फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   IMD Winter news today weather will change in western Himalayan states from today with snowfall expected

Weather: कश्मीर से दार्जिलिंग तक भीषण सर्दी, मैदानों में घना कोहरा; यातायात प्रभावित

Fri, 26 Dec 2025 05:08 AM IST
लव गौर अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Published by: लव गौर Updated Fri, 26 Dec 2025 05:08 AM IST
सार

पश्चिमी हिमालयी राज्यों में आज से मौसम में बदलाव होने की संभावना है और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। कश्मीर में तीन दिन की राहत के बाद ठंड का प्रकोप फिर लौट आया है।

विज्ञापन
IMD Winter news today weather will change in western Himalayan states from today with snowfall expected
रेलवे स्टेशन पर सर्दी में ठिठुरते यात्री।

विस्तार

कश्मीर से लेकर पश्चिम बंगाल तक समूचा हिमालयी क्षेत्र भीषण ठंड की चपेट में है। कई जगहों पर पारा शून्य से 7 डिग्री तक नीचे चला गया है। शीतलहर भी चल रही है। वहीं, मैदानी इलाकों में घने कोहरे से जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हुआ है। कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
विज्ञापन


पश्चिमी हिमालयी राज्यों में आज से मौसम में बदलाव होने की संभावना है और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। कश्मीर में तीन दिन की राहत के बाद ठंड का प्रकोप फिर लौट आया है। बुधवार की रात में आसमान साफ रहने के कारण न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस था जो बृहस्पतिवार को माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जम्मू संभाग में न्यूनतम तापमान में डेढ़ डिग्री तक का फर्क आया है।
विज्ञापन


मध्य कश्मीर का पर्यटक स्थल सोनमर्ग जम्मू और कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अभी दो दिन मौसम साफ रहेगा। उसके बाद 5 जनवरी तक कहीं-कहीं बादल छाएंगे, बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है। अलग-अलग ऊंची जगहों पर हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


चोटियों पर बारिश और बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 28 दिसंबर के बाद राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, 30 और 31 दिसंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। हालांकि, प्रदेश में इस बार भी व्हाइट क्रिसमस नहीं हो पाया। शिमला, मनाली सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी न होने से पर्यटकों को निराशा हाथ लगी है। क्रिसमस के दौरान मौसम शुष्क रहने के कारण होटल और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी उम्मीद के मुताबिक लाभ नहीं मिल सका।

हिमाचल में कई जगह घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिलासपुर में घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छह जिलों ऊना, हमीरपुर,  मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में कोहरे का यलो अलर्ट जारी हुआ है। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रहने के मद्देनजर वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव ही देखा गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इंडिगो ने रद्द कीं 67 उड़ानें
घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने बृहस्पतिवार को विभिन्न हवाईअड्डों से अपनी 67 उड़ानें रद्द कर दी। एयरलाइन की वेबसाइट के मुताबिक, इनमें से अधिकांश उड़ानें खराब मौसम के पूर्वानुमान के कारण रद्द की गई हैं, जबकि चार उड़ानों के पीछे परिचालन संबंधी कारण रहे। प्रभावित हवाई अड्डों में बंगलूरू, वाराणसी, चंडीगढ़, अगरतला और देहरादून शामिल हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक के समय को आधिकारिक तौर पर कोहरा का समय घोषित किया है।

नियमों के तहत एयरलाइंस को इस दौरान केवल प्रशिक्षित पायलटों और कैट-3बी तकनीक से लैस विमानों का ही परिचालन करना होगा। यह एक उन्नत नेविगेशन सिस्टम है, जो 50 मीटर से भी कम दृश्यता होने पर विमान को सुरक्षित लैंड कराने में मदद करता है।

राजस्थान में शीतलहर, पंजाब में कोहरा
राज्य के बड़े हिस्से में बर्फीली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से राजस्थान में भीषण शीत लहर का प्रकोप जारी है। बुधवार रात को सीकर जिले का फतेहपुर राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, पंजाब के कई हिस्सों में घने से बेहद घना कोहरा छाने के साथ शीतलहर चली जिससे ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया।


ये भी पढ़ें: पार्टी अभी बाकी है... लेकिन जेब खाली है: नए साल के जश्न से पहले सब कुछ महंगा, होटल-पब और बार में एंट्री डबल!

दार्जिलिंग में पारा 4.5 डिग्री पर पहुंचा
बंगाल के कुछ हिस्सों में क्रिसमस समारोह में सर्दियों की रौनक और बढ़ गई और कई स्थानों पर तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। क्रिसमस की छुट्टियों का आनंद लेने निकले लोगों ने न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का लुत्फ उठाया। पहाड़ी शहर दार्जिलिंग में राज्य का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, अगले सात दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम रहेगा और राज्य के सभी जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed