Poll Updates: लातूर जिले में एमवीए और महायुति के बीच वर्चस्व की लड़ाई; ठाणे में दो बागी कांग्रेस नेता निलंबित
Maharashtra, Jharkhand Election 2024 Updates: महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव पर इस समय सबकी निगाहें बनी हुईं है। विभिन्न पार्टियां व्यापक स्तर पर चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। आइये जानते हैं चुनाव से जुड़े अपडेट्स...
विस्तार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव दल बदलने वाले नेताओं और परिवार के सदस्यों की उम्मीदवारी के कारण भी चर्चा में है। लातूर जिले में एमवीए और महायुति के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। सत्ताधारी महायुति की तरफ से लातूर ग्रामीण सीट पर भाजपा ने विधान परिषद सदस्य रमेश कराड को प्रत्याशी बनाया है। रमेश के सामने महाविकास अघाड़ी के धीरज देशमुख ताल ठोक रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से विधायक भाई अमित देशमुख और धीरज देशमुख भी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा की टिकट पर अर्चना पाटिल चाकुरकर चुनाव लड़ रही हैं। अर्चना कांग्रेस के दिग्गज शिवराज पाटिल चाकुरकर की बहू हैं। पूर्व मंत्री अमित देशमुख लातूर सिटी सीट से अर्चना पाटिल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
कांग्रेस ने ठाणे में दो बागी उम्मीदवारों को निलंबित किया
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान 20 नवंबर को होना है। इससे पहले सभी पार्टियां आंतरिक कलह से परेशान हैं। ताजा घटनाक्रम में कांग्रेस पार्टी ने दो बागी उम्मीदवारों को निलंबित किया है। दोनों ठाणे जिले के कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। ठाणे इकाई के प्रमुख विक्रांत चव्हाण ने बताया कि मनोज प्रधान और सुरेश पाटिल खेड़े को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए छह साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। चव्हाण ने बताया कि प्रधान और खेड़े ने अपना नामांकन वापस लेने से इनकार कर दिया। जिस सीट पर दोनों बागी कांग्रेसी चुनाव लड़ रहे हैं, वहां से महा विकास आघाडी (एमवीए) ने केदार दिघे को टिकट दिया है। कोपरी-पचपखाड़ी से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी चुनाव लड़ रहे हैं।
भारत धर्मशाला नहीं है जहां कोई भी आकर बस जाए: शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य प्रायोजित घुसपैठ झारखंड के लिए एक गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है, जहां कोई भी आए और बस जाए। यहां एक रैली के दौरान चौहान ने कहा, विदेशी घुसपैठिये झारखंड के लिए गंभीर खतरा हैं। यह देश हमारा है। जमीन, पानी, जंगल, नदियां, पहाड़ और खेत हमारे हैं। हम किसी और को इन्हें हमसे छीनने नहीं देंगे। चौहान राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिये राज्य में आ रहे हैं और आदिवासी बेटियों को भ्रम के जाल में फंसाकर उनसे शादी कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर घुसपैठ को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन इन घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानता है। वोटों के लालच में वे उन्हें संरक्षण दे रहे हैं, उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा रहे हैं। उन्हें आधार कार्ड और राशन कार्ड जारी करवा रहे हैं। स्थिति यह है कि संथाल परगना में आदिवासियों की आबादी 44 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत रह गई है। चौहान ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही नागरिकता रजिस्टर बनाया जाएगा और विदेशी घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि गौ तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
लड़की बहिन योजना का विरोध कर एमवीए ने अपने घोषणापत्र में किया शामिल: सीएम शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को शिवाजीनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्षी दल महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने पहले लड़की बहिन योजना का विरोध किया था, लेकिन जब यह योजना लोगों में लोकप्रिय हुई, तो उन्होंने इसे अपने घोषणापत्र में शामिल कर लिया। सीएम ने यह भी कहा कि अगर 2022 में एमवीए सरकार को नहीं गिराया जाता, तो राज्य 10-15 साल पीछे जा सकता था।
सीएम शिंदे ने कहा कि किसी योजना का विरोध करना और फिर उसकी नकल करना एमवीए के दोहरे मानदंडों को दर्शाता है, जिसमें शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'एमवीए ने युवाओं को बेरोजगारी वजीफे के रूप में 4000 रुपये देने का वादा किया है। लेकिन महायुति ने पहले ही वह योजना शुरू कर दी है और 10,000 रुपये तक दे रही है। महाराष्ट्र ने डबल इंजन सरकार का जादू देखा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न योजनाओं के लिए राज्य की मदद कर रहे हैं।' सीएम शिंदे ने एमवीए पर जाति के आधार पर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने राज्य में विकास कार्यों को रोक दिया है।
वायनाड में प्रियंका गांधी का चुनाव प्रचार करने पहुंचीं पहलवान विनेश
#WATCH | Wayanad, Kerala: Congress leader Vinesh Phogat says, "The campaigning is going very well and we are getting a lot of support from the public...I urge the public to vote for Priyanka Gandhi Vadra...Rahul Gandhi and Priyanka Gandhi Vadra have a lot of love and respect for… pic.twitter.com/cjW7fRCTKo
— ANI (@ANI) November 9, 2024
नगालैंड की राज्यसभा सांसद ने झारखंड में किया चुनाव प्रचार
#WATCH | Khunti: On her campaign for Jharkhand assembly elections, BJP Rajya Sabha MP S Phangnon Konyak says, "The position of the BJP looks good in Jharkhand because the people now want development. The atmosphere is good... I am also a tribal. I am in the BJP and I am an MP,… pic.twitter.com/mo0L0ts37w
— ANI (@ANI) November 9, 2024
वायनाड में चुनाव आयोग की सख्ती; महाराष्ट्र में पूर्व सांसद सुभाष वानखेड़े पार्टी से निष्कासित
सियासी सरगर्मी बढ़ी: मतदान जागरूकता अभियान चला रहा चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को 'उत्सव निवदनुकिचा, अभिमान महाराष्ट्रचा' (चुनावों का त्योहार, महाराष्ट्र का गौरव) एक मतदान जागरूकता अभियान शुरू किया, जिसका उद्देश्य मतदान में वृद्धि करना है। इस दौरान अधिकारियों ने एक घोषणा की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को स्याही लगी उंगली दिखाने पर मुंबई की चुनिंदा दुकानों, रेस्तरां और मल्टीप्लेक्स में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। एक अधिकारी ने कहा कि मतदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल व्यापारियों, मल्टीप्लेक्स मालिकों और रेस्तरां मालिकों के संघों के साथ चर्चा के बाद की जा रही है।
गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित कार्यक्रम में चुनाव आयोग, मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई नगर निगम के अधिकारियों के अलावा अभिनेता वर्षा उसगांवकर, मोहन जोशी, रोहित शेट्टी और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे सहित कई मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। इंडिया पोस्ट ने समारोह में एक विशेष रद्दीकरण भी जारी किया जो 20 नवंबर तक चालू रहेगा।