलकाता में उन्होंने कहा कि यह दौरा सुरक्षाकर्मियों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर करने पर काम कर रही है। उन्होंने राज्य और केंद्र के बीच सीमा सुरक्षा पर बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में बीएसएफ और पुलिस के संबंधों को मजबूत करने के लिए कई बैठकें हुई हैं। उनका यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परंपरा का अनुसरण करता है, जो सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाते हैं।

विज्ञापन


केरलम में लॉरी की टक्कर से 11 साल के बच्चे की मौत
केरलम के अलुवा के पास रविवार को एक सड़क हादसे में 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान एक लॉरी (माल ढोने वाला ट्रक) ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन


मृतक की पहचान अमानुल हारिस के रूप में हुई है। वह रफीक का बेटा था। उसका परिवार कडुंगलूर के पनायिकुलम में रहता है।  बिनानिपुरम पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9:35 बजे हुआ। 
विज्ञापन
विज्ञापन


यह दुर्घटना ओंजिथोडे ब्रिज पर हुई।उस समय बच्चा ट्यूशन क्लास से घर लौट रहा था। प्रिजू नाम का व्यक्ति लॉरी चला रहा था। वह अलुवा की तरफ से आ रहा था। लॉरी उसी दिशा में जा रही बच्चे की साइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर जा गिरा। उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घायल बच्चे को अलुवा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लॉरी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा गैर-इरादतन हत्या से जुड़े अपराध के लिए है, जो हत्या की श्रेणी में नहीं आता।

असम के कामरूप में 15 किलो से ज्यादा गांजा बरामद 
असम के कामरूप जिले में पुलिस ने 15 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

रंगिया के को-जिला पुलिस अधीक्षक ध्रुवज्योति नाथ ने बताया कि पुलिस को गांजे की खेप की तस्करी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार शाम इलाके में जांच चौकी लगाई। इस दौरान एक गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेने पर तीन पैकेट में रखा 15.04 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस अधिकारी ने कहा, एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। 


'नोटबंदी' ने अर्थव्यवस्था बर्बाद की, 'वोटबंदी' लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही: कांग्रेस
कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि 'नोटबंदी' ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। वहीं, 'वोटबंदी' देश की राजनीतिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही है। कांग्रेस ने कहा कि ये दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान हैं।

कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक मीडिया रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया। इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि साल 2016 में नोटबंदी एक बड़ी आपदा साबित हुई थी। इसके 10 साल बाद भी यह पूरी तरह असफल साबित हुई है।

जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में कहा, नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। वोटबंदी राजनीतिक व्यवस्था को नष्ट कर रही है। ये दोनों प्रधानमंत्री के योगदान हैं।

आज ही के दिन यानी 8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने 500 और 1,000 रुपये के बड़े नोटों को बंद करने का एलान किया था। इसी फैसले को नोटबंदी कहा गया।

रोमानियाई महिला की संदिग्ध हालात में मौत, राजस्थान घूमने के दौरान हार्ट अटैक का संदेह 

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में 30 साल की रोमानियाई महिला पर्यटक करीना की रहस्यमय हालात में मौत हो गई। नवलगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक सुगन सिंह के मुताबिक, करीना ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी। वह 30 लोगों के एक समूह के साथ चार नवंबर को भारत आई थी। यह समूह शुक्रवार रात अजीतगढ़ के एक होटल में रुका था। शनिवार सुबह 9 बजे करीना ने  दोस्तों को सांस लेने में बेहद तकलीफ होने की बात कही। वे उसे मुकुंदगढ़ के एक अस्पताल ले गए। यहां से उसे नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस   पर्यटक समूह के सदस्यों व होटल के कर्मचारियों से जानकारी जुटा रही है, ताकि महिला की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।ृ

पटाखा दुकान में आग लगने से सात घायल

तमिलनाडु के कुड्डालोर में पनरुति तालुक के एक गांव में शाम को एक पटाखा दुकान में आग लग गई। इस घटना में सात लोग घायल हो गए। जिला कलेक्टर सिबी आदित्य सेंथिलकुमार ने बताया कि दो लोग 80 फीसदी से अधिक जल गए हैं। उन्हें चेन्नई के किलपॉक बर्न्स यूनिट भेजा जाएगा।

