{"_id":"6887c078a7e0c1e66802b779","slug":"former-maharashtra-minister-eknath-khadse-son-in-law-blood-report-confirms-he-drank-alcohol-2025-07-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharashtra: एकनाथ खडसे के दामाद ने ड्रग पार्टी में पी थी शराब, ब्लड रिपोर्ट में पुष्टि; कल हुए थे गिरफ्तार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Maharashtra: एकनाथ खडसे के दामाद ने ड्रग पार्टी में पी थी शराब, ब्लड रिपोर्ट में पुष्टि; कल हुए थे गिरफ्तार
Mon, 28 Jul 2025 11:55 PM IST
दीपक कुमार शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुणे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुणे
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Mon, 28 Jul 2025 11:55 PM IST
सार
पुणे पुलिस ने एक दिन पहले ड्रग पार्टी पर छापा मारकर गिरफ्तार किए पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर की मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि हुई है। एक अन्य आरोपी की रिपोर्ट में भी शराब पीने की बात सामने आई है। वहीं, पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद को गलत फंसाया जा रहा है। पूरी कार्रवाई उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से की गई है।
विज्ञापन
मुंबई पुलिस
- फोटो : एएनआई
विस्तार
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर की मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि हुई है। यह रिपोर्ट पुणे पुलिस ने एक ड्रग पार्टी के सिलसिले में की गई कार्रवाई के दौरान तैयार की थी। एक अन्य आरोपी की रिपोर्ट में भी शराब पीने की बात सामने आई है। यह जानकारी सोमवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी।
विज्ञापन
प्रांजल की पत्नी और राकांपा (शपा) की महाराष्ट्र अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने सोमवार को पुणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात की। पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि रोहिणी खडसे शाम को पुलिस कमिश्नर ऑफिस आई थीं और उन्होंने मामले के जांच अधिकारी, डीसीपी (क्राइम) निखिल पिंगले से मुलाकात की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खेवलकर समेत दो आरोपियों की मेडिकल रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि उन्होंने शराब पी थी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Maharashtra: पुणे में रेव पार्टी पर छापेमारी, एकनाथ खड़से के दामाद समेत सात गिरफ्तार; पुलिस हिरासत में भेजे गए
विज्ञापन
पुलिस ने स्टूडियो अपार्टमेंट में छापा मारकर की थी कार्रवाई
बता दें कि पुणे पुलिस की अपराध शाखा ने रविवार तड़के लगभग 3:30 बजे खराडी इलाके में स्थित एक स्टूडियो अपार्टमेंट पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने वहां से कोकीन, गांजा, हुक्का सेट और शराब की बोतलें बरामद कीं और सात लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में पूर्व मंत्री के दामाद खेवलकर भी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि खेवलकर और छह अन्य 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं।
मांगने पर पुलिस ने नहीं दी रिपोर्ट: रोहिणी
इससे पहले सोमवार को, रोहिणी खडसे ने एक्स पर कहा था कि उनके पति की मेडिकल रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है, हालांकि मीडिया को वह रिपोर्ट मिल गई थी। उन्होंने दावा किया, 'जब हमने पुलिस से रिपोर्ट मांगी, तो हमें बताया गया कि इसे सीधे अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल, हम यह रिपोर्ट समाचार चैनलों पर देख रहे हैं।'
दामाद को झूठा फंसाया जा रहा: खडसे
रोहिणी के पिता और पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने आरोप लगाया कि उनके दामाद को झूठा फंसाया गया है। उन्होंने पूछा, 'मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खेवलकर की अल्कोहल की मात्रा की जांच के लिए रक्त परीक्षण में पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। ड्रग्स से जुड़ी रिपोर्ट का क्या हुआ? इसमें समय क्यों लग रहा है?'
ये भी पढ़ें: Maharashtra: एकनाथ खड़से के दामाद की गिरफ्तारी पर संजय राउत का दावा, बोले- प्रांजल पर की गई कार्रवाई संदिग्ध
बदनाम करने के उद्देश्य से की गई पूरी कार्रवाई: खडसे
एकनाथ खडसे ने कहा कि पोर्श कार दुर्घटना मामले की तरह, रक्त के नमूनों से छेड़छाड़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने छापेमारी से संबंधित दृश्य और खेवलकर की निजी तस्वीरें जारी कीं। उन्होंने कहा, 'यह पूरी कार्रवाई हमें बदनाम करने के उद्देश्य से की गई थी और इसमें पुलिस की संलिप्तता संदिग्ध है।'