{"_id":"5b56299d4f1c1b1e308b68c5","slug":"naidu-stops-rajya-sabha-tv-s-live-telecast-on-tdp-s-ruckus","type":"story","status":"publish","title_hn":" टीडीपी के शोर-शराबे पर नायडू ने बंद कराया राज्यसभा टीवी का सीधा प्रसारण","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
टीडीपी के शोर-शराबे पर नायडू ने बंद कराया राज्यसभा टीवी का सीधा प्रसारण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Tue, 24 Jul 2018 12:46 AM IST
विज्ञापन
राज्यसभा में सोमवार को तेलुगुदेशम पार्टी (टीडीपी) के सांसदों के हंगामे और भारी शोर-शराबे पर सभापति वेंकैया नायडू ने राज्यसभा टीवी का सीधा प्रसारण बंद करा दिया। उनके निर्देश पर करीब 20 मिनट तक सदन की कार्यवाही का प्रसारण ठप रहा। टीडीपी सांसदों के वेल में खड़े रहने के बावजूद उन्होंने प्रश्नकाल की कार्यवाही चलते रहने दी। हालांकि शून्यकाल में सदन करीब 40 मिनट स्थगित रहा।
विज्ञापन
सोमवार को मंत्रियों की ओर से सदन के पटल पर पत्र रखने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन के वक्तव्य के बाद भीड़ हिंसा समेत अन्य नोटिसों पर चर्चा की मांग सदस्यों की ओर से उठाई गई।
विज्ञापन
टीडीपी सांसदों ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने को लेकर चर्चा की मांग की। सदस्यों के शोर-शराबे और हंगामे के चलते सभापति ने 11.20 से 12 बजे तक सदन स्थगित कर दिया। 12 बजे जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ टीडीपी के छह सदस्य वेल में आ गए और पार्टी सांसद रमेश अपने स्थान पर खड़े होकर नियम 168 के तहत चर्चा कराने पर जोर देते रहे। इस पर सभापति ने कहा कि ये प्रश्नकाल है जिसे हर हाल में चलाएंगे।
विज्ञापन
उन्होंने सदस्यों से सहयोग की मांग की और टीडीपी सांसदों से कहा कि वह उनकी बात मानने को तैयार हैं और मंगलवार को इस पर चर्चा के लिए सरकार भी तैयार है। बावजूद इसके टीडीपी सांसद खड़े रहे और नारे लगाते रहे। सभापति ने राज्यसभा टीवी का प्रसारण रुकवाकर कहा कि अब कोई फायदा नहीं आप बैठ जाएं, अपनी एनर्जी व्यर्थ नहीं करें। टीडीपी सांसद पूरे एक घंटे तक वेल में जमे रहे और शोर-शराबे के बीच सवाल जवाब का सिलसिला भी चलता रहा।