{"_id":"5c925456bdec22142773ae4a","slug":"lok-sabha-elections-2019-shatrughan-sinha-may-contest-on-congress-ticket-from-patna-sahib","type":"story","status":"publish","title_hn":"पटना सीट मिलते ही कांग्रेस के हो जाएंगे शत्रुघ्न सिन्हा...पर यहां फंसा है पेच ","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
पटना सीट मिलते ही कांग्रेस के हो जाएंगे शत्रुघ्न सिन्हा...पर यहां फंसा है पेच
Wed, 20 Mar 2019 09:29 PM IST
अमित मंडल
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: अमित मंडल
Updated Wed, 20 Mar 2019 09:29 PM IST
विज्ञापन
महागठबंधन
राजनीति ऐसी ही होती है कि इंसान के सामने मंजिल है, मगर वह चाहकर भी वहां तक पहुंच नहीं पाता। भाजपा के बागी सांसद रहे शत्रुघ्न सिन्हा के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है। वे कांग्रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं और कांग्रेस भी उन्हें लेने के लिए राजी है, मगर फिर भी यह मिलन इन दोनों के हाथ में नहीं है। अगर लालू यादव चाहेंगे तो ही यह मिलन संभव होगा।
विज्ञापन
शत्रुघ्न सिन्हा, कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। कांग्रेस कह रही है कि अगर आरजेडी ने पटना सीट हमें दे दी तो शत्रुघ्न सिन्हा एक मिनट के भीतर कांग्रेस ज्वाइन कर लेंगे। अगर आरजेडी ऐसा नहीं करती है तो सिन्हा आरजेडी में जा सकते हैं।
विज्ञापन
बता दें कि बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस, आरजेडी, उपेंद्र कुशवाह की पार्टी आरएसएलपी, जीतनराम मांझी की पार्टी एसएएम (एस), मुकेश साहनी की विकासशील इंसाफ पार्टी और शरद यादव के लोकतांत्रिक जनता दल में खींचातानी चल रही है। बुधवार को 24-अकबर रोड स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि बिहार में गठबंधन होने जा रहा है। यह एक मजबूत गठबंधन होगा। घोषणा होने में देरी हो रही है, यह सही है।
विज्ञापन
सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत फाइनल दौर में है। एक-दो दिन में यह घोषणा कर दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी ने पहले 15 सीट मांगी थी। बाद में 11-12 पर सहमति बन गई। अब जो दूसरे सहयोगी दल हैं, उनमें से कोई चार-चार तो कोई पांच सीट मांग रहा है। आरजेडी की तरफ से कहा गया था कि वह 40 में से 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी सहयोगियों के लिए छोड़ दी गई हैं।
इनमें उपेंद्र कुशवाह की पार्टी आरएसएलपी को चार, जीतनराम मांझी को तीन और शरद यादव व मुकेश साहनी को दो-दो सीटें देने की बात हुई थी। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के हिस्से केवल 9 सीट आती हैं। अभी इसी पर बातचीत चल रही है कि कांग्रेस को कम से कम 11 सीटें तो मिलनी चाहिए।
लालू यादव तय करेंगे शत्रुघ्न सिन्हा का भविष्य...
शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर कांग्रेस परेशान है। वजह, पटना लोकसभा सीट है। आरजेडी इस सीट को अपने पास रखना चाह रही है तो वहीं कांग्रेस भी इस सीट पर अपना दावा जता रही है। कांग्रेस ने इतना भी कह दिया है कि अगर पटना सीट हमें मिल जाती है तो उसी वक्त शत्रुघ्न सिन्हा की कांग्रेस में ज्वाइनिंग हो जाएगी। इस बाबत आरजेडी से बात हो रही है। उम्मीद है कि वे यह सीट कांग्रेस पार्टी को दे देंगे। अगर यह सीट कांग्रेस को नहीं मिलती है तो शत्रुघ्न सिन्हा आरजेडी में जा सकते हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा खुद कई बार कह चुके हैं कि पटना साहेब मेरी पहली पसंद है, पटना साहेब मेरी दूसरी पसंद है और पटना साहेब मेरी आखिरी पसंद है। कांग्रेस पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि गठबंधन की घोषणा एक-दो दिन में हो जाएगी। बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने कम से कम 11 सीटें मांगी हैं।