एआई: जेनसन हुआंग के जाने से कितनी बदलेगी एआई की दुनिया? एनवीडिया और टेक इंडस्ट्री पर क्या होगा असर?
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
दुनिया की एआई इंडस्ट्री में एनवीडिया की भूमिका कितनी अहम है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां अपने एआई मॉडल तैयार करने के लिए उसके बनाए चिप्स पर निर्भर हैं। ऐसे में कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ जेनसन हुआंग द्वारा अपने पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद टेक्नोलॉजी जगत में हलचल मची हुई है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और जासूसी से जुड़े विवादों के बीच अपने पद से इस्तीफा दिया है। इसके बाद कंपनी की सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जेनसन हुआंग सिर्फ एनवीडिया के प्रमुख नहीं थे बल्कि उन्हें दुनिया में एआई क्रांति को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख चेहरों में गिना जाता है। इन्हीं के नेतृत्व में एनवीडिया ने खुद को गेमिंग चिप बनाने वाली कंपनी से एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की सबसे बड़ी ताकतों में शामिल कर लिया। एनवीडिया ने दुनिया की कई बड़ी एआई कंपनियो को चिप्स और निवेश के जरिए आगे बढ़ने में मदद की है। ऐसे में उनके द्वारा इस्तीफा देने के बाद से कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या एनवीडिया अपनी मौजूदा रफ्तार बनाए रख पाएगी? क्या एआई चिप्स की सप्लाई और दूसरी कंपनियों के साथ उसकी साझेदारियों पर असर पड़ेगा? और सबसे महत्वपूर्ण क्या इससे पूरी एआई इंडस्ट्री की भविष्य की रणनीति बदल सकती है?
जेनसन हुआंग के इस्तीफे का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। एनवीडिया के शेयरों में गिरावट आई है। जेनसन हुआंग के नेतृत्व में एनवीडिया ने कई एआई स्टार्टअप्स और डाटा सेंटर कंपनियों में निवेश करके एक बड़ा कारोबारी नेटवर्क तैयार किया था। आज के समय यह कंपनी सिर्फ चिप्स बेचने तक सीमित नहीं है बल्कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार में भी अहम भूमिका निभा रही है। ऐसे में नेतृत्व बदलने से निवेशकों के बीच कंपनी की भविष्य की रणनीति को लेकर अनश्चितता बढ़ सकती है। इसका असर नई एआई परियोजनाओं की फंडिंग पर भी पड़ सकता है।
दूसरी ओर इस पूरे घटनाक्रम ने अमेरिका और चीन के बीच टेक्नोलॉजी को लेकर चल रहे तनाव को भी चर्चा में ला दिया है। अगर इस विवाद के बाद अमेरिकी सरकार एआई चिप्स के निर्यात पर और सख्ती करती है, तो अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है। इससे उन देशों की कंपनियों के सामने मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आधुनिक चिप्स पर निर्भर हैं। इसका नतीजा यह हो सकता है कि कुछ नए डाटा सेंटर और एआई प्रोजेक्ट्स को शुरू करने में देरी हो सकती है। हालांकि, ये संभावित असर हैं अभी इन्हें निश्चित नतीजा नहीं माना जा सकता।
एनवीडिया के सामने फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि कंपनी मजबूत कारोबारी स्थिति में खड़ी है। उसके पास कमाई का बड़ा आधार है और दुनिया भर में उसके चिप्स की मांग बनी हुई है। इसलिए नेतृत्व में बदलाव को पूरी एआई इंडस्ट्री के तुरंत संकट में आने का संकेत नहीं माना जा सकता। कंपनी के ताजा तिमाही नतीजों के मुताबिरक एनवीडिया ने 96.2 अरब डॉलर का कुल रेवेन्यू दर्ज किया। इसमें 89 अरब डॉलर की कमाई डाटा सेंटर बिजनेस से हुई जबकि ऑपरेटिंग इनकम 63.7 अरब डॉलर रही। जेनसन हुआंग के जाने से असली चुनौती आगे की है। नए चिप्स और सिस्टम समय पर विकसित करना, ग्राहकों का भरोसा बनाए रखना और सप्लाई चेन को संभालना नए नेतृत्व की परीक्षा होगी।
एनवीडिया में जेनसन हुआंग के इस्तीफा देने का असर केवल कंपनी तक सीमित रहेगा या इसका प्रभाव पूरी एआई इंडस्ट्री पर भी दिखाई देगा? इस सवाल पर विशेषज्ञों की राय है कि जेनसन हुआंग के जाने से एआई सेक्टर की रफ्तार अचानक धीमी नहीं होगी। आज यह उद्योग इतना व्यापक हो चुका है कि इसकी प्रगति किसी एक सीईओ या कंपनी के नेतृत्व पर निर्भर नहीं करती। इसमें सेमीकंडक्टर निर्माता, क्लाउड कंपनियां, डाटा सेंटर और एआई सॉफ्टवेयर विकसित करने वाली कई कंपनियां मिलकर काम करती हैं।
अमेरिकी थिंक टैंक फाउंडेशन फॉर अमेरिकन इनोवेशन के सीनियर फेलो और एआई पॉलिसी विशेषज्ञ रयान फेडासियुक ने भी इसी ओर इशारा किया है। उनके मुताबिक इतनी बड़ी इंडस्ट्री का भविष्य किसी एक व्यक्ति के कंधों पर नहीं टिका हो सकता। फेडासियुक के मुताबिक, हुआंग ने एनवीडिया और अमेरिकी सेमीकंडक्टर उद्योग को जो मजबूत आधार दिया है उसका फायदा कंपनी को आगे भी मिलता रहेगा। इसलिए उनके इस्तीफे से चिप सप्लाई चेन पर तत्काल बड़े असर की आशंका नहीं है। खासकर टीएसएमसी जैसी कंपनियों के कारोबार पर इसका सीधा प्रभाव पड़ना जरूरी नहीं है। ये कंपनियां एनवीडिया के लिए चिप निर्माण और सप्लाई का अहम हिस्सा हैं।
हालांकि, आने वाले समय में नए नेतृत्व की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उसे न केवल कंपनी की मौजूदा रणनीति को आगे बढ़ाना होगा बल्कि तकनीकी विकास, सप्लायर्स के साथ संबंध और ग्राहकों का भरोसा भी बनाए रखना होगा। असली परीक्षा यही होगी कि एनवीडिया हुआंग के बनाए मजबूत आधार पर आगे कितनी सफलतापूर्वक अपना सफर जारी रख पाती है।