370 से लेकर आम लोगों के काम की बात तक, जानें प्रधानमंत्री के भाषण की बड़ी बातें
- पीएम बोले- 10 हफ्ते के अंदर अनुच्छेद 370, 35 ए का हटना पटेल के सपनों को पूरा करने में अहम कदम
- पीएम मोदी का एलान- तीनों सेना के प्रमुखों पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की होगी नियुक्ति
- पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना- 370 भाग्य बदलने वाला था तो इसे स्थाई क्यों नहीं किया
- पीएम की अपील- प्लास्टिक मुक्त भारत का करें निर्माण
- आतंकवाद को लेकर पाक पर परोक्ष रूप से साधा निशाना
- अफगानिस्तान को आने वाले स्वतंत्रता दिवस की भी बधाई दी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश आज 73वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से भाषण दिया। उन्होंने अपने भाषण में तीन तलाक से लेकर अनुच्छेद 370 तक पर अपनी बात रखी। चलिए जानते हैं उनके भाषण की बड़ी बातें-
तीन तलाक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा कि देश की मुस्लिम बेटियां डरी हुई थीं। भले ही वो तीन तलाक की शिकार नहीं बनी हों लेकिन उनके मन में डर रहता था। तीन तलाक को कई इस्लामिक देशों ने भी खत्म कर दिया था, तो हमने क्यों नहीं किया। अगर देश में सती प्रथा, दहेज और भ्रूण हत्या के खिलाफ कानून बना सकते हैं तो तीन तलाक के खिलाफ क्यों नहीं।
अनुच्छेद 370
प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना पटेल के सपने को साकार करने जैसा है। आजादी के बाद से अभी तक जिन्होंने देश के विकास में योगदान दिया है, उनको भी वह नमन करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई सरकार को दस हफ्ते भी नहीं हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में भी हर क्षेत्र में काम किया जा रहा है।
दस हफ्ते के भीतर ही अनुच्छेद 370, 35ए का हटना सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों को साकार करने में एक कदम है। विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए कहा कि अगर अनुच्छेद 370 जम्मू कश्मीर के हित में था तो आप लोगों ने इसे पर्मानेंट क्यों नहीं किया। अनुच्छेद 370 के हटने से एक देश एक संविधान का सपना साकार हुआ।
जल जीवन मिशन
पानी की समस्या को दूर करने के लिए सरकार आने वाले दिनों में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। जिसमें जल संचय, जल सिंचन, वर्षा के पानी को रोकना, खराब पानी को शुद्ध करना, समुद्री जल को पीने योग्य बनाना, पानी बचाने के काम करना शमिल होगा। जल संरक्षण का अभियान जन सामान्य का अभियान बनना चाहिए। यह सरकारी अभियान नहीं बनेगा। हम इसे स्वच्छ भारत अभियान की तरह जन-जन तक पहुंचाएंगे। पानी के क्षेत्र में पिछले 70 साल में जो काम हुआ है, हमें पांच साल में चार गुने से भी ज्यादा तेजी से काम को करना है।
भाई भतीजावाद
भाई-भतीजावाद आम जीवन में दीमक की तरह घुसा हुआ है। व्यवस्था चलाए जाने वाले लोगों के दिल, दिमाग में बदलाव की जरुरत है। भ्रष्टाचार दूर करने के लिए हर स्तर पर कोशिश जरुरी है। ईमानदारी, पारदर्शिता को बल देने की जरुरत है। भाई-भतीजावाद को दूर करने की जरुरत है। यह बीमारी अंदर तक है। इसे दूर करने के लिए अनेक प्रयास करते रहने होंगे। यह एकबार से खत्म होनेवाली चीज नहीं है।
जनसंख्या विस्फोट
हमारे यहां बेतहाशा जनसंख्या विस्फोट हो रहा है, यह जनसंख्या विस्फोट हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए अनेक संकट पैदा करता है। यह बात माननी होगी कि देश में एक जागरूक वर्ग है, जो इस बात को भली भांति समझता है। वह अपने घर में शिशु को जन्म देने से पहले भली भांति सोचता है कि मैं उसके साथ न्याय कर पाऊंगा। स्वयंप्रेरणा से एक छोटा वर्ग परिवार को सीमित करता है अपने परिवार का भी भला करता है, और देश का भी भला करता है। छोटे परिवार को रखकर वह देशभक्ति को अभिव्यक्त करते हैं। ऐसे लोग सम्मान के अधिकारी हैं।
पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था
पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था कई लोगों को मुश्किल लग सकती है, मैं मानता हूं चुनौती बड़ी है लेकिन सोचेंगे नहीं तो देश कैसे चलेगा, हम आगे कैसे बढ़ेंगे। हमारा सपना बड़ा होना चाहिए। आजादी के 70 सालों में देश दो ट्रिलियन इकोनॉमी तक पहुंचा। फिर 2014 से 19 तक हम लोग 2 से 3 ट्रिलियन तक पहुंच गए। देशवासी साथ चलें तो पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था मुश्किल नहीं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भारत को बाजार मानती है लेकिन अब हमें भी दुनिया के लिए तैयार रहना होगा। हर जिले में एक खूबी है, कोई पेंटिग के लिए मशहूर है तो कोई साड़ी के लिए। इसे दुनिया में प्रचारित करना चाहिए। देश के उत्पाद को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाना जरूरी है।
60 कानूनों को खत्म किया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने रोजाना एक कानून को खत्म किया है, ताकि लोगों पर से बोझ कम हो सके। इस सरकार के दस हफ्तों में भी 60 कानूनों को खत्म किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि धीरे-धीरे सरकारें लोगों के जीवन से बाहर निकलें और लोग आजादी से अपने आप को आगे बढ़ा सकें। किसी पर भी सरकार का दबाव नहीं होना चाहिए, लेकिन मुसीबत के वक्त में सरकार को हमेशा लोगों के साथ खड़े होना चाहिए।
गरीबी
पांच वर्ष में गरीबों की संख्या कम करने के लिए काफी प्रयास हुए। पहले की तुलना में तेज गति, व्यापकता से सफलता मिली। गरीब को सम्मान मिल जाता है तो वह गरीबी से लड़ने के लिए सरकार का इंतजार नहीं करेगा करता।
देश की सोच में आ रहा बदलाव
प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा कि आज देश की सोच बदल गई है। पहले जो व्यक्ति बस अड्डे की मांग करता था, आज वह पूछता है कि साहब, हवाई अड्डा कब आएगा। पहले गांव में पक्की सड़क की मांग होती थी और आज लोग पूछते हैं कि सड़क फोर लेन बनेगी। बिजली का कनेक्शन होने के बाद लोग पूछते हैं कि 24 घंटे बिजली कब आएगी। यह देश में बदलाव की बानगी है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ का नया पद
प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि सेना को और सशक्त करने के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ का पद बनाया जाएगा। इससे हमारी सेना को नया नेतृत्व मिलेगा।पर्यटन पर प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सब मिलकर तय करें कि पर्यटन को कैसे बल देना है। भारत दुनियाभर के लिए अजूबा हो सकता है। आज दुनिया हमारे साथ व्यापार करने की इच्छा रखती है। हमें इस अवसर को जाने नहीं देना चाहिए।
प्लास्टिक और डिजिटल पेमेंट
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में अब सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद होना चाहिए। चलिए 2 अक्तूबर से इसकी शुरुआत करें। मैं सभी दुकानदारों से आग्रह करूंगा कि दुकान पर एक बोर्ड यह भी लगाएं कि कृपया हमसे प्लास्टिक की थैली की अपेक्षा न करें। इस बार लोग दीवाली पर भी एक दूसरे को कपड़े का थैला उपहार में दे सकते हैं। दुकानदार दुकान के बाहर लिख दें कि हमसे प्लास्टिक की थैली की मांग न करें, कपड़े का थैला लेकर आएं।हमें डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देना होगा। दुकानों पर आज नकद कल उधार बोर्ड लगा रहता है, अब डिजिटल पेमेंट को हां, नकद पेमेंट को ना का बोर्ड लगाने का वक्त है।
आतंकवाद पर प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने परोक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि आज दुनिया के किसी ना किसी हिस्से में कुछ हो रहा है, भारत ऐसे में मूकदर्शक नहीं बना रहेगा। उन्होंने ऐलान किया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत अपनी लड़ाई जारी रखेगा, आतंकवाद को एक्सपोर्ट करने वालों को बेनकाब करने का वक्त आ गया है।कुछ लोगों ने भारत के साथ-साथ श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में भी आतंकवाद फैला रखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अफगानिस्तान को उनके आने वाले स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.