Trending Videos

डीपीडीपी कानून के दायरे में नहीं आते पत्रकार व न्यूजरूम
डिजिटल पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन (डीपीडीपी) एक्ट के तहत पत्रकार और समाचार संगठन डाटा फिड्यूशियरी की परिभाषा में नहीं आते हैं, इसलिए इस कानून के प्रावधान उन पर लागू नहीं होते। सरकार ने यह स्पष्टीकरण उन चिंताओं को दूर करने के लिए दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि यह कानून प्रेस की स्वतंत्रता और खोजी पत्रकारिता को सीमित कर सकता है। सूत्रों के अनुसार, डाटा फिड्यूशियरी की परिभाषा स्पष्ट और उचित है। इसमें बैंक, बीमा कंपनियां, टेलीकॉम ऑपरेटर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसी संस्थाएं शामिल हैं, जो लोगों का व्यक्तिगत डाटा इकट्ठा करती हैं और उस पर काम करती हैं।

बंगाल में 2027 से दिया जाएगा 'सीमा मित्र' पुरस्कार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को 'सीमा मित्र' पुरस्कार शुरू करने का एलान किया। यह पुरस्कार 2027 से सीमा की सुरक्षा और देश की रक्षा में बेहतर काम करने वाले बीएसएफ, एसएसबी और पश्चिम बंगाल पुलिस के जवानों को दिया जाएगा। पुरस्कार पाने वालों का चयन करने के लिए एक समिति भी बनाई जाएगी।

अधिकारी ने उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज में बीएसएफ जवानों से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की। वह दिवाली और काली पूजा के मौके पर जवानों को शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवानों के प्रति गलत व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसके लिए जवानों से माफी भी मांगी।

अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी की पिछली सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर करीब 600 किलोमीटर क्षेत्र में बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जरूरी जमीन नहीं दी थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक जमीन बीएसएफ को सौंप दी गई।

केरल हाईकोर्ट का आदेश: अयप्पा मंदिर के पास NH-744 से हटाएं अवैध कब्जे, पार्किंग पर भी रोक
केरल हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग-744 पर आर्यनकावु श्री धर्मशास्ता मंदिर के पास अवैध कब्जे और गलत तरीके से की गई पार्किंग हटाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), पुलिस और कोल्लम जिला प्रशासन को मिलकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

जस्टिस राजा विजयराघव और जस्टिस केवी जयकुमार की पीठ ने कहा कि मंदिर तक जाने वाली सड़क को सुरक्षित और यातायात के लिए बेहतर बनाए रखना जरूरी है। खासकर सबरीमाला यात्रा का मौसम शुरू होने से पहले इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। कोर्ट ने अधिकारियों से कहा कि सड़क के किनारे से सभी अवैध कब्जे हटाए जाएं और वहां वाहनों की गलत पार्किंग न होने दी जाए। सड़क के किनारों को भी बाधाओं से मुक्त रखा जाए। कोर्ट ने कहा कि सबरीमाला यात्रा के दौरान इस रास्ते पर श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाना बेहद महत्वपूर्ण है।

यह मामला सबरीमाला के विशेष आयुक्त की रिपोर्ट के बाद हाईकोर्ट ने खुद शुरू किया था। रिपोर्ट में मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर अवैध कब्जे की बात कही गई थी। सुनवाई के दौरान पुलिस ने बताया कि उसने इस मुद्दे को कोल्लम के जिला कलेक्टर के सामने उठाया है।

मिसाल : पक्षियों की सुरक्षा के लिए बिना पटाखों वाली दिवाली
तमिलनाडुु के इरोड जिले में वेल्लोड पक्षी अभयारण्य के पास स्थित दर्जनभर से अधिक गांवों ने मिसाल पेश की है। यहां के लोगों ने लगातार 20वें वर्ष बिना पटाखों के दीपावली मनाई। ग्रामीणों का यह कदम हजारों प्रवासी पक्षियों के प्रजनन काल को शांतिपूर्ण बनाने के लिए उठाया गया है। मेट्टुपलायम, पुंगमबाडी और एल्लापलायम समेत अन्य गांवों के अनुसार, वे खुशी-खुशी पटाखों का त्याग करते हैं, ताकि पक्षी डरे नहीं और सुरक्षित रह सकें। स्थानीय निवासी कल्पना कहती हैं, हम नए कपड़े पहनकर व पारंपरिक मिठाइयां बनाकर खुशियों के साथ दिवाली मनाते हैं। 

अभिव्यक्ति की आजादी मर्यादा में रहे, महिला सम्मान पर सियासत नहीं
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के मुद्दे पर राजनीतिक मतभेद आड़े नहीं आने चाहिए। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) सभी राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करता है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिला कल्याण हर सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें दलगत राजनीति की जगह नहीं होनी चाहिए। साथ ही, अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना भी स्वीकार्य नहीं है। पीटीआई को दिए विशेष साक्षात्कार में रहाटकर ने कहा कि केंद्र हो या राज्य, किसी भी दल की सरकार हो, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए सभी को साथ आना चाहिए। आयोग खुले मन से सभी सरकारों और संबंधित पक्षों के साथ संवाद करता है। महिला कल्याण के लिए मिलकर काम करना जरूरी है। 

अपनों को खोने के बाद श्रुति ने शुरू की नई जिंदगी
वर्ष 2024 में वायनाड भूस्खलन में माता-पिता और बहन समेत परिवार के नौ सदस्यों को खोने वाली श्रुति ने शनिवार को संदीप के साथ विवाह कर नई शुरुआत की। दोनों ने गुरुवायूर के श्रीकृष्ण मंदिर में सात फेरे लिए। श्रुति के मंगेतर जेनसन की भी बाद में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में श्रुति भी घायल हुई थीं। भूस्खलन में घर तबाह होने के बाद राज्य सरकार ने उन्हें राजस्व विभाग में लिपिक की नौकरी दी। संदीप सरकारी कर्मचारी हैं। श्रुति ने कहा कि संदीप ने उनके जीवन की परिस्थितियां जानने के बाद भी उन्हें अपनाया है।

मेडिकल तकनीशियन बन चार वेंटिलेटर चुराए, दो गिरफ्तार
तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित सरकारी राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) से चार वेंटिलेटर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मेडिकल तकनीशियन बनकर अस्पताल में घुसे थे और दूसरे तल पर मरीजों के वार्ड से उपकरण चुरा ले गए थे। पुलिस के अनुसार, चोरी के उपकरण महाराष्ट्र से हैदराबाद ले जाते समय पकड़े गए। गिरोह के एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने निजामाबाद और महाराष्ट्र के सरकारी अस्पतालों से चोरी की गई मेडिकल मशीनें भी बरामद की हैं।

सिलीगुड़ी में मंत्री ने बुलडोजर चलाकर नष्ट किए संशोधित साइलेंसर

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में राज्य सरकार के मंत्री डॉ. शंकर घोष ने अवैध रूप से मोटरसाइकिल के साइलेंसरों में बदलाव के खिलाफ कार्रवाई की। मैनुअल तरीके से मोडिफाई कराए गए साइलेंसर को नष्ट करने के लिए बुलडोजर चलाया गया। यह कार्रवाई सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस द्वारा आयोजित एक बड़े पैमाने पर विनाश अभियान का हिस्सा थी। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और इसके हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। ये साइलेंसर सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने जब्त किए थे। राज्य मंत्री डॉ. घोष को बुलडोजर से साइलेंसर को कुचलते देखा गया। उन्होंने कहा कि यह एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम है। उन्होंने संदेश दिया कि ऐसे संशोधित साइलेंसरों का उपयोग न करें, जो ध्वनि प्रदूषण पैदा करते हैं। डॉ. घोष ने बताया कि दिवाली और काली पूजा की पूर्व संध्या पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका लक्ष्य ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए एक मजबूत संदेश देना है।

कर्नाटक में महंगाई के खिलाफ 11 नवंबर को प्रदर्शन करेगी भाजपा, फ्रीडम पार्क में जुटेंगे नेता
कर्नाटक में बढ़ती महंगाई और कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा 11 नवंबर को राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगी। पार्टी बुधवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शन करेगी। इसमें भाजपा के सभी विधायक, सांसद, विधान परिषद सदस्य और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने रविवार को कहा कि कांग्रेस सरकार ने कीमतें बढ़ाकर गरीबों और आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने दूध और डेयरी उत्पादों के साथ बस किराये में बढ़ोतरी को लेकर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर निशाना साधा। विजयेंद्र ने सरकार से इन फैसलों को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि फ्रीडम पार्क के प्रदर्शन के बाद भाजपा सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी आंदोलन करेगी। विजयेंद्र ने सरकार पर विकास कार्यों के लिए कंपनियों के सीएसआर फंड पर निर्भर रहने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे राज्य की खराब आर्थिक स्थिति का संकेत बताया।

कोच्चि में दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर की तलाश तेज, पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस
केरल के कोच्चि में दुष्कर्म के मामले में आरोपी डॉक्टर जॉनसन वर्गीज की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने रविवार को उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया। डॉक्टर शुक्रवार से फरार है। पुलिस को आशंका है कि वह देश छोड़कर भाग सकता है। इसलिए उसकी विदेश यात्रा रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बनाया। डॉक्टर के दो मोबाइल फोन की जांच में कई महिलाओं के साथ अंतरंग पलों के वीडियो और तस्वीरें मिली हैं। इससे पहले डॉक्टर ने मलयालम अभिनेत्री अतुल्या चंद्रन, बिबिन पेरुमपल्ली और उनके एक दोस्त पर मारपीट और मोबाइल फोन सहित करीब 3.25 लाख रुपये का सामान लूटने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया था। अदालत ने शनिवार को उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed