Lokmanthan 2022: गुवाहाटी में 22 से 24 सितंबर तक होगा कार्यक्रम, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे उद्घाटन
Lokmanthan 2022: इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी उपस्थित रहेंगे, जबकि 24 सितंबर के समापन कार्यक्रम के अवसर पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान लोगों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर आरएसएस के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी उपस्थित रहेंगे...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश का प्रसिद्ध लोकमंथन कार्यक्रम इस बार असम की राजधानी गुवाहाटी में आयोजित होगा। 22 से 24 सितंबर के बीच आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी उपस्थित रहेंगे, जबकि 24 सितंबर के समापन कार्यक्रम के अवसर पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान लोगों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर आरएसएस के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम आरएसएस के आनुषंगिक संगठनों के द्वारा दो वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है, जिसमें देश की लोककलाओं के प्रदर्शन के साथ-साथ राष्ट्रीय विषयों पर चिंतन भी किया जाता है।
प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक नंदकुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में लोकमंथन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम का तीसरा एडिशन है। इसकी शुरुआत 2016 में भोपाल में एक कार्यक्रम के साथ की गई थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की अभिव्यक्ति देश की लोक परंपरा और संस्कृति में निहित होती है। इस मंच पर पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की कला-संस्कृति के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
लोकमंथन में देशभर से आये विद्वान राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता इसकी विभिन्नता में समाहित है। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिये सभी वर्गों के विचार और संस्कृति को सम्मानित करने का काम भी किया जायेगा। आरएसएस नेता ने बताया कि संघ आपसी संवाद के जरिये किसी निष्कर्ष तक पहुंचने को महत्व देता है। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।