फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra news updates 7 march gst commissioner arrest for bribe

Maharashtra: गडकरी बोले- हिंदुत्व पर सावरकर की व्याख्या प्रासंगिक; महाराष्ट्र से गुजरात भेजे जाएंगे 50 तेंदुए

Sat, 07 Mar 2026 02:42 PM IST
Nitin Gautam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: Nitin Gautam Updated Sat, 07 Mar 2026 02:42 PM IST
विज्ञापन
maharashtra news updates 7 march gst commissioner arrest for bribe
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विनायक दामोदर सावरकर प्रखर देशभक्त थे और उनका वैचारिक दृष्टिकोण वैज्ञानिक था। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के बारे में सावरकर की व्याख्या आज भी प्रासंगिक और उपयोगी है। नागपुर में शनिवार को स्वतंत्रता वीर सावरकर स्मारक समिति की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि सावरकर सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। इस कार्यक्रम में पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) को सम्मानित किया गया। गडकरी ने कहा कि सावरकर केवल प्रखर देशभक्त ही नहीं थे, बल्कि वे एक उत्कृष्ट कवि, दार्शनिक और इतिहासकार भी थे। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सावरकर एक आदर्श समाज सुधारक थे। उनका मानना था कि हिंदू समाज में मौजूद जाति व्यवस्था, उसके विभाजन और अस्पृश्यता को पूरी तरह खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सावरकर का स्पष्ट विचार था कि कोई व्यक्ति अपनी जाति के कारण श्रेष्ठ नहीं होता, बल्कि अपने गुणों और कर्मों से श्रेष्ठ बनता है। गडकरी ने कहा कि सावरकर का पूरा जीवन त्याग, तपस्या और देश के प्रति समर्पण का उदाहरण है और उनके परिवार ने देश के लिए असाधारण बलिदान दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सावरकर के विचारों और उनके जीवन पर आधारित फिल्म अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए।

विज्ञापन


गुजरात के वनतारा केंद्र में 50 तेंदुए भेजेगी महाराष्ट्र सरकार, पहले चरण में भेजे गए 20 तेंदुए
महाराष्ट्र सरकार ने गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस फाउंडेशन के वनतारा वन्यजीव बचाव और संरक्षण केंद्र में 50 तेंदुए भेजने का फैसला किया है। वन विभाग ने 20 तेंदुओं की पहचान की थी, जिन्हें शनिवार को वनतारा भेजा गया। राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक के करीबी सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मानव-तेंदुआ संघर्ष से संबंधित बढ़ती चिंताओं को दूर करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार मानव-तेंदुआ संघर्ष के मद्देनजर पुणे जिले के जुन्नर और शिरूर तालुका से कुछ तेंदुओं को पकड़कर मानिकडोह तेंदुआ अभयारण्य में रखा गया था। इस केंद्र की क्षमता 50 तक सीमित होने के कारण अतिरिक्त तेंदुओं को अन्य उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित करना जरूरी था। इसके लिए एक प्रस्ताव केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण नई दिल्ली को भेजा गया था। 20 दिसंबर 2025 को प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की गई। सूत्रों के मुताबिक नाईक और वनतारा प्रबंधन के बीच चर्चा के बाद तेंदुओं को पड़ोसी राज्य में भेजने का फैसला लिया गया। बता दें, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेंदुए के हमलों की पिछले साल नवंबर और दिसंबर में कई घटनाएं हुई थीं। इसके बाद वन मंत्री ने कहा था कि पकड़े गए तेंदुओं को जामनगर स्थित वनतारा केंद्र में स्थानांतरित किया जाएगा।

विज्ञापन

महाराष्ट्र में पर्यावरण विभाग ने आर्द्रभूमि की पहचान के लिए शुरू की प्रक्रिया
महाराष्ट्र पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में वेटलैंड (आर्द्रभूमि) की पहचान करने और उन्हें नोटिफाई करने का काम शुरू कर दिया है। इस काम में एक राष्ट्रीय शोध संस्थान मदद कर रहा है। यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता बी.एन. कुमार की अपील के जवाब में सामने आई है। उन्होंने राज्य में सर्वे किए गए वेटलैंड और मुंबई की पवई झील की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी थी। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मुंबई और पास के जिलों में सर्वे का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल राष्ट्रीय संस्थान के स्तर पर नक्शे और जरूरी दस्तावेज तैयार करने का काम चल रहा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे जिला वेटलैंड निगरानी समिति को भेजा जाएगा। इसके बाद तकनीकी समिति और राज्य वेटलैंड अथॉरिटी इसकी समीक्षा करेंगे। अंत में जनता की राय लेने के बाद अंतिम सिफारिश राज्य सरकार को भेजी जाएगी।
 

गुजरात की लापता महिला महाराष्ट्र में मिली, परिवार से हुई मुलाकात
गुजरात के सुरेंद्रनगर की रहने वाली 40 साल की सुमन विकी खारवा अपने परिवार से मिल गई हैं। वह मानसिक रूप से बीमार हैं और एक ट्रिप के दौरान गोवा के मडगांव से लापता हो गई थीं। वह अपने पति के साथ यात्रा पर निकली थीं। मानसिक परेशानी की वजह से वह महाराष्ट्र के सावंतवाड़ी में बहुत खराब हालत में मिली थीं। सावंतवाड़ी पुलिस ने उन्हें 19 फरवरी को कुडाल के संविता आश्रम में भर्ती कराया था। जीवन आनंद संस्था के ट्रस्टी किसन चौरे ने बताया कि सुमन से मिली जानकारी और डिजिटल सर्च टूल्स की मदद से उनकी टीम ने सुरेंद्रनगर पुलिस से संपर्क किया। वहां से उनके भाई का फोन नंबर मिला। वीडियो कॉल के जरिए पहचान पक्की होने के बाद सुमन की सास और अन्य रिश्तेदार उन्हें लेने आश्रम पहुंचे। आश्रम के अध्यक्ष संदीप परब ने इस काम में महाराष्ट्र और गुजरात पुलिस के आपसी तालमेल की सराहना की। सामाजिक संगठनऔर पुलिस की कोशिशों से एक परिवार फिर से एक हो सका।
विज्ञापन

ससून डॉक को आधुनिक बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने फिनलैंड की कंपनियों से किया समझौता
महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के ऐतिहासिक ससून डॉक को आधुनिक और विश्वस्तरीय मछली बंदरगाह बनाने क दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने फिनलैंड की तीन कंपनियों- हेलवार, मिरासिस और रिवर रिसायकल-के साथ एक समझौता (MoU) किया है। यह समझौता महाराष्ट्र फिशरीज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और इन कंपनियों के बीच मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुआ।
राज्य के मत्स्य पालन मंत्री नितेश राणे ने कहा कि ससून डॉक देश के प्रमुख मछली बंदरगाहों में से एक है और यह महाराष्ट्र की मछली अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है। यहां करीब 1,560 पंजीकृत मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नावें हैं और हर साल लगभग 50,000 से 60,000 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन होता है। उन्होंने बताया कि ससून डॉक का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, क्योंकि यह मछुआरा समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र बन चुका है। पिछले कुछ वर्षों में यहां कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें जाल मरम्मत शेड, कार्यशालाएं, भूमिगत पानी के टैंक, पाइपलाइन, पंप हाउस और सुरक्षात्मक दीवारें शामिल हैं।

इसके अलावा आइस प्लांट, जेट्टी की दीवार को मजबूत करने, मछुआरों के लिए विश्राम कक्ष और आधुनिक नीलामी हॉल का निर्माण भी किया जा रहा है। फिनलैंड की कंपनियों के साथ यह साझेदारी कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक और पुराने जालों के पुनर्चक्रण तथा जाल मरम्मत प्रणाली को मजबूत करने पर ध्यान देगी। सरकार का लक्ष्य ससून डॉक को तकनीक और डिजिटलीकरण की मदद से आधुनिक, कुशल और पर्यावरण के अनुकूल मछली बंदरगाह बनाना है।

राज्यसभा प्रतिष्ठित सदन, पार्थ वहां अच्छा काम करेंगे- सुनेत्रा पवार
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा है कि राज्यसभा देश का बहुत महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित सदन है और वहां जाने के लिए विभिन्न विषयों की गहरी समझ जरूरी होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्थ पवार राज्यसभा में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।सुनेत्रा पवार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राज्यसभा में कई अनुभवी और वरिष्ठ नेता होते हैं, जो देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा करते हैं। ऐसे सदन में काम करने के लिए व्यापक ज्ञान और अनुभव की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि पार्थ पवार वहां अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाएंगे और देश से जुड़े मुद्दों पर सार्थक योगदान देंगे।
वहीं अजित पवार से जुड़े विमान दुर्घटना मामले की जांच को लेकर पूछे गए सवाल पर सुनेत्रा पवार ने कहा कि इस मामले की जांच कई एजेंसियां कर रही हैं। फिलहाल केवल शुरुआती रिपोर्ट सामने आई है, जबकि अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है। उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले पर कोई ठोस टिप्पणी करना उचित होगा। फिलहाल सभी संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

जीएसटी उपायुक्त 20 लाख की घूस लेते गिरफ्तार
महाराष्ट्र के नासिक में राज्य कर (जीएसटी) विभाग के उपायुक्त सोमनाथ दत्तू पागे और एक अन्य को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आरोपी सहायक आयुक्त मच्छिंद्र विट्ठल डोंडे फरार है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों ने बताया कि उपायुक्त पागे और सहायक आयुक्त मच्छिंद्र विट्ठल डोंडे ने शिकायतकर्ता के नासिक स्थित कार्यालय पर छापा मारा था और जीएसटी के तहत कार्रवाई से बचाने के लिए 1.25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह रकम घटाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई। शिकायत मिलने पर एसीबी ने जाल बिछाया और पागे के सहयोगी अमित जाधव को 20 लाख रुपये की पहली किश्त लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। पागे के कार्यालय से 2 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सहायक आयुक्त मच्छिंद्र विट्ठल की तलाश की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed