न्यूज अपडेट: इसरो प्रमुख ने तमिलनाडु के सीएम विजय से की मुलाकात; हैदराबाद के होटल में अमेरिकी नागरिक मृत मिला
कर्नाटक के कुक्के सुब्रमण्य में एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है, जहां परेशानियों से तंग आकर कुमारधारा नदी में आत्महत्या के लिए कूदी एक महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। हमले के बाद महिला ने जान बचाने के लिए चीखना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात की इस घटना में महिला अपनी जीवनलीला समाप्त करने के इरादे से नदी में कूदी थी, तभी पानी में एक मगरमच्छ ने उसे काट लिया। मगरमच्छ के हमले से घबराकर महिला जोर-जोर से मदद की गुहार लगाने लगी। पास के एक लॉज के कर्मचारियों ने उसकी चीखें सुनीं और तुरंत सुब्रमण्य पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में फंसी महिला को बाहर निकाला। उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। काउंसलिंग के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुरोध पर महिला की पहचान गुप्त रखी गई है।
सीएम विजय और जगन रेड्डी के कटआउट हटाए गए, शादी समारोह में हुई मुलाकात
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के एमआरसी नगर में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के विशाल कटआउट हटा दिए गए। नगर निगम कर्मचारियों ने यह कार्रवाई की। एक बयान के मुताबिक ये कटआउट सार्वजनिक स्थानों पर बाधा डाल रहे थे और राज्य की नीति का उल्लंघन कर रहे थे। वाईएसआरसीपी समर्थकों ने जगन मोहन रेड्डी के पारिवारिक विवाह समारोह के स्वागत के लिए ये कटआउट लगाए थे। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन (जीसीसी) ने सख्त कानूनों का उल्लंघन करने पर इन्हें हटाया। बाद में शाम को, मुख्यमंत्री विजय ने एक निजी होटल में वाई एस अनिल रेड्डी की बेटी श्रेया के भव्य विवाह समारोह में भाग लिया। इस उच्च-स्तरीय कार्यक्रम में जगन मोहन रेड्डी, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव, अभिनेत्री तृषा, उद्योगपति गौतम अदाणी समेत कई प्रमुख राजनीतिक व कारोबारी हस्तियां शरीक हुईं।
हैदराबाद स्थित केंद्रीय कारगृह में विविध लैंगिक पहचान और अभिव्यक्ति वाले बंदियों के लिए एक 'जेंडर-न्यूट्रल सेल' बनाया गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के हस्तक्षेप के बाद जेल प्रशासन ने यह कदम उठाया है। एनएचआरसी के अनुसार, ट्रांसजेंडर और एलजीबीटीक्यू+ समुदाय के अधिकारों से जुड़े मामलों के विशेष मॉनिटर ने 8 अक्तूबर को जेल का दौरा किया था। इस दौरान ट्रांसजेंडर कैदियों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और एनएचआरसी के दिशा-निर्देशों को लागू करने पर जोर दिया गया था। हैदराबाद सेंट्रल जेल के अधीक्षक ने अनुपालन रिपोर्ट में आयोग को सूचित किया कि सिफारिशों के आधार पर जेंडर-न्यूट्रल सेल बना दिया गया है। इसके साथ ही इस वार्ड में रखे जाने वाले बंदियों को उनकी पसंद के अनुरूप कपड़े पहनने की भी अनुमति दी गई है।
तेलंगाना सरकार ने बृहस्पतिवार को कच्चे अंडों से बनी मेयोनेज के उत्पादन, बिक्री और भंडारण पर लगी रोक को 30 अक्तूबर से एक साल के लिए और बढ़ा दिया है। तेलंगाना खाद्य एवं आवश्यक औषधि मानक प्राधिकरण आयुक्त के जारी एक बयान में कहा है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, तेलंगाना के खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने पूरे राज्य में कच्चे अंडों से बनी मेयोनेज के उत्पादन, बिक्री और भंडारण पर 30 अक्तूबर से तत्काल प्रभाव से एक साल के लिए रोक लगाने का आदेश जारी किया है। मेयोनेज (या मेयो) अंडे की जर्दी और तेल को मिलाकर बनाया जाने वाला एक गाढ़ा, क्रीमी सॉस है। इसमें अक्सर सिरका या नींबू का रस मिलाकर स्वाद दिया जाता है।
त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले के मामले में आठ और गिरफ्तार, अब तक 18 लोग पकड़े गए
