फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 16th Sept Gujarat Police Google Suvendu on Abhishek north east west south politics crime news

न्यूज डायरी: ऋतब्रत बनर्जी को चुनाव आयोग का नोटिस, 17 सितंबर को पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सुनवाई

Wed, 16 Sep 2026 10:25 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 16 Sep 2026 10:25 PM IST
विज्ञापन
National Updates 16th Sept Gujarat Police Google Suvendu on Abhishek north east west south politics crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
गुजरात पुलिस दिग्गज टेक कंपनी गूगल से पूछताछ करने की तैयारी में है। यह पूछताछ उन पांच लाख से अधिक जीमेल खातों के संबंध में की जाएगी, जिन्हें राज्य के सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी भेजने के लिए एक बड़े आपराधिक नेटवर्क की ओर से बनाया और संचालित किया जा रहा था। अपराधियों की ओर से वित्तीय धोखाधड़ी के लिए गूगल के वेब डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म फायरबेस का दुरुपयोग किए जाने को लेकर भारत में पहले से ही टेक कंपनी के खिलाफ जांच चल रही है। गुजरात पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस को 5,13,847 जीमेल आईडी और उनके पासवर्ड मिले हैं, जिनका इस्तेमाल साल 2022 से किया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इतनी बड़ी तादाद में फर्जी खातों का मिलना अपने आप में एक अनोखा और बेहद गंभीर मामला है। पुलिस की दो-टूक, गूगल को नीतियां बदलनी होंगी:  गुजरात पुलिस के साइबर अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी विवेक भेडा ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में फर्जी जीमेल खातों का इस्तेमाल पहले कभी नहीं देखा गया। यह बेहद गंभीर मामला है। 
विज्ञापन


चंद्रनाथ रथ की हत्या में अभिषेक बनर्जी के गैंग का हाथ: सीएम शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के पीछे अभिषेक गैंग का हाथ है और शूटरों को दो करोड़ रुपये की सुपारी दी गई थी। शुभेंदु ने यह भी दावा किया कि उन्होंने डायमंड हार्बर के कई लोगों की कॉल रिकॉर्डिंग सुनी है, जिनमें कथित तौर पर हत्या की साजिश से जुड़े संकेत मिलते हैं।
विज्ञापन

सीआरपीएफ ने निलंबित डीआईजी बिधान चंद्र का निलंबन वापस लिया
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने मंगलवार को अपने वरिष्ठ अधिकारी और 1994 बैच के कैडर उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बिधान चंद्र पात्रा का लगभग तीन महीने पुराना निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से मामले के गुण-दोषों की समीक्षा करने और 27 अगस्त को निर्देश देने के करीब 20 दिन बाद यह आदेश जारी किया गया। डीआईजी पात्रा को 18 जून को निलंबित किया गया था। उन पर सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा करने का आरोप था, जिसमें कथित तौर पर 2026 में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) बिल पास होने के दौरान सरकार में बदलाव की बात कही गई थी।

ECI ने ऋतब्रत बनर्जी को भेजा पत्र, 17 सितंबर को AITC मामले में सुनवाई
भारत निर्वाचन आयोग ने ऋतब्रत बनर्जी को पत्र भेजकर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से जुड़े मिले अभ्यावेदनों पर सुनवाई तय की है। आयोग 17 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में बनर्जी और उनके पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सुनवाई करेगा। 
विज्ञापन

को-लोकेशन घोटाले में चित्रा रामकृष्ण की याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने एनएसई की पूर्व प्रबंध निदेशक चित्रा रामकृष्ण की याचिका खारिज कर दी। चित्रा ने दिल्ली हाईकोर्ट के 9 जुलाई के फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनके खिलाफ भ्रष्टाचार-रोधी कानून के तहत अपराधों का संज्ञान लेने वाले ट्रायल कोर्ट के आदेश के खिलाफ उनकी अर्जी खारिज कर दी थी।
विज्ञापन

उत्तराखंड में पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी के नेटवर्क पर निगरानी के लिए बनेगी सेल
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की गतिविधियों पर निगरानी तेज कर दी गई है। इसके लिए उत्तराखंड पुलिस ने खास तैयारी की है। इंटेलीजेंस राज्य और जिला स्तर पर सोशल मीडिया निगरानी सेल का गठन करेगी। ताकि, प्रदेश में भट्टी के नेटवर्क को पनपने से रोका जा सके। इंटेलीजेंस की बैठक में अब तक इस नेटवर्क के बारे में सामने आए तथ्यों के आधार पर विशेष निगरानी बरते के निर्देश दिए गए।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने ममता बनर्जी की रैली में दिए बयान से जुड़ी PIL खारिज की
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बुधवार को पूर्व पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक सार्वजनिक रैली में दिए कथित बयान से जुड़ी जनहित याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि यह मामला जनहित याचिका के तौर पर सुनवाई योग्य नहीं है। यह याचिका एक वकील ने दायर की थी। इसमें दिसंबर 2025 में बांग्लादेशी कार्यकर्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या को लेकर ममता बनर्जी के 2 जून को कोलकाता में एक राजनीतिक रैली में दिए गए कथित बयान का मुद्दा उठाया गया था। याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि इन टिप्पणियों का भारत के राष्ट्रीय हित पर असर पड़ा। ममता बनर्जी के वकीलों ने अदालत में कहा कि याचिकाकर्ता यह नहीं बता सका कि उनके बयान से आधिकारिक गोपनीयता कानून की किस धारा का उल्लंघन हुआ है।

