Bengal: सीएम ममता बोलीं- आतंकवाद के खिलाफ जंग में सभी साथ, हमारे बीच कोई मतभेद नहीं होना चाहिए
पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकियों को करारा जवाब दिया है। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान और नेपाल की सीमा से लगे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों और डीजीपी के साथ बैठक की। इस पर सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में हम सभी साथ हैं।
विस्तार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में हम सभी साथ हैं। हमारे बीच इस मामले को लेकर कोई मतभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम एक-दूसरे के संपर्क में बने रहेंगे और स्थिति पर नजर रखेंगे। ममता का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक के बाद आया है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान और नेपाल की सीमा से लगे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों और डीजीपी के साथ चर्चा की।
गृहमंत्री शाह ने यह बैठक पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए हमलों के मद्देनजर बुलाई थी। इस बैठक के बाद सीएम बनर्जी ने कहा कि आज दोपहर गृह मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों के सात से आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। मैं इस बारे में और कुछ नहीं बोलूंगी। उन्होंने मीडिया घरानों से भी अपील की कि वे तथ्यों को रिपोर्ट करें और सुनिश्चित करें कि कोई गलत सूचना न फैलाई जाए।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी बोले: जिन्होंने भारत की बहन-बेटियों का सिंदूर छीना, उन्हें खानदान खोना पड़ा; सेना ने दिखाया पराक्रम
मीडिया घरानों से अपील- यह टीआरपी बढ़ाने का समय नहीं
सीएम बनर्जी ने कहा कि मीडियाकर्मियों के तौर पर आपको इस समय शांत और संयमित रहना होगा। आपकी जिम्मेदारी है कि आप सही खबरें दिखाएं, ताकि इससे कोई तनाव पैदा न हो या अफवाह न फैले। यह मेरी अपील होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत या मनगढ़ंत खबरें प्रकाशित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिशा-निर्देश हैं, चाहे वह किसी भी तरह का मीडिया हो। याद रखें, यह अपनी टीआरपी बढ़ाने का समय नहीं है, यह देश की रक्षा करने का समय है। हमें उन लोगों के साथ खड़ा होना है जो देश के लिए लड़ रहे हैं। एक आम नागरिक के तौर पर यह हमारी जिम्मेदारी है।
मॉक ड्रिल से लोगों को घबराना नहीं चाहिए
ममता बनर्जी ने मीडिया घरानों से पैनल चर्चाओं के लिए मेहमानों के चयन में सावधानी बरतने की भी अपील की, क्योंकि कभी-कभी कुछ लोग बिना उचित जानकारी के भी कुछ बातें कह देते हैं। सीएम ने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों की जांच के लिए पूरे देश में किए गए मॉक ड्रिल से लोगों को घबराना नहीं चाहिए।
ये भी पढ़ें: Mock Drill In India: दिल्ली से लेकर मुंबई तक देश भर में नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल जारी; देखें कैसी है तैयारी
संवेदनशील जानकारी के लिए मुख्य सचिव पंत से संपर्क करें
बनर्जी ने कहा कि अगर कोई जानकारी संवेदनशील प्रकृति की है तो सुरक्षा एजेंसियां मुख्य सचिव मनोज पंत से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा, 'ऐसी जानकारी एक संपर्क के साथ साझा की जानी चाहिए ताकि गोपनीयता बनी रहे। यह गोपनीयता बनाए रखने का समय है।'
डीएम-एसएसपी की छुट्टियां रद्द कीं
सीएम बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही एक फोन नंबर सार्वजनिक करेगी, जिस पर लोग ऐसी जानकारी साझा कर सकेंगे। उन्होंने कहा, 'पुलिस, डीएम और एसपी को सतर्क कर दिया गया है और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। उनकी सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।'
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.