Interview: जब रॉबर्ट वाड्रा बोले- केजरीवाल अवसरवादी, दिग्विजय अनुभवहीन; मणिशंकर अय्यर को बताया बड़बोला
Interview: रॉबर्ट वाड्रा ने हाल में एक इंटरव्यू में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अवसरवादी, दिग्गज कांग्रेसी दिग्विजय सिंह को अनुभवहीन व मणिशंकर अय्यर को बड़बोला बता दिया था।
विस्तार
रॉबर्ट वाड्रा उद्योगपति और कांग्रेस के बहुचर्चित सियासी परिवार के दामाद हैं। प्रियंका गांधी उनकी पत्नी और सोनिया गांधी सास हैं। कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी के बहनोई हैं। जब ससुराल ही सियासी हो, तो भला सियासत में उतरने की इच्छा क्यों न होगी। वाड्रा के मन में भी कई बार यह इच्छा जगी। उन्होंने खुलकर इजहार भी किया। अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवालों पर भी ऐसी ही इच्छा जाहिर की। यह और बात है कि उनकी इच्छा पूरी न हो सकी। वैसे, वाड्रा की खास बात यह है कि सवाल पूछो तो बिंदास अंदाज में जवाब देते हैं। हाल में एक इंटरव्यू में उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को अवसरवादी, दिग्गज कांग्रेसी दिग्विजय सिंह को अनुभवहीन व मणिशंकर अय्यर को बड़बोला बता दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
वाड्रा ने इंटरव्यू में सिर्फ एक शब्द में जवाब देते हुए ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने केजरीवाल को अवसरवादी कहा, तो याद दिलाया गया कि आप व कांग्रेस दिल्ली में मिलकर चुनाव मैदान में हैं। तब वाड्रा ने कहा, यह मेरा विचार है। हाल में पाकिस्तान के पास परमाणु बम का हवाला देते हुए भारत को उससे बातचीत की सलाह देने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर पर उन्होंने कहा कि वे बड़बोले हैं।
पित्रोदा को सेवानिवृत्त ही रहना चाहिए...
वाड्रा ने कांग्रेस को अपनी टिप्पणियों से मुश्किल में डालने वाले सैम पित्रोदा पर भी टिप्पणी की। कहा, सेवानिवृत्त व्यक्ति को सेवानिवृत्त ही रहना चाहिए। पित्रोदा ने हाल में भारतीयों के त्वचा के रंग को लेकर टिप्पणी की थी।
प्रियंका को कौन रोक रहा चुनाव लड़ने से : वाड्रा ने इस सवाल पर कहा, कोई नहीं। प्रियंका खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं। खुद के राजनीति में आने के सवाल पर कहा कि अगर लोगों ने चाहा और उनके परिवार ने कहा तो वह राजनीति में जरूर आएंगे।