Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Gauhati High Court Quashes NSA Detention of Indigenous Rights Activist Pranab Doley in Assam

असम: आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता प्रणब डोले को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने एनएसए के तहत रद्द की हिरासत; जानें मामला

Fri, 06 Nov 2026 05:23 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Fri, 06 Nov 2026 05:23 PM IST
सार

असम में गुवाहाटी हाईकोर्ट ने आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता प्रणब डोले की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत हिरासत रद्द कर दी है। वह काजीरंगा के पास प्रस्तावित होटल के खिलाफ प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार हुए थे। जमानत मिलने के बाद भी उन्हें जेल में क्यों रखा गया? अदालत ने किन संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन को आधार बनाया? क्या अब उनकी रिहाई का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है? आइए, इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Gauhati High Court Quashes NSA Detention of Indigenous Rights Activist Pranab Doley in Assam
गुवाहाटी हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

असम में आदिवासी अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता प्रणब डोले को गुवाहाटी हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत उनकी हिरासत को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही इस कानून के तहत तीन महीने से अधिक समय से जेल में बंद डोले की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। अदालत ने हिरासत को रद्द करने के पीछे कुछ कानूनी आधार बताए हैं। उनके वकील के मुताबिक, जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद डोले को शुक्रवार को ही रिहा किया जा सकता है।
विज्ञापन


न्यायमूर्ति कल्याण राय सुराना और न्यायमूर्ति सुस्मिता फूकन खौंड की खंडपीठ ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। डोले के वकील शांतनु बोर्थाकुर ने बताया कि मामले की सुनवाई पहले ही पूरी हो चुकी थी और अदालत ने शुक्रवार को अपना फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि अदालत ने हिरासत रद्द करने के कुछ आधार बताए हैं, लेकिन पूरे आदेश की प्रति मिलने के बाद ही उनकी विस्तृत जानकारी सामने आएगी। वकील के अनुसार, अदालत ने माना कि डोले के खिलाफ लगाए गए आरोप तत्काल या हाल की घटनाओं से जुड़े नहीं थे। साथ ही, हिरासत में लेने के लिए जिन दस्तावेजों और सामग्री पर भरोसा किया गया, वे उन्हें उपलब्ध नहीं कराए गए।
विज्ञापन


हाईकोर्ट ने एनएसए के तहत हिरासत को क्यों रद्द किया?
डोले के वकील के मुताबिक, अदालत ने हिरासत के दौरान उनके संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन को भी अहम माना। हिरासत में लिए गए व्यक्ति को उसके खिलाफ इस्तेमाल की गई सामग्री की जानकारी देना जरूरी है, ताकि वह अपना पक्ष रख सके। लेकिन डोले को संबंधित सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके अलावा, उनकी ओर से दी गई अपील या प्रतिनिधित्व पर भी तेजी से फैसला नहीं लिया गया। वकील ने बताया कि इन बातों को हिरासत रद्द करने के आधारों में शामिल किया गया है। हालांकि, अदालत के पूरे आदेश के बाद ही सभी कारण स्पष्ट होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


डोले को कब और किस मामले में गिरफ्तार किया गया था?
डोले को 13 जुलाई को गुवाहाटी में गिरफ्तार किया गया था। यह मामला काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित पांच सितारा होटल के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ा था। उन्हें गोलाघाट जिला जेल में रखा गया था। 29 जुलाई को सत्र अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी। लेकिन इसके अगले ही दिन राज्य सरकार ने उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगा दिया। इसके कारण जमानत मिलने के बावजूद उनकी जेल से रिहाई नहीं हो सकी और उन्हें उसी जेल में हिरासत में रखा गया।

राज्य सरकार ने डोले पर एनएसए क्यों लगाया था?
राज्य के राजनीतिक विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया था कि सरकार को डोले की गतिविधियों से सार्वजनिक व्यवस्था और राज्य की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है। आदेश में यह भी कहा गया था कि रिहा होने पर उनके ऐसी गतिविधियां जारी रखने की वास्तविक और तत्काल संभावना है। इसी आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून, 1980 की धारा 3(2) के तहत उनकी हिरासत का आदेश दिया गया था। सरकार ने उन्हें गोलाघाट जिला जेल में रखने का निर्देश दिया था।


बिंदुवार तरीके से पूरे मामले को जानते हैं?
  • डोले काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित पांच सितारा होटल का विरोध कर रहे थे।
  • उनका आरोप था कि इस परियोजना से क्षेत्र के नाजुक पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है।
  • वह आदिवासी समुदायों और उनके अधिकारों के खिलाफ माने जाने वाले कदमों का भी विरोध करते रहे हैं।
  • उन्होंने अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में बोकाखाट सीट से असम गण परिषद के अध्यक्ष और राज्य के कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
  • हाईकोर्ट के फैसले के बाद उनके तीन महीने से अधिक समय से जारी एनएसए हिरासत को समाप्त करने का रास्ता खुल गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed