फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 31st aug Jharkhand Bihar Karnataka Assam north east west south politics crime and other news

खबरों का सार-संक्षेप: असम में मिनी बस-ट्रक की टक्कर; पाकिस्तान के एक टेरर नेटवर्क से जुड़ा शख्स गिरफ्तार

Mon, 31 Aug 2026 11:11 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 31 Aug 2026 11:11 PM IST
विज्ञापन
National Updates 31st aug Jharkhand Bihar Karnataka Assam north east west south politics crime and other news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में मिनी बस और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल तीन और लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सात अन्य घायलों का इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। यह दुर्घटना रविवार शाम सोनापुर के पास टेटेलिया इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। बाद में तीन और घायलों की मौत हो गई। खेेत्री थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त मिनी बस में चालक और हेल्पर समेत 14 लोग सवार थे। दुर्घटना में बस में मौजूद सभी लोग प्रभावित हुए, जबकि ट्रक में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।

विज्ञापन


गुवाहाटी पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (ट्रैफिक) सफीकुल हुसैन के अनुसार, मिनी बस गुवाहाटी की ओर जा रही थी और ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसकी ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह भी दावा किया जा रहा है कि सड़क के बीच मौजूद बड़े गड्ढे में बस का पहिया जाने के बाद चालक का नियंत्रण बिगड़ा। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।
विज्ञापन


हादसे के बाद सड़क पर क्यों उतरे लोग?
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात में हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और मार्ग की मरम्मत की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हिस्से में सड़क की खराब हालत के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी एक बड़ा गड्ढा होने के कारण रेत से लदा ट्रक पलट गया था। हादसे वाली जगह से करीब एक किलोमीटर दूर सोनापुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का टोल बूथ है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक वे टोल प्लाजा को बंद कर देंगे। हादसे के कारण हाईवे पर कई घंटों तक भारी जाम लगा रहा और सैकड़ों वाहन फंसे रहे। स्थिति संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन


बंगाल में नेहरू की प्रतिमा फेंके जाने पर तनाव
पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की एक बड़ी प्रतिमा को क्रेन से उखाड़कर जंगल में फेंकने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखा राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। दोनों दल इस मामले को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिमा को 24 घंटे के भीतर उसके मूल स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस और प्रशासन ने तय समय सीमा के भीतर उचित कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस एक बड़ा और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दुर्गापुर में ध्यान केंद्र के सामने लगी इस प्रतिमा को शुक्रवार को रक्षाबंधन के एक कार्यक्रम के लिए हटा दिया गया।

निगरानी सख्त...13 नई दवाओं की कीमत तय
सरकार ने दवाओं की कीमत को लेकर कंपनियों पर निगरानी और सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 13 नई दवाओं के दाम तय करने के साथ उन कंपनियों पर कार्रवाई के नियम बदलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जो तय कीमत से ज्यादा में दवा बेचती हैं। प्राधिकरण ने डोनेपेजिल+मेमेन्टिन की कीमत 12.31 रुपये प्रति गोली और रैबेप्राजोल+डोमपेरीडोन की कीमत 7.47 रुपये प्रति कैप्सूल तय की। एनपीपीए ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक स्वास्थ्य, एचआईवी, अल्जाइमर और पेट की बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं की कीमत तय की है। मधुमेह की दवाओं में एम्पाग्लिफ्लोजिन, लिनाग्लिप्टिन और मेटफॉर्मिन के अलग-अलग संयोजनों की कीमत 12.27 रुपये और 14.33 रुपये प्रति गोली तय की गई। 

चार लोगों की संदिग्ध मौत, जहरीली शराब पीने के बाद गंवाई जान
बिहार में पटना जिले के तहत आने वाले बाढ़ क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना बेढ़ना गांव की है, जहां चारों लोग कथित तौर पर शराब का सेवन करने के बाद बीमार पड़े। हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान सभी की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस अवैध या दूषित शराब की संभावित आपूर्ति की भी पड़ताल कर रही है।

घूसखोरी मामले में आबकारी उपायुक्त समेत 7 निलंबित
केरलम के आबकारी विभाग ने घूसखोरी का आरोप लगने पर अपने उपायुक्त समेत सात अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में विभाग के उपायुक्त एस अशोक कुमार, कस्टम अधिकारी एम मैनुअल, लालू थंकाचन, प्रवीण शिवानंद और संतोष टी शामिल हैं। इनके अलावा, कस्ट अधिकारी (ग्रेड) शिजू के और आबकारी अधिकारी विशाख एएस के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। इन सभी पर चंगनासेरी में लाइसेंस प्राप्त बार से गैर-कानूनी तरीके से पैसे लेने के आरोप थे। 

अभिषेक का करीबी नेता पकड़ा गया, लगे चोर-चोर के नारे
पश्चिम बंगाल में नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी नेता राजीव घोषाल को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। एसपी पीवीजी सतीश ने कहा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से रुपये लेने की शिकायत मिली थी। पेशी के दौरान कोर्ट के बाहर मौजूद भाजपा के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाये। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मेघालय- भाजपा के संपर्क में यूडीपी के नौ विधायक
मेघालय में विधानसभा चुनाव से करीब डेढ़ साल पहले बड़े सियासी उलटफेर की आहट ने हलचल बढ़ा दी है। ऑपरेशन लोट्स की चर्चा के बीच सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) की सहयोगी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के 12 में से नौ विधायक भाजपा के संपर्क में बताए जा रहे हैं। ये विधायक टूट कर भाजपा में शामिल होते हैं तो 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की ताकत 2 से बढ़कर 11 हो जाएगी और पार्टी पहली बार दोहरे अंक में पहुंच जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, यूडीपी के कुछ विधायक भाजपा नेतृत्व के संपर्क में हैं और इस सिलसिले में दिल्ली में बातचीत चल रही है। नौ विधायकों के भाजपा में जाने की वजह पार्टी के अंदर नेतृत्व को लेकर असंतोष को बताया जा रहा है। हालांकि, यूडीपी नेतृत्व ने ऐसी किसी भी संभावित टूट की जानकारी से इन्कार किया है। वहीं भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि राजनीति में बातचीत चलती रहनी चाहिए।

असम में 16 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद
असम के कछार जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 करोड़ रुपये मूल्य की 80 हजार याबा टैबलेट जब्त की हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। पुलिस ने ये नशीली गोलियां एक वाहन में बने गुप्त चैंबर से बरामद कीं। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध ड्रग तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री ने इस सफलता के लिए कछार पुलिस की सराहना की और कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा। याबा में मेथामफेटामाइन और कैफीन होता है, जो अत्यधिक नशे की लत लगाने वाला उत्तेजक पदार्थ है।

 असम में पाकिस्तान के शहजाद भट्टी टेरर नेटवर्क से जुड़ा शख्स गिरफ्तार

असम पुलिस ने सोमवार को कामरूप जिले से पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी आतंकी गिरोह से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने चांगसारी थाना क्षेत्र के गौरीपुर से इस संदिग्ध को पकड़ा। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मृगेन साल्वी (31) के रूप में हुई है। उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इस गिरफ्तारी के साथ शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या पांच हो गई है। इससे पहले धुबरी, चिरांग, बारपेटा और हैलाकांडी जिलों से भी गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, मृगेन साल्वी नलबाड़ी जिले के बेलसोर का रहने वाला है और एक साल से चांगसारी की निजी कंपनी में काम कर रहा था। जांच में पता चला कि वह पाकिस्तान के कई संदिग्ध लोगों के संपर्क में था, जो इस नेटवर्क से जुड़े माने जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed