महाराष्ट्र : फडणवीस सरकार पर दो जिलों के नाम बदलने का शिवसेना ने बनाया दबाव
उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद और फैजाबाद का नाम बदलने के योगी सरकार के फैसले के बाद अब महाराष्ट्र में सत्ताधारी भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने भी औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम बदलने का दबाव बनाया है। मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में शिवसेना मंत्रियों ने मराठवाड़ा के औरंगाबाद जिले का नाम संभाजी नगर और उस्मानाबाद जिले का नाम बदलकर धाराशिव करने की मांग की।
शिवसेना के नेता व उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कहा कि पूर्व की भाजपा-शिवसेना सरकार के समय औरंगाबाद का नाम बदलने की पहल हुई थी। इससे संबंधित प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा गया था। उसके बाद कांग्रेस-एनसीपी सरकार के शासनकाल में कोई पहल नहीं हुई।
देसाई ने कहा कि हमें अब जल्द ही दोनों जिलों के नाम बदलने के बारे में फैसला करना चाहिए। इसके लिए जरूरत पड़ी तो शिवसेना के मंत्री दिल्ली जाने के लिए तैयार हैं। इसके जवाब में मुख्यमंत्री फडणवीस ने आश्वासन दिया है कि हम मिलकर इस संबंध में प्रयास करेंगे।
चुनावी मोड़ पर शिवसेना ने दिखाए तेवर
आगामी चुनाव को देखते हुए अब राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में शिवसेना के मंत्रियों ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद शिवसेना की तरफ से उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पार्टी के मंत्रियों ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लगभग सात मुद्दों को उठाया।