कहीं राहुल गांधी फोबिया से तो नहीं जूझ रही है भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुंह से निकले शब्द को अब कांग्रेस पार्टी के नेता भाजपा के मुंह पर चिपका रहे हैं। कैप्टन ने हिमाचल में कहा था कि मोदी का आत्मविश्वास डोल गया है तभी बार-बार हिमाचल आ रहे हैं।
पढ़ें: हमारे नेताओं पर तो मुकदमा, अब जरा अपनों के बारे में बताओ मोदी जी : कांग्रेस
वड़ोदरा से हरेश मलानी कहते हैं कि कैप्टन ने जो हिमाचल में कहा है, वह गुजरात में फिट रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही नहीं पूरी भाजपा गुजरात में कांग्रेस के पक्ष में बन रही हवा को देखकर घबरा रही है। हरेश का कहना है कि भाजपा को राहुल गांधी फोबिया सता रहा है। तभी तो प्रधानमंत्री मोदी घूम-घूमकर गुजरात आ रहे हैं।
कल से भाजपा अध्यक्ष
मंगलवार से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात में महासंपर्क अभियान शुरू करने जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष का साथ देने के लिए रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी, केन्द्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल, संस्कृति मंत्री महेश शर्मा समेत करीब दर्जनभर मंत्री गुजरात में होंगे।
यह महासंपर्क अभियान 12 नवंबर तक चलेगा और इस दौरान भाजपा गुजरात में उच्चस्तरीय प्रचार करेगी। प्रचार को रफ्तार देने के लिए उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस लगातार सक्रिय हैं। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में अपनी यात्रा के तीन चरण को पूरा कर लिया है। वह नवसर्जन यात्रा के क्रम में हैं।
पढ़ें: मोदी मंत्र, सब फल खा जाओ - काम मत करो : राहुल
प्रधानमंत्री देंगे समय
भाजपा चाहती है कि प्रधानमंत्री गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए भरपूर समय दें। पार्टी के रणनीतिकारों ने प्रधानमंत्री की गुजरात में मौजूदगी की अपेक्षा को काफी बढ़ा दिया है। समझा जा रहा है कि गुजरात चुनाव प्रचार के आखिरी चार सप्ताह में प्रधानमंत्री 33 जिले वाले गुजरात में 50 के करीब जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।
उनके लिए छोटी-छोटी जन सभा, मीटिंग, रोड-शो, विभिन्न समुदायों से संवाद के लिए कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ सूत्र की माने तो गुजरात में प्रधानमंत्री पद यात्रा भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा भी गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए भरपूर समय दिया जा सकता है।
क्या बढ़ रही है भाजपा की घबराहट
आठ नवंबर को कांग्रेस उपाध्यक्ष नोटबंदी के विरोध में वरिष्ठ नेता अजय माकन द्वारा आयोजित कैंडल मार्च में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया गया है। इसके अलावा वह विपक्षी दलों के साथ भी नोटबंदी के विरोध में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद वह तीन दिन के लिए गुजरात दौरे प्रचार के लिए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 नवंबर के बाद कांग्रेस गुजरात चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा देगी। इसके लिए पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेताओं से गुजरात का रुख करने के लिए कहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी गुजरात चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने जाएंगे।
क्या बढ़ रही है भाजपा की घबराहट
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री गुजरात का दौरा तो कर ही रहे हैं, इसके साथ उन्होंने अप्रत्याशित रूप से केन्द्र सरकार का खजाना खोल रखा है। चुनाव अधिसूचना जारी होने से पहले हर दौरे में बड़ी घोषणा करने से नहीं चूकते थे। गुजरात के प्रभारी अशोक गहलोत इस पर प्रधानमंत्री की अपने अंदाज में चुटकी लेने से नहीं चूकते।
गहलोत लगातार गुजरात में कैंप कर रहे हैं। अहमद पटेल, भरत सिंह सोलंकी, शक्ति सिंह गोहिल, अर्जुन मोढवढिय़ा ने भी गुजरात के प्रचार में पूरा जोर लगा दिया है। भरत सिंह सोलंकी के अनुसार हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवानी और अल्पेश ठाकोर के पक्ष में आने के बाद चुनाव का समीकरण कांटे के मुकाबला वाला हो गया है।
राज्य की जनता सत्तापक्ष के निराश है और कांग्रेस को भरपूर समर्थन मिल रहा है। वहीं राज्य विधानसभा चुनाव प्रचार में कोआर्डिनेटर की भूमिका निभा रहे सूत्र के अनुसार यदि भाजपा घबरा नहीं रही है तो प्रधानमंत्री इतना गुजरात क्यों जा रहे हैं।