Updates: बांग्लादेश से मानव तस्करी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार; मुख्य चुनाव आयुक्त ने की तमिलनाडु में बैठक
गुजरात पुलिस ने गिर सोमनाथ जिले में वेरावल बंदरगाह के पास एक मछली पकड़ने वाली नाव से 350 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। इस दौरान चालक दल के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार देर रात छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक दवा बरामद की गई। एक गुप्त सूचना के आधार पर हमारी टीमों ने एक मछली पकड़ने वाली नाव पर उस समय छापा मारा, जब वह वेरावल बंदरगाह के पास पहुंची। हमने 50 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
दूसरी ओर भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह रूसी सेना में सहायक कर्मचारियों के रूप में काम कर रहे भारतीयों की शीघ्र वापस लाने के लिए मॉस्को के संपर्क में है। ऐसे में अपने नागरिकों से यूक्रेन में संघर्ष क्षेत्र से दूर रहने को कहा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल की टिप्पणी उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें कहा गया है कि कुछ भारतीय संघर्ष क्षेत्र में रूसी सेना के सहायक कर्मचारी के रूप में काम कर रहे हैं।
इस बीच बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने उनके एमडी और सीईओ ए.एस राजीव को ‘विजिलेंस कमिश्नर’ सतर्कता आयुक्त नियुक्त किया है। इसके मद्देनजर उन्हें आज बैंक से कार्यमुक्त किया जाता है। बैंक के बोर्ड और प्रबंधन समिति ने सरकार द्वारा नियमित एमडी और सीईओ नियुक्त होने तक बैंक की वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियों और कार्यों की देखभाल को दो कार्यकारी निदेशकों को सौंपा है।
महाराष्ट्र में रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर
महाराष्ट्र सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों में सेवारत रेजिडेंट डॉक्टर वजीफा बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों के कारण गुरुवार को हड़ताल पर चले गए हैं। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कहा कि हड़ताल से आपातकालीन सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। जबकि, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने डॉक्टरों से अपील की है कि वे आंदोलन पर अधिक जोर न दें।
रेजिडेंट डॉक्टरों की मांगों निम्नलिखित हैं…
- छात्रावासों के निर्माण और मरम्मत के लिए आवश्यक धनराशि तत्काल देना
- लंबित वजीफा और बकाया जारी करना
- वजीफा भुगतान को नियमित करना
- वजीफा में 10,000 रुपये की बढ़ोतरी करना
बंगाल में चार नाबालिगों की मौत
भारत-बांग्लादेश सीमा के पास जल निकासी विस्तार कार्य के दौरान कथित तौर पर मिट्टी का टीला धंस गया, जिसमें चार नाबालिगों की मौत हो गई थी। इसी मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। बनर्जी ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिये हैं। इसके अलावा, राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भी चोपड़ा का दौरा करने के बाद मृतकों के परिजनों के लिए एक-एक लाख रुपये के सहायता राशि की घोषणा की।
मेगा मेफेड्रोन बरामदगी, ब्रिटिश नागरिक की भूमिका की जांच
पुणे पुलिस ने हाल ही में 1700 किलो मेफेड्रोन जब्त की है, जिसकी कीमत 3000 से 3500 करोड़ आंकी गई है। मामले में पुलिस एक ब्रिटिश नागरिक की भूमिका की जांच कर रही है। मेफेड्रोन के साथ आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि मामले में बिहार के एक व्यक्ति की भूमिका सामने आई है, जो ब्रिटिश नागरिक है। हमें पता चला है कि वह किसी अन्य देश में भाग गया है। उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भारत में 17 साल तक अवैध रूप से रहने वाला अफगानी गिरफ्तार
भारत में 17 साल से अवैध रूप से रह रहे एक अफगानी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुंबई अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आरोपी फर्जी नाम का इस्तेमाल कर रहा था। उसके पास फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं। अधिकारी के मुताबिक मुंबई अपराध शाखा की एक टीम ने गुप्त सूचना पर बुधवार को वडाला के रफी अहमद किदवई नगर से अफगानी नागरिक को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने खुद को जहीर अली खान बताया और अपना पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया। जांच में पता चला कि वह अफगानिस्तान का नागरिक था। पुलिस ने उसका अफगानी पासपोर्ट व अन्य संबंधित दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ आरएके मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की पहचान उजागर नहीं की है। आगे की जांच जारी है।
नागालैंड के मोन जिले में कुछ बदमाश एनएससीएन-आईएम नेता खाम्पेई ओपेइहम कोन्याक के घर में घुस गए। उन्होंने वहीं, गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। नेता के सीने में गोली लगी। बुधवार रात अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस को मौके से तीन खाली खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कई राज्यों में भूजल में आर्सेनिक और फ्लोराइड की समस्या को दूर करने के लिए की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) को नोटिस जारी कर छह सप्ताह में नई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। देश 25 राज्यों के 230 जिलों और 27 राज्यों के 469 जिलों में भूजल में आर्सेनिक और फ्लोराइड पाए जाने के संबंध में एक अखबार की रिपोर्ट पर एनजीटी ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। ट्रिब्यूनल मामले पर सुनवाई कर रहा था। इससे पहले ट्रिब्यूनल ने सभी संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को नोटिस जारी किया था।
आंध्र : वाईएस शर्मिला के नेतृत्व में प्रदर्शन, कई नेता हिरासत में
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ अपने 'चलो सचिवालय' अभियान के तहत आंध्र रत्न भवन में राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शर्मिला ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी के अवसर की मांग करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर धरना दिया। इस बीच, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई। पुलिस ने एपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष शेख मस्तान वली समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। वली पार्टी कैडर के साथ सचिवालय तक मार्च कर रहे थे। इस दौरान आंध्र प्रदेश के एआईसीसी प्रभारी मणिकम टैगोर ने पुलिस के सख्त रवैये की आलोचना की।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने मानव वन्यजीव संघर्ष में मारे गए लोगों के लिए मुआवजे को पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया है। उन्होंने मानव पशु संघर्ष को रोकने के लिए कई उपायों की घोषणा भी की। वायनाड के इलाकों में बढ़ते मानव पशु संघर्ष के मामलों को लेकर मंत्री दो दिन के केरल दौरे पर हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पक्षी विज्ञान के लिए सलीम अली सेंटर और प्राकृतिक इतिहास केंद्र, कोयंबटूर मानव पशु संघर्ष पर कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों के सहयोग के लिए एक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह वर्तमान में भारतीय वन्यजीव संस्थान के अधीन है। यहां पशु मानव संघर्ष को कम करने के उपायों और इससे संबंधित प्रयोगों पर अध्ययन कर उसे लागू किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को मुंबई के गिरगांव में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा, मैं आयोजकों को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे इस कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी। हम 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को आगे बढ़ाएंगे और विकसित भारत के उद्देश्य को पूरा करने में योगदान देंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, चंद्रशेखर बावनकुले और राहुल नार्वेकर भी मौजूद थे।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक विधायक ने दावा किया कि उन्होंने 37 साल पहले एक बाघ का शिकार किया था। अब वह उसके दांत की माला गले में पहनकर घूमते हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में बुलढाणा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले संजय गायकवाड़ का दावा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में गायकवाड़ से उनके गले में मौजूद बाघ के शरीर के हिस्से के बारे में पूछा जाता है। गायकवाड़ ने कहा, यह बाघ का दांत है।
गोवा के अरामबोल गांव में एक रूसी नागरिक ने छह साल की बच्ची से दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी देश छोड़कर भाग गया। गोवा पुलिस के मुताबिक, यह घटना बीते चार फरवरी की रात हुई। बच्ची के माता-पिता ने 19 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई। आरोपी की पहचान इलिया वासुलेव के रूप में हुई है। वासुलेव पर धारा 376, गोवा बाल अधिनियम की धारा 8 और पॉक्सो की धारा 4 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ओडिशा: जंगली हाथियों को लगे रेडियो कॉलर, रखी जाएगी नजर
ओडिशा वन विभाग ने अंगुल जिले में जंगली हाथियों पर रेडियो कॉलर लगाया है। जो इनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करेगा। एक अधिकारी के मुताबिक, अंगुल वन प्रभाग में हाल ही में छेंदीपाड़ा रेंज के छेंदीपाड़ा जंगल में घायल एक नर हाथी पाया गया। उन्होंने बताया कि नर हाथी को 14 फरवरी से निगरानी में रखा गया और फिर पशु चिकित्सक द्वारा उसका इलाज कराया गया।
रिया चक्रवर्ती के खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस रद्द
बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच के सिलसिले में रिया चक्रवर्ती, उनके भाई और पिता के खिलाफ जारी सीबीआई के लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) को बृहस्पतिवार को रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति मंजूषा देशपांडे की खंडपीठ रिया, शोविक और इंद्रजीत की ओर से 2020 में उनके खिलाफ जारी एलओसी के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। एजेंसी
नागपुर विश्वविद्यालय के वीसी को पद से हटाया
महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुभाष चौधरी को उनके पद से हटा दिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्यपाल कार्यालय को करीब नौ महीने पहले चौधरी के खिलाफ अनुशासनहीनता समेत कई शिकायतें मिली थीं। उनके खिलाफ शिकायतों को देखते हुए ही यह कार्रवाई की गई है। विश्वविद्यालय के नए प्रमुख की तलाश की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी।
लोकपाल व छात्रों की छह माह में एक बैठक अनिवार्य : यूजीसी
देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को पहली बार अब छात्रों और लोकपाल की हर सेमेस्टर या छह महीने में एक बार बैठक आयोजित करनी अनिवार्य होगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी विश्वविद्यालयों और राज्यों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों की शिकायतों को निपटारे के लिए लोकपाल की नियुक्ति करें। छात्रों की शिकायतों के निपटारे के लिए कुलपति और लोकपाल समीक्षा बैठक करेंगे। यूजीसी सचिव प्रो. मनीष जोशी ने बृहस्पतिवार को सभी राज्यों और विश्वविद्यालयों को इस संबंध में पत्र लिखा है
मुख्य परीक्षकों को बंगाल शिक्षा बोर्ड का निर्देश
पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मुख्य परीक्षकों को निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने कहा है कि हाल में संपन्न 10वीं बोर्ड की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के सभी अंक जमा किए जाएं। अंक ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। इसका उद्देश्य पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।
बंगाल का जादवपुर विश्वविद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। यहां स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने एक वरिष्ठ संकाय सदस्य पर सेमेस्टर परीक्षा के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। छात्रा ने एक मेल से कुलसचिव स्नेहमंजू बसु को शिकायत की। शिकायत में छात्रा ने आशंका जताई की आरोपी शिक्षक उसके शैक्षणिक करियर को नुकसान पहुंचा सकता है।
ओडिशा के गंजम और भद्रक जिलों में अलग-अलग घटनाओं में परीक्षा के दबाव के कारण दो छात्रों ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मामले की जानकारी दी। शुक्रवार सुबह गंजम जिले के बरहामपुर के बैद्यनाथपुर क्षेत्र के सूर्यनगर में कक्षा 12 के एक छात्र का शव उसके घर में लटका हुआ पाया गया, वहीं भद्रक जिले के जहांगीर सासन गांव में 10वीं कक्षा के एक लड़के का शव लटका हुआ पाया गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने भारत के चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों के साथ शुक्रवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तमिलनाडु में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। आयोग ने राज्य में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। अधिकारियों ने बताया कि जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ भी समीक्षा बैठकें की गईं।
ईसीआई के साथ बैठक के बाद डीएमके सांसद आरएस भारती ने कहा कि उन्होंने वीवीपैट मशीनों का मुद्दा आयोग के सामने उठाया है। उन्होंने आगे चुनाव लड़ने के लिए पार्टी की तत्परता व्यक्त की। डीएमके सांसद आरएस ने कहा कि हमने चुनाव आयोग को एक ज्ञापन के रूप में अपने इनपुट सौंपे हैं और वीवीपैट मशीन का मुद्दा उठाया है। वहीं भाजपा ने सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग करते हुए संवेदनशील बूथों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की भी मांग की है।
केरल के कायमकुलम में एमएसएम कॉलेज के पास राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक बस में आग लग गई। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
#WATCH | Alappuzha: A Kerala State Road Transport Corporation (KSRTC) bus catches fire near MSM college in Kayamkulam. No reports of casualties yet. pic.twitter.com/wuzLzI44qk
— ANI (@ANI) February 23, 2024
महाराष्ट्र के पूर्व सांसद अमर साबले ने यूट्यूब पर पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पिंपरी चिंचवड़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
Maharashtra | Former MP Amar Sable files a complaint with Pimpri Chinchwad police against unknown persons for allegedly posting objectionable video against PM Modi on YouTube pic.twitter.com/geuI7KlaKv
— ANI (@ANI) February 23, 2024
प्रवर्तन निदेशालय ने 6,117.93 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी में एसजीएस समूह की 13.20 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। कुर्क की गई संपत्तियां एसजीएस मॉल पुणे में दुकानों के रूप में हैं, जो एसजीएस समूह के पास हैं। एजेंसी के अनुसार, हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (एचडीआईएल) और इसके प्रमोटरों द्वारा पंजाब और महाराष्ट्र सहकारी बैंक (पीएमसी) के खिलाफ 6117.93 करोड़ रुपये (मूलधन 2,540.92 करोड़ रुपये और ब्याज 3,577.01 करोड़ रुपये) का बैंक ऋण धोखाधड़ी का अनुमान है। ईडी ने पीएमसी द्वारा जॉय थॉमस, वरयाम सिंह (पीएमसी बैंक के निदेशक), राकेश कुमार वधावन, सारंग वधावन और अज्ञात अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की।
ओडिशा के बारगढ़ जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी हुई, पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के पाइकमल इलाके में एक जंगल के अंदर गंधमर्दन पहाड़ी पर नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद, राज्य के विशिष्ट विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा बुधवार को एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार सुबह लगभग 8.30 बजे, बारगढ़ जिले के पाइकमल पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत खांडीझारन गांव के पास एक पहाड़ी इलाके में गोलीबारी हुई।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बांग्लादेश से मानव तस्करी मामले में दो फरार बांग्लादेशी नागरिकों मोहम्मद साजिद हलदर और इदरीस को गिरफ्तार किया है, दोनों भाग रहे थे। अब तक मामले में कुल गिरफ्तारियां 14 हो गई है। एनआईए द्वारा बड़े पैमाने पर की गई तलाशी के बाद उन्हें कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया। कर्नाटक के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग की सहायता से गुरुवार रात को उनका पता लगाया गया और उन्हें पकड़ लिया गया।
सीमा सड़क संगठन के कर्मियों ने शुक्रवार को भारी बर्फबारी के कारण सेला दर्रे पर फंसे 70 पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बचाया। बीआरओ द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि 22 फरवरी 2024 से तवांग जिले के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण यातायात बाधित हो गया है और सड़कें बंद हो गई हैं। लगभग 70 लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाने के लिए सड़कों को यातायात के लिए खुला रखने के बीआरओ आगे बढ़ गया है। बीआरओ ने माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे तापमान के साथ कंपकंपा देने वाली ठंड का सामना किया। सुबह 4:30 बजे तक उन्हें सुरक्षित स्थान पर लाया गया।
#WATCH | Maharashtra: Fire broke out at several shops in Latur; more details awaited. pic.twitter.com/fJYwCN1ady
— ANI (@ANI) February 23, 2024
गुजरात हाईकोर्ट ने शुक्रवार को बिलकिस बानो मामले के दोषी रमेश चंदना को पांच मार्च को होने वाली अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 10 दिन की पैरोल दे दी। चंदना ने पिछले सप्ताह पैरोल के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। वह मामले में पैरोल पाने वाला दूसरा दोषी है। मामले के सभी 11 दोषियों ने 21 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गोधरा शहर की जेल में आत्मसमर्पण कर दिया था। उन्हें 2002 के गोधरा दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। सुप्रीम कोर्ट में गुजरात सरकार के हलफनामे के अनुसार, 2008 में कैद के बाद से चंदना ने 1,198 दिनों की पैरोल और 378 दिनों की छुट्टी प्राप्त कर चुका है।
मुंबई की विशेष अदालत में जेजे अस्पताल के मेडिकल बोर्ड ने बताया कि जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की निजी मेडिकल रिपोर्ट से पता चलता है कि वह घातक रोग से पीड़ित हैं, लेकिन इसके लिए और परीक्षण करने की जरूरत है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ईडी ने स्वास्थ्य आधार पर उनकी अंतरिम जमानत याचिका का विरोध किया और सुझाव दिया कि उनका इलाज शहर स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल में किया जा सकता है।सुनवाई के दौरान ईडी ने कहा कि बोर्ड ने कोई स्वतंत्र राय नहीं दी, लेकिन स्पष्ट रूप से कहा कि उसे कुछ परीक्षण करने की जरूरत है जो जेजे अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं। वहीं गोयल के वकील अबाद पोंडा ने तर्क दिया कि जेजे अस्पताल के बोर्ड ने पुष्टि की थी कि निजी मेडिकल रिपोर्ट असली थीं, और उनके मुवक्किल को निजी अस्पताल में इलाज कराने का अधिकार है। इस मामले में अब 27 फरवरी को सुनवाई होगी। ईडी ने पिछले साल सितंबर में गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को ‘40 फीसदी कमीशन’ टिप्पणी मामले में बंगलूरू की एक अदालत ने समन जारी किया है। भाजपा की ओर से दर्ज मामले में कोर्ट ने तीनों नेताओं को 28 मार्च को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। विशेष न्यायाधीश जे प्रीत ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति सहित आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का भी निर्देश दिया। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं पर तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सहित पार्टी के नेताओं के खिलाफ झूठे विज्ञापन देने का आरोप लगाया है। पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर 40 फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाया था और समाचार पत्रों में विज्ञापन दिए थे। इसके अलावा, प्रदेशभर में तत्कालीन सीएम बोम्मई की तस्वीर के साथ ‘पेसीएम’ पोस्टर लगाकर अभियान शुरू किया गया था। चुनाव के बाद भाजपा ने विज्ञापनों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कथित राशन वितरण घोटाले की एजेंसी की जांच के सिलसिले में कोलकाता की एक अदालत के समक्ष तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख की अग्रिम जमानत याचिका का विरोध किया और दावा किया कि वह एक बहुत प्रभावशाली व्यक्ति हैं। न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद शेख की अग्रिम जमानत प्रार्थना पर फैसला सुरक्षित रख लिया। एजेंसी के वकील, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल धीरज त्रिवेदी ने अदालत के समक्ष कहा कि शेख एक बहुत प्रभावशाली व्यक्ति हैं और उन्हें अग्रिम जमानत देने से जांच बुरी तरह प्रभावित होगी।
भारत और ओमान अभिलेखागार के क्षेत्र में सहयोग करने पर सहमत हुए हैं। संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार(एनएआई) के महानिदेशक अरुण सिंघल के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल हाल ही में ओमान के दौरे पर थे। इस यात्रा का उद्देश्य अभिलेखीय क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाना था। इस दौरान ओमान के राष्ट्रीय रिकॉर्ड और अभिलेखागार प्राधिकरण (एनआरएए) के अध्यक्ष हमद मोहम्मद अल-धवानी के साथ द्विपक्षीय चर्चा हुई। सिंघल ने ओमान से संबंधित 70 चुनिंदा दस्तावेजों की एक सूची सौंपी जो दिल्ली में एनएआई में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, ये दस्तावेज 1793 से 1953 तक की अवधि को कवर करते हैं और कई विषयों से संबंधित हैं। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच तीन महत्वपूर्ण संधियों के प्रतिकृति प्रिंट एनआरएए को उपहार में दिए गए।
समुद्री सुरक्षा, आपसी सहयोग और परिचालन बढ़ाने के मकसद से शुक्रवार को हिंद महासागर में भारत, मालदीव और श्रीलंका के तट रक्षक कर्मियों ने चार दिवसीय त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास की शुरुआत की। 22 से 25 फरवरी के बीच होने वाले अभ्यास 'दोस्ती' के 16वें संस्करण के लिए भारतीय तटरक्षक जहाज समर्थ और आईसीजीएस अभिनव, श्रीलंका नौसेना जहाज समुदुरा के साथ बृहस्पतिवार को माले पहुंचे। बांग्लादेश इस अभ्यास में पर्यवेक्षक के रूप में भाग ले रहा है। तटरक्षक हेलीकॉप्टर आईसीजीएस डोर्नियर भी त्रिपक्षीय अभ्यास 'दोस्ती' का हिस्सा है। श्रीलंका ने कहा कि इस अभ्यास का मकसद हिंद महासागर में उभरती चुनौतियों के समाधान, आपसी सहयोग बढ़ाना, दोस्ती को मजबूत करने के साथ भारत, मालदीव और श्रीलंका के तटरक्षक कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करना है। मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल (एमएनडीएफ) के कमांडेंट कर्नल मोहम्मद सलीम ने बृहस्पतिवार देर शाम भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक एडीजी एस परमेश का गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, दोनों आईसीजी जहाजों के कमांडिंग अधिकारियों ने कमांडेंट एमएनडीएफ सीजी से मुलाकात की और आपसी सहयोग पर चर्चा की।
आगामी लोकसभा चुनावों से पहले केरल में माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ को शुक्रवार को स्थानीय निकाय उपचुनाव में बड़ी कामयाबी मिली। कई जिलों में हुए स्थानीय निकाय उपचुनावों में एलडीएफ ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा से कुल चार सीटें छीनी हैं। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, जिन 23 सीटों पर उपचुनाव हुए, उनमें से एलडीएफ ने 9, यूडीएफ ने 10, भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने 3 और अन्य ने एक सीट पर जीत हासिल की। इन 23 सीटों में से 13 यूडीएफ, पांच एलडीएफ और चार सीटें भाजपा के पास थी।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक सरकार 27 फरवरी को कांग्रेस की दो चुनावी गारंटियां लॉन्च करेगी। इनमें 500 रुपये में एलपीजी सिलिंडर और गरीबों के लिए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली शामिल हैं। इस अवसर पर एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहेंगी। वह तेलंगाना के मुलुगु जिले के मेदाराम में आदिवासी उत्सव के दौरान पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। रेड्डी ने राज्य में चल रहे 'सम्मक्का सारक्का जथारा' को राष्ट्रीय त्योहार के रूप में मान्यता देने की मांग नहीं मानने पर केंद्र पर तेलंगाना के प्रति भेदभाव और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, छह चुनावी गारंटी में से हम दो को 27 (फरवरी) शाम को लॉन्च करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 500 रुपये में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति और सफेद राशन कार्ड धारकों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की आपूर्ति 27 फरवरी से शुरू की जाएगी। राज्य सरकार ने पहले ही दो वादों सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा और गरीबों के लिए 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य योजना पर अमल शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिन दो लाख नौकरियों की रिक्तियों को भरने का वादा किया गया था, उनमें से सरकार ने 25,000 रिक्तियां भर दी हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन परियोजना के काम की रफ्तार अब गुजरात के बाद महाराष्ट्र में भी तेज हो गई है। देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई में 21 किमी दूरी तक सुरंग से होकर गुजरेगी। शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी), विक्रोली और शील फाटा में ब्लास्ट कर टनल बोरिंग मशीन को जमीन के नीचे उतारने के लिए खुदाई कार्य आरंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को परियोजना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर लंबे गलियारे पर सूरत-बिलिमोरा खंड जुलाई-अगस्त 2026 तक चालू हो सकता है। इसके बाद अन्य खंड पर एक के बाद एक संचालन शुरू होगा।
ठाकरे सरकार में बुलेट ट्रेन परियोजना का कार्य धीमा हुआ...
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में अब तक काफी प्रगति हो चुकी होती, अगर महाराष्ट्र की तत्कालीन उद्धव ठाकरे सरकार ने जल्दी इसकी अनुमति दे दी होती। वैष्णव ने कहा, दुर्भाग्य से, ठाकरे सरकार ने इस परियोजना में बहुत देरी की, लेकिन वे अब इसकी भरपाई करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस (शिवसेना-भाजपा) सरकार बनने के 10 दिन के भीतर अनुमतियां दे दी गईं।
असम राइफल्स ने हनहलान पुलिस बीट पोस्ट के साथ तस्करी के खिलाफ एक संयुक्त अभियान के तहत मुरलेन में म्यांमार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से करीब एक करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। इससे पहले असम राइफल्स और सीमा शुल्क निवारक बल ने 22 फरवरी को दो अलग-अलग अभियानों में मुआलकावी, चंफाई से लगभग 6.52 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मूल की बीयर बरामद की थी।
सीबीआई ने मुंबई में पश्चिम रेलवे के मुख्य कार्यालय अधीक्षक को 4.80 करोड़ रुपये के बिलों को मंजूरी देने के लिए कथित तौर पर 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के कार्यालय में तैनात संजय वाघेला ने कथित तौर पर एक आपूर्तिकर्ता से लंबित बिल पर 100 रुपये प्रति लाख की दर से रिश्वत की मांग की थी। कंपनी पश्चिमी रेलवे के लिए नियमित आपूर्तिकर्ता है। शिकायत के बाद एजेंसी ने कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। केंद्रीय एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के दो ठिकानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।