Updates: महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार को डेंगू, डॉक्टर प्लेटलेट काउंट कम होने से चिंतित; पढ़ें अहम खबरें
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री डेंगू बुखार से पीड़ित हैं। पिछले चार दिनों से डेंगू से पीड़ित होने के बाद बुखार और कमजोरी से पीड़ित अजित पवार का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि प्लेटलेट काउंट चिंता का कारण है। उन्हें आराम की जरूरत है।
विस्तार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को डेंगू बुखार हुआ है। डेंगू बुखार के कारण अजित पवार का प्लेटलेट काउंट कम हो गया है। सेहत खराब होने के कारण 64 साल के पवार मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल नहीं हुए। डॉक्टरों ने बताया कि अजित पवार की सेहत की जांच करने के लिए बुधवार को सोनोग्राफी के साथ-साथ उनका प्लेटलेट्स काउंट टेस्ट भी किया जाएगा। डॉक्टर ने कहा कि मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद फैसला लिया जाएगा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाए या नहीं।
बुखार के कारण कमजोरी, आराम की जरूरत
मंगलवार देर रात पत्रकारों से बात करते हुए, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता सुनील तटकरे (अजित पवार समूह के) के साथ डॉ. संजय कपोटे ने कहा कि डिप्टी सीएम अजित की प्लेटलेट और सफेद रक्त कोशिका (WBC) की गिनती कम हो गई है। कपोटे ने कहा, "वह पिछले तीन-चार दिनों से डेंगू से पीड़ित हैं। उन्हें बुखार और कमजोरी है और आराम की जरूरत है।"
एनसीपी नेता का भरोसा- पूरी ताकत से लौटेंगे अजित पवार
राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि डेंगू पीड़ित पवार को अगले कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है। पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "अजित पवार अपनी सार्वजनिक सेवा जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। एक बार पूरी तरह से ठीक होने के बाद वह अपने समर्पित सार्वजनिक कर्तव्यों को जारी रखने के लिए पूरी ताकत से वापस आएंगे।"
राकांपा दो-फाड़, अजित पवार का पार्टी पर दावा
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महाविकास अघाड़ी सरकार गिरने के बाद एकनाथ शिंदे ने सीएम की कुर्सी संभाली। अजित पवार इसी साल 2 जुलाई को सरकार में शामिल हुए। अजित पवार आठ अन्य वरिष्ठ राकांपा नेताओं के साथ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हुए। पवार के इस कदम के बाद चाचा शरद पवार से उनके रास्ते अलग हो गए।पार्टी में विभाजन हो गया। अजित पवार का दावा है कि उन्हें राज्य के 53 एनसीपी विधायकों में से 40 से अधिक का समर्थन प्राप्त है।
जिसकी कार से नौ लोगों की मौत हुई, उसके पिता को जमानत मिली
गुजरात हाईकोर्ट ने सड़क दुर्घटना के दौरान मौके पर चश्मदीदों को धमकाने के आरोपी एक व्यक्ति को बुधवार को सशर्त जमानत दे दी। मामले में उसके बेटे ने कथित तौर पर इस साल जुलाई में अहमदाबाद में भीड़ पर तेज रफ्तार लक्जरी कार चढ़ाकर दी थी। इस दौरान नौ लोगों की मौत हो गई थी और 13 अन्य को घायल हो गए थे। आरोपी प्रग्नेश पटेल को न्यायमूर्ति एमआर मेंगडे की अदालत ने इस शर्त पर जमानत दी थी कि वह मुकदमे के समापन तक मुकदमे में भाग लेने के अलावा अहमदाबाद शहर में प्रवेश नहीं करेगा और ट्रायल कोर्ट की पूर्व अनुमति के बिना भारत नहीं छोड़ सकता है। उसे 20 जुलाई को शहर के एसजी हाईवे पर एक फ्लाईओवर पर हुई दुर्घटना के कुछ घंटों बाद लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह जेल में हैं। प्रग्नेश पटेल को दुर्घटनास्थल पर एकत्र हुए चश्मदीदों को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जहां वह बाद में पहुंचे और अपने बेटे को अस्पताल ले गए।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ड्रग्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब और राजस्थान में छापों के बाद 4.5 करोड़ रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। ईडी अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को अक्षय कुमार छाबड़ा और उसके सहयोगियों के पंजाब के लुधियाना, मोहाली, चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर और राजस्थान के गंगानगर में 25 आवासीय और वाणिज्यिक ठिकानों पर छापे की कार्रवाई शुरू की गई। ईडी ने एनसीबी की शिकायत के आधार पर छाबड़ा और उसके सहयोगियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है। एनसीबी ने छाबड़ा के पास से 20.32 किलो हेरोइन जब्त किया था।
केरल में सत्तारूढ़ वामपंथी सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि राज्य भारी वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। सरकार ने केरल परिवहन विकास वित्त निगम (केटीडीएफसी) लिमिटेड के एक जमाकर्ता को भुगतान करने से जुड़े मामले में हलफनामे में यह बात कही। सरकार ने अदालत को बताया कि हमारा राज्य वित्तीय संकट के दौर से गुजर रहा है। किसी भी मौद्रिक लाभ को सरकार के पास उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के भीतर ही अनुमति दी जानी चाहिए। हालांकि, सरकार की इन दलीलों से हाईकोर्ट प्रभावित नहीं हुआ।
बंगलूरू: कई लोगों पर हमला कर चुके तेंदुए को वनकर्मियों ने मार गिराया
पिछले पांच दिनों से बंगलूरू के लोगों के लिए आतंक का पर्याय बन चुके एक तेंदुए को बुधवार को वनकर्मियों ने मार गिराया। तीन दिनों के गहन तलाशी अभियान के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने बंगलूरू दक्षिण में इलेक्ट्रॉनिक सिटी के पास कुडलू गेट पर देखा। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने इसे पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगाया था लेकिन, जब वह फंस नहीं पाया तो गोलियां चलाई गईं।
एसडीपीओ की हत्या के बाद पकड़े म्यांमार के 32 लोग
मणिपुर पुलिस, असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने राज्य के मोरेह शहर में बुधवार को तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान, करीब 44 लोगों को हिरासत में लिगा गया, इनमें से 32 म्यांमार मूल के बताए जा रहे हैं। यह अभियान मोरेह के एसडीपीओ चिंगथम आनंद की हत्या के बाद राज्य में बलों की ओर से शुरू की गई कार्रवाई के एक हिस्से के रूप में चलाया गया। आनंद की कथित तौर पर कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार सुबह तेंग्नौपाल जिले में घात लगाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिन क्षेत्रों में उग्रवादी सक्रिय हैं वहां लगातार गश्त जारी है।
कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीप के खिलाफ एक महिला ने यह आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है कि उनके कुत्तों ने उसे काट लिया। पुलिस के अनुसार महिला आरआर नगर में अभिनेता के घर के पास खाली जगह पर अपनी कार खड़ी कर एक कार्यक्रम में गई थीं।
असम एसटीएफ ने जब्त किए डेढ़ लाख के जाली नोट
असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गुवाहाटी में लगभग डेढ़ लाख के जाली नोट जब्त किए हैं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। डीआइजी (एसटीएफ) पार्थ सारथी महंत ने कहा कि गुप्तू सूचना के आधार पर एसटीएफ ने मंगलवार शाम को लालमाटी के एक होटल में छापा मारा। इस दौरान टीम ने मौके से 500 रुपये के 280 जाली नोट, 2 मोबाइल, एक प्रिंटिंग मशीन और बड़ी मात्रा में नोट बनाने की सामग्री बरामद की। साथ ही आरोपी नजरूल मजूमदार (35) को भी पकड़ लिया है।
डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र के प्रति जागरूकता अभियान
पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र के प्रति जागरूक करने के लिए केंद्र सरकार बृहस्पतिवार से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने बुधवार को एक बयान में कहा कि 30 नवंबर तक देशभर के 100 शहरों के 500 स्थानों पर 50 लाख पेंशनभोगियों के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा और उन्हें इसकी उपयोगिता के बारे में बताया जाएगा।
आठ माह की गर्भवती अभिनेत्री की हृदयाघात से मौत, शिशु को बचाया
आठ महीने की गर्भवती मलयालम सीरियल अभिनेत्री डॉ. प्रिया (35) की यहां एक निजी अस्पताल में हृदयाघात से मौत हो गई। बुधवार को उनके एक सहकर्मी, अभिनेता किशोर सत्या ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हालांकि, डॉक्टरों ने उनके बच्चे को बचा लिया है और वह अभी वेंटिलेटर पर है। डॉ. प्रिया स्त्री रोग सहायक के रूप में भी काम करती थीं।
देश के 70 फीसदी ग्रामीण घरों तक पहुंचा नल से जल
जल जीवन मिशन ने एक और उपलब्धि हासिल की है। देश के 70 फीसदी यानी 13 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंच गया है। जल जीवन मिशन दिसंबर, 2024 तक शत प्रतिशत ग्रामीण घरों को नल से जल देने का लक्ष्य है। विभाग के दावे के मुताबिक तेजी से चल रहे काम के चलते वह इस लक्ष्य को तय समय से पूर्व ही हासिल कर लेगा।
देशभर में आसानी से पहुंचेगा बीमा, उच्चस्तरीय पैनल का किया गठन
बीमा नियामक इरडाई ने देश भर में बीमा उत्पादों को आसानी से पहुंचाने की योजना बनाई है। इसके लिए उसने बैंकों के साथ भागीदारी बढ़ाने के लिए एक उच्चस्तरीय पैनल का गठन किया है। बड़े नेटवर्क के बावजूद कॉरपोरेट एजेंटों के रूप में बैंकों का योगदान 2022-23 में गैर-जीवन प्रीमियम का 5.93 प्रतिशत और जीवन बीमा के नए व्यवसाय प्रीमियम का केवल 17.44 प्रतिशत था। भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) ने कहा, बैंकों के पास बीमा एजेंट के रूप में बीमा वितरण के लिए एक अलग कंपनी बनाने का विकल्प है। लेकिन बैंकों ने इस तरह का प्रयोग नहीं किया है। एक सर्कुलर में इसने कहा, देश के कोने-कोने तक बीमा उत्पाद उपलब्ध कराने का एक तरीका विशाल बैंक शाखा नेटवर्क है। पैनल इस मॉडल में अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं की भी जांच करेगा।
भागवत और आदित्यनाथ 24 नवंबर को बैंकॉक में विश्व हिंदू सम्मेलन को करेंगे संबोधित
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महीने के अंत में बैंकॉक में विश्व हिंदू कांग्रेस-2023 को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी। विश्व हिंदू फाउंडेशन की ओर से 24 नवंबर से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह इसका तीसरा संस्करण है। पहला संस्करण 2014 में दिल्ली में और दूसरा 2018 में शिकागो में आयोजित किया गया था। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के संयुक्त महासचिव स्वामी विज्ञानानंद ने एक बयान में कहा, बैंकॉक विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) 2023 की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
महिला आरक्षण 2024 चुनाव से पहले लागू करने की याचिका पर कल सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने वाला कानून 2024 चुनाव से पहले लागू करने की मांग करने वाली याचिका पर 3 नवंबर को सुनवाई करेगा। जया ठाकुर की इस याचिका पर जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एसवीएन भाटी की पीठ सुनवाई करेगी। याचिकाकर्ता ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में दी गई उस शर्त को अमान्य घोषित करने की मांग की है।
भारत और सिंगापुर ने दोनों देशों के बीच जारी रक्षा सहयोग की 15वीं भारत-सिंगापुर रक्षा नीति वार्ता में बुधवार को समीक्षा की। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस वार्ता की रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और सिंगापुर के स्थायी सचिव (रक्षा) चान हेंग की ने सह-अध्यक्षता की। दोनों वार्ताकार पक्षों ने भारत व सिंगापुर के बीच युद्ध अभ्यास व साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग को और आगे ले जाने के लिए भी अपनी सहमति दी।
बांग्लादेश के पबना में ईश्वरडी जंक्शन के पास मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन पर देशी बम फेंके गए। इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई क्योंकि गुजरती ट्रेन के बगल में देशी बम फट गए। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब कोलकाता से ट्रेन ढाका की ओर जा रही थी।