क्या राहुल गांधी को टारगेट करने का बहाना ढूंढते हैं भाजपा के नेता?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस पार्टी के भीतर मेनका गांधी ने बयान ने काफी हलचल मचा दी है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की चाची मेनका गांधी ने शायद पहली बार केरल में हाथी को पटाखे से भरा अनानास खिलाकर उसे मार देने की घटना पर राहुल गांधी को इस तरह से घेरने की कोशिश की है। कांग्रेस के नेता मेनका गांधी के इस बयान पर तंज कसते हुए कहते हैं कि मेनका पहले केंद्र सरकार में मंत्री थीं।
इन दिनों केवल सांसद हैं। उन्हें लग रहा है कि राहुल गांधी को निशाने पर लेने के बाद उनका करियर ठीक हो जाएगा। मेनका के इस बयान पर कांग्रेस के नेता बीके हरिप्रसाद ने बिना उनका नाम लिए टिप्पणी की। बीके हरिप्रसाद ने कहा कि भाजपा के नेता राहुल गांधी से डरते हैं। इसलिए भाजपा के तमाम नेता राहुल गांधी को बिना किसी कारण के बदनाम करने में लगे रहते हैं।
मेनका गांधी माफी मांगें
केरल में विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला ने मेनका गांधी से अपने वक्तव्य के लिए मांफी मांगने की मांग की है। रमेश चेन्निथला ने कहा कि मेनका गांधी के गैरजिम्मेदाराना बयान ने एक जिले और उसके लोगों को अपमानित करने का का काम किया। मेनका गांधी ऐसा करके अशोभनीय भाषणों को हवा दे रही हैं। चेन्निथला ने कहा कि मल्लपुरम जिले को अपराध का केंद्र बताने वाले बयान को मेनका गांधी वापस लें और जिले के लोगों से माफी मांगें।
पल्लकड़ में हुई हथिनी की मौत को मल्लपुरम में क्यों बताया?
चेन्निथला का कहना है कि गर्भवती हथिनी को पटाखे से भरा अनानास खिलाने और उसकी मौत की घटना पलक्कड़ जिले में हुई थी। इसका मल्लपुरम से कोई लेना-देना नहीं है। चेन्निथला के अनुसार भाजपा के कुछ नेताओं ने साजिश के तौर पर इस घटना को वायनाड में होने का दुष्प्रचार किया। वायनाड कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है। चेन्निथला का कहना है कि राहुल गांधी को घेरने की दुर्भावना से ही भाजपा के नेताओं ने इस मामले में वायनाड का नाम लिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करके भाजपा के नेताओं ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना का राजनीतिकरण किया है जो दु:खद है।
भाजपा के नेताओं से क्या उम्मीद करते हैं?
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव का कहना है कि भाजपा से और क्या उम्मीद की जा सकती है? वह ऐसा ही करेंगे। क्योंकि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी में बोल रहे हैं। केंद्र सरकार के कामकाज पर चर्चा कर रहे हैं। सवाल उठा रहे हैं। पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के कोविड-19 से निबटने के तरीके पर सवाल उठाया है।
उद्योगपति राजीव बजाज ने केंद्र सरकार की लॉकडाउन नीति पर सवाल उठाया है। सूत्र का कहना है कि मोदी सरकार कोविड-19 संक्रमण जैसी महामारी से निबटने में हर मोर्चे पर फेल हो रही है। लोगों की नौकरी जा रही है। देश में गंभीर आर्थिक संकट दिखाई दे रहा है और ऐसे में भाजपा के नेता ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी को बदनाम करने में लगे हैं।
क्या राहुल गांधी भाजपा नेताओं के लिए लांचिंग पैड हैं?
कांग्रेस पार्टी के एक पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन पिछले कुछ साल से जो भाजपा का नेता राहुल गांधी को हूट करने, बदनाम करने की कोशिश करता है, उसका कद बढ़ जाता है। सूत्र का कहना है कि संसद भवन में राहुल गांधी बोलने के लिए खड़े होते हैं या केंद्र सरकार से सवाल पूछते हैं तो भाजपा के तमाम सांसद खड़े होते ही उनकी हूटिंग करने लगते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछली लोकसभा में ऐसा करने के बाद कुछ लोगों को मंत्री बनने और कुछ लोगों को महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो पाने में सफलता मिली है।