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में BSF जवानों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने आठ और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 18 हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार, 2 नवंबर को अशाबाड़ी सीमा चौकी के पास हुई थी। कुछ ग्रामीणों ने तस्करी के शक में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने का विरोध करते हुए BSF जवानों पर हमला कर दिया था। इस हमले में एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत तीन जवान घायल हो गए थे। भीड़ ने BSF के वाहन में तोड़फोड़ की और जवानों से हथियार छीनने की भी कोशिश की थी।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच के सिलसिले में भारत लझना मल्टी स्टेट हाउसिंग को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (बीएलएम) और उसके संस्थापक आर. प्रेमकुमार से जुड़े केरल और तमिलनाडु के 12 ठिकानों पर छापेमारी कर लगभग 103 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज और जब्त कर लिया है। ईडी की ओर से जारी बयान के अनुसार, बुधवार को की गई इस तलाशी कार्रवाई में करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य की 8 लग्जरी गाड़ियां, 9.6 करोड़ रुपये मूल्य के 7,400 ग्राम सोने के जेवर, 80 करोड़ रुपये के शेयर, 5 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां और लगभग 1.86 करोड़ रुपये के बैंक जमा शामिल है। जांच में पाया गया कि प्रेमकुमार सक्रिय रूप से बीएलएम का कामकाज संभाल रहे थे और कई वैधानिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे थे। सोसाइटी के पैसों की लेयरिंग (घुमाने-फिराने) के लिए प्रेमकुमार और उनके करीबियों की ओर से लगभग 320 बैंक खाते संचालित किए जा रहे थे।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने 300 ऑफलाइन सत्यापन चाहने वाली संस्थाओं (ओवीएसई) को अपने साथ जोड़ा है। इस कदम से पहचान प्रमाण के रूप में आधार की कागजी फोटोकॉपी जमा करने की जरूरत में कमी आएगी। यूआईडीएआई के अनुसार, जनवरी में शुरू की गई इस व्यवस्था के बाद से होटल, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, इवेंट्स और गिग इकोनॉमी जैसे कई उपभोक्ता क्षेत्रों में आधार-आधारित ऑफलाइन सत्यापन का दायरा तेजी से बढ़ा है। कई संस्थाएं सत्यापन के नाम पर आधार की फोटोकॉपी अपने रिकॉर्ड में रख लेती हैं, जिसकी अनुमति आधार कानून के तहत नहीं है। प्राधिकरण ने बताया कि यह नई पहल उपयोगकर्ताओं की सहमति से सुरक्षित, कागज रहित और डिजिटल सत्यापन सुनिश्चित करती है। यह व्यवस्था गोपनीयता और डाटा सुरक्षा नियमों के अनुरूप सेवा प्रदाताओं और आम नागरिकों दोनों के लिए प्रक्रिया को सुगम बनाती है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख वी. नारायणन ने शुक्रवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। सचिवालय में हुई यह मुलाकात करीब आधे घंटे चली। इस दौरान दोनों के बीच तमिलनाडु के कुलशेखरपट्टिनम में बन रहे नए अंतरिक्ष केंद्र से रॉकेट लॉन्च की तैयारियों पर चर्चा हुई। नारायणन ने मुख्यमंत्री को सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल का एक छोटा मॉडल भी भेंट किया। इसरो प्रमुख ने पांच नवंबर को बताया था कि इस अंतरिक्ष केंद्र से अगले साल रॉकेट लॉन्च शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा था कि केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
तेलंगाना के हैदराबाद में एक होटल के कमरे में 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मृत पाया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक कैलिफोर्निया का रहने वाला था और दो नवंबर को अपने कारोबारी सहयोगी के साथ हैदराबाद आया था। दोनों कारोबारी काम से यहां पहुंचे थे और गच्चीबाउली थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरे थे। चार नवंबर की शाम से व्यक्ति फोन का जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद पांच नवंबर की शाम होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह बिस्तर पर बेहोश मिला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के कर्मचारियों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा।
गोवा में भाजपा विधायक संकल्प आमोनकर शनिवार को मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। वह पूर्व कृषि मंत्री रवि नाइक के निधन से खाली हुई जगह को भरेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सुबह 10 बजे डोना पाउला स्थित लोक भवन में होगा। आमोनकर मोरमुगांव विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था और भाजपा विधायक मिलिंद नाइक को हराया था। सितंबर 2022 में वह कांग्रेस के सात अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे पहले वह गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
तमिलनाडु में कथित रेत खनन घोटाले को लेकर सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) ने पूर्व मंत्री और डीएमके नेता दुरई मुरुगन समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, 2021 से 2024 के बीच राज्य की 28 खदानों में अनियमितताओं से सरकारी खजाने को 1,427 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद तमिलनाडु और पुडुचेरी में 34 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 825 दस्तावेज, 11 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तीन बैंक लॉकर की चाबियां बरामद हुईं। जांच में टेंडर और रेत परिवहन में गड़बड़ी के आरोप हैं।
ओडिशा में सतर्कता विभाग ने रिश्वत लेने के दो अलग-अलग मामलों में एक सब-रजिस्ट्रार और सरकारी आईटीआई के प्रिंसिपल को पकड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, बालासोर जिले के बालीपाल में तैनात महिला सब-रजिस्ट्रार ने जमीन की रजिस्ट्री के लिए 10 हजार रुपये मांगे थे। बाद में वह सात हजार रुपये लेते पकड़ी गईं। वहीं, बलांगीर के सरकारी आईटीआई के प्रिंसिपल पर नौ प्रशिक्षकों से वेतन जारी रखने के बदले कुल 1.15 लाख रुपये मांगने का आरोप है। उन्हें 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते गिरफ्तार किया गया। उनके राउरकेला स्थित फ्लैट से 5.16 लाख रुपये नकद भी मिले।
तेलंगाना में मतदाता सूची के मसौदे से नाम छूटने वाले लोगों को चुनाव आयोग ने एक और मौका दिया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी. सुदर्शन रेड्डी ने शुक्रवार को बताया कि एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाता अपने नाम अंतिम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। एएसडीडी का मतलब अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहराव वाले मतदाता हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मसौदा मतदाता सूची 17 अगस्त को जारी हुई थी। आयोग के अनुसार, आवेदनों के निपटारे और अंतिम सूची का प्रकाशन 21 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। मतदाता मदद के लिए बीएलओ या हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमेरिका में तेलंगाना की 23 वर्षीय छात्रा लापता, परिवार ने मांगी मदद
अमेरिका में तेलंगाना की 23 वर्षीय छात्रा श्रीजा रेड्डी कोया लापता हो गई हैं। वह मैसाचुसेट्स विश्वविद्यालय, बोस्टन में पढ़ाई कर रही थीं। उनके लापता होने से तेलंगाना के नलगोंडा जिले में रहने वाला परिवार परेशान है। श्रीजा के पिता यदागिरी रेड्डी के मुताबिक, उनकी बेटी दो नवंबर से लापता है। वह कॉलेज से लौटने के बाद टहलने गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। उनका मोबाइल फोन भी बंद है। राज्य के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने भारतीय वाणिज्य दूतावास, विदेश मंत्रालय और बोस्टन पुलिस से छात्रा का पता लगाने में मदद करने की अपील की है।