अरुणाचल प्रदेश की पर्यावरण कार्यकर्ता भानु ताताक पर एफआईआर
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अरुणाचल प्रदेश की पर्यावरण कार्यकर्ता और वकील भानु ताताक के खिलाफ विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) के प्रावधानों का उल्लंघन में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि बिना पंजीकरण या पूर्व अनुमति के 20.94 लाख रुपये का विदेशी धन प्राप्त किया। एजेंसी का आरोप है कि इस पैसे का इस्तेमाल राज्य में दो जलविद्युत परियोजनाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों को आयोजित करने और जारी रखने के लिए किया गया था। इन आरोपों पर भानु ताताक की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। सीबीआई की आर्थिक अपराध-द्वितीय शाखा ने 20 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी में भानु और अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया गया है।

 गुजरात एटीएस ने कांग्रेस नेता के बेटे को किया गिरफ्तार 

गुजरात एटीएस ने गुजरात महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष गीताबेन पटेल के बेटे हरिकेश पटेल को कथित फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार, ईडी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मूल पासपोर्ट अदालत में जमा होने के बावजूद उसने फर्जी दस्तावेजों और अलग फोटो के जरिए दूसरा पासपोर्ट बनवाया। जांच में दिल्ली के एक एजेंट के जरिए करीब 25 लाख रुपये देकर दस्तावेज तैयार कराने का आरोप है। एटीएस का कहना है कि इस पासपोर्ट से हरिकेश ने नेपाल और भूटान के रास्ते बैंकॉक, दुबई और सिंगापुर समेत कई देशों की यात्रा की। उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

शिलॉन्ग में सरकारी दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला, परिसर में खड़ी कार में लगी आग

मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग के रीसा कॉलोनी स्थित मिनरल रिसोर्सेस निदेशालय (डीएमआर) दफ्तर में बुधवार दोपहर अचानक पेट्रोल बम फेंके जाने से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 3:32 बजे हुए इस हमले के वक्त अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर के अंदर बैठक कर रहे थे। धमाके की आवाज सुनकर जब लोग बाहर आए तो परिसर में खड़ी एक कर्मचारी की कार के अगले हिस्से में आग लगी हुई थी। कर्मचारियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए महज चार-पांच मिनट में आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने मुख्य सचिव और पुलिस अफसरों के साथ मौके का मुआयना किया और पीड़ित कर्मचारी को सरकारी मुआवजा देने के साथ ही दफ्तरों में सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने के निर्देश दिए।

शहर में लगातार हो रहे इन हमलों से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि महज चार दिन पहले ही लबान पुलिस स्टेशन पर भी दो नकाबपोशों ने इसी तरह पेट्रोल बम फेंके थे, जिसमें पुलिस की गाड़ी को नुकसान पहुंचा था और दो जवान बाल-बाल बचे थे। लैतुमख्रह पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात हमलावरों की पहचान में जुटी है, हालांकि अभी तक हमले की वजह और इसके पीछे शामिल लोगों का सुराग नहीं लग सका है।

बंगलूरू में अगवा युवती को ले जा रही कार की टक्कर, दो बच्चों समेत छह लोग घायल
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के अग्रहारा दसरहल्ली इलाके में बुधवार को ऑनर किलिंग की नीयत से किए गए अपहरण के प्रयास ने सड़क पर भीषण हादसे का रूप ले लिया। परिजनों की मर्जी के खिलाफ शादी करने वाली 21 वर्षीय पूजा को उसकी के परिवार द्वारा भेजे गए चार आरोपियों ने घर से अगवा कर लिया और कार में भरकर भागने लगे। तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी भगाने के चक्कर में अपहरणकर्ताओं की कार ने सड़क पर कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नौ और 12 साल के दो बच्चों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 57 वर्षीय जयलक्ष्मी की हालत नाजुक बनी हुई है और वे आईसीयू में भर्ती हैं।

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के ग्राम मेलवास की रहने वाली पूजा ने करीब आठ-नौ महीने पहले अपने ही गांव के ओम प्रकाश (23) से प्रेम विवाह किया था। परिवार के विरोध के कारण दोनों बंगलूरू आकर रहने लगे थे। शादी से नाराज लड़की के परिवार ने उसे अगवा करने के लिए सद्दाम, राकेश, करण और अयान नाम के चार लोगों को भेजा था। हादसे के बाद गाड़ी चला रहा आरोपी सद्दाम मौके से फरार हो गया, जबकि राजस्थान के रहने वाले बाकी तीनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed