Manipur Woman Video: मणिपुर में महिला के साथ हुई दरिंदगी पर हंगामा, संसद में घमासान के आसार
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई दरिंदगी ने सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। मानसून सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस, शिवसेना और वामदलों सहित सभी विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद का कामकाज ठप कर पहले मणिपुर हिंसा पर चर्चा कराने की मांग की है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने चर्चा की मांग करते हुए कहा है कि यह अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है कि 21वीं सदी में भी एक महिला के साथ इस तरह की बर्बरता की जाती है। उन्होंने सरकार पर इस मामले पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें: Monsoon Session Live: मणिपुर मुद्दे पर संसद में हुआ हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
इसी बीच सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेकर केंद्र सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अदालत ने इस मामले पर केंद्र-राज्य सरकार से जवाब मांगा है। वहीं, राज्य सरकार ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने पर रोक लगा दी है। सरकार को इस वीडियो के वायरल होने पर हिंसा के और ज्यादा भड़कने की आशंका है। यही कारण है कि इस वीडियो को हर प्लेटफॉर्म से हटाने का आदेश दे दिया गया है। लेकिन विपक्षी दलों ने इसे सरकार का मणिपुर की शर्मनाक घटना से मुंह छिपाना करार दिया है।
बंगाल में दुष्कर्म की घटनाओं की कब निंदा करेंगे राहुल- भाजपा
विपक्ष के इन आरोपों के बीच भाजपा नेता अमित मालवीय ने मणिपुर हिंसा पर राज्य सरकार का रुख साझा करते हुए कहा है कि सरकार हिंसा को काबू में करने के हर प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना के दोषियों को पकड़ा जाएगा और उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुए पंचायत चुनावों के दौरान भारी मात्रा में हिंसा हुई है। अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है और अनेक महिलाओं के साथ शर्मनाक तरीके से दुर्व्यवहार किया गया है। लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इन घटनाओं पर कोई बयान नहीं दिया है और उन्होंने इन घटनाओं की निंदा नहीं की है। इसी प्रकार दिल्ली में एक महिला को कई बार चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने के मामले में भी कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर प्रश्न खड़े हुए थे। भाजपा ने मांग की है कि कांग्रेस नेताओं को पश्चिम बंगाल और झारखंड में हुई हिंसक घटनाओं का भी जवाब देना चाहिए।
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के पहले से ही इस बात का अनुमान लगाया जा रहा था कि इस सत्र में सदन में खूब हंगामा होगा। जिस तरह विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन का नाम इंडिया (INDIA) रखा है, उस पर भी विवाद जारी है। इंडिया नाम रखने पर दिल्ली के बाराखंभा थाने में एफआईआर भी दर्ज करा दी गई है। इस पर कार्रवाई होने की संभावना है और अनुमान है कि विपक्ष को अपने गठबंधन का नाम कम कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़े। इस एफआईआर को लेकर भी विपक्षी दल सरकार पर हमला कर सकते हैं और उसे विपक्षी दलों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला करार दे सकते हैं। ऐसे में इस मामले पर भी हंगामा होना तय माना जा रहा है।
मणिपुर में मैती और कुकी समुदाय के बीच लगभग एक महीने से हिंसा जारी है। इसमें अनेकों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सरकार ने केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को पूरी तरह सतर्क रहने और हर हाल में हिंसा रोकने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हिंसाग्रस्त इलाके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है और सरकार से कठोर कार्रवाई करने की बात कही है। लेकिन सरकार की सख्ती के बाद भी अभी तक मणिपुर की हिंसा काबू में नहीं आ पाई है। इसके बीच मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई बेहद शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने से सरकार बचाव की मुद्रा में आ गई है।