Updates: यूट्यूब ने भारत में 2.2 मिलियन वीडियो हटाए, महाराष्ट्र के अकोला में भूकंप के हल्के झटके
Updates: उद्धव ठाकरे गुट के नेता अनिल देसाई के करीबी दिनेश बोभाटे पर प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कसा है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिनेश बोभाटे को तलब किया।
विस्तार
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिनेश बोभाटे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बता दें कि दिनेश बोभाटे उद्धव ठाकरे गुट के नेता अनिल देसाई के करीबी हैं। उन पर पर प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कसा है और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में को तलब किया। दिनेश बोभाटे को इस सप्ताह प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होने को कहा गया है। बीते दिनों सीबीआई ने दिनेश बोभाटे के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। सीबीआई के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने भी बोभाटे पर केस दर्ज किया था।
अकोला में भूकंप के हल्के झटके
महाराष्ट्र के अकोला जिले के बालापुर तालुका में मंगलवार की शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.9 मापी गई। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ने बताया कि शाम 6:27 बजे भूकंप आया। क्षेत्र में संपत्ति या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
बन्नारी अम्मन मंदिर में अंगारों पर चले भक्त
तमिलनाडु के बन्नारी अम्मन मंदिर में अद्भुत परंपरा का निर्वहन किया गया। बता दें कि यहां भक्त अंगारों पर चलने की रस्म में हिस्सा लेते हैं। बन्नारी अम्मन मंदिर तमिलनाडु में इरोड जिले से 75 किलोमीटर दूर स्थित हैं। मंदिर की मुख्य देवी देवी मरियम्मन को बारिश की देवी कहा जाता है। उन्हें देवी पार्वती का अवतार माना जाता है। हर साल मार्च के महीने मेंं यहां मेला लगता है, जिसमें देवी के भक्त अंगारों पर चलने की रस्म निभाते हैं। इस बार भी इस परंपरा का निर्वहन किया गया।
#WATCH | Erode, Tamil Nadu: Devotees take part in a ritual of walking on embers at Bannari Amman Temple, near Sathyamangalam, Erode District. pic.twitter.com/dAgRPnXx7T
— ANI (@ANI) March 26, 2024
मुंबई में छह मंजिला कॉर्पोरेट पार्क में लगी आग
मंगलवार सुबह मुंबई के मुलुंड में छह मंजिला एविओर कॉर्पोरेट पार्क में आग लग गई। बताया गया है कि सुबह करीब 9.25 बजे इमारत में आग लगी। आग लगने की वजह से इमारत धुंए से भर गई और कई लोग वहां फंस गए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को बचाने के साथ साथ आग बुझाने का काम शुरू किया। मुंबई पुलिस और नगर निगम के कर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। इमारत में फेंसे करीब 50 लोगों को बचा लिया गया है।
विजयवाड़ा में तेल टैंकर के गोदाम में लगी आग
एक बड़ी खबर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से सामने आई है। यहां के तेल टैंकर के गोदाम में आग लग गई। मौके पर दमकल विभाग की टीम मौजूद है और आग बुझाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।
#WATCH | Vijayawada, Andhra Pradesh: A fire breaks out at an oil tanker godown. Fire tenders rush to the spot. pic.twitter.com/LkrfD6OaAY
— ANI (@ANI) March 26, 2024
सीपीआर द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रमुख थिंक-टैंक सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च इंडिया की मुख्य कार्यकारी यामिनी अय्यर अपने शोध हितों के लिए अधिक समय देने के लिए अपनी वर्तमान भूमिका से हट जाएंगी। विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) के तहत सीपीआर का लाइसेंस रद्द किए जाने के कुछ महीनों बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
बयान में कहा गया है कि सीपीआर और जल शक्ति मंत्रालय के अनुसंधान अध्यक्ष के वरिष्ठ फेलो डॉ. श्रीनिवास चोक्काकुला 1 अप्रैल से थिंक-टैंक के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी का पद संभालेंगे। 1973 में स्थापित सीपीआर, जिसे भारत के अग्रणी सार्वजनिक नीति थिंक-टैंकों में से एक के रूप में जाना जाता है, ने पिछले साल आयकर (आईटी) विभाग द्वारा जांच के बाद एक महत्वपूर्ण गिरावट का अनुभव किया।
बीएमटीसी के एक कंडक्टर को मंगलवार सुबह एक महिला के साथ मारपीट करने वाले एक वीडियो के वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) के मुताबिक, बस टिकट जारी करने को लेकर हुई बहस के बाद होनप्पा अगासर ने महिला के साथ मारपीट की। राज्य के बाहर की महिला बन्नेरघट्टा राष्ट्रीय उद्यान से शिवाजीनगर लौट रही थी। पीड़िता ने सिद्दपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
यूट्यूब ने अपने सामुदायिक दिशानिर्देशों के उल्लंघन के लिए अक्तूबर और दिसंबर 2023 के बीच भारत में 2.25 मिलियन से अधिक वीडियो हटा दिए, वीडियो हटाने के मामले में देश अमेरिका और रूस जैसे देशों से आगे शीर्ष पर है। अपलोड के देश/क्षेत्र के आधार पर वीडियो हटाने पर यूट्यूब के आंकड़ों के अनुसार, 1,243,871 वीडियो टेकडाउन के साथ सिंगापुर उस सूची में दूसरे स्थान पर और संयुक्त राज्य अमेरिका (788,354) तीसरे स्थान पर है।
इंडोनेशिया चौथे स्थान पर है (770157), जबकि रूस में वीडियो टेकडाउन की संख्या 516,629 है। वैश्विक स्तर पर इस अवधि (Q4 2023) के दौरान यूट्यूब ने अपने सामुदायिक मानदंडों का उल्लंघन करने के कारण 9 मिलियन से अधिक वीडियो हटा दिए। इनमें से 96 प्रतिशत से अधिक वीडियो सबसे पहले इंसानों के बजाए मशीनों द्वारा चिह्नित किए गए थे।
होली उत्सव के दौरान मध्य महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव शहर में एक मस्जिद की दीवार पर 'राम' शब्द लिखा पाए जाने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि होली के रंगों और टॉय वॉटर गन (पिचकारी) का उपयोग करके मस्जिद की दीवार पर 'राम' शब्द लिखा है। उन्होंने ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की और उनसे पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिंगला का दौरा करने का आग्रह किया, जहां एक युवक का शव मिला था। जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि वह भाजपा कार्यकर्ता है। राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक ने दावा किया कि राज्यपाल जाने के लिए सहमत हो गए। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को बताया कि टीएमसी लोकसभा चुनाव से पहले स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने के लिए इस तरह की कृत्य को अंजाम दे रहे हैं।
रामकृष्ण मिशन के अध्यक्ष स्वामी स्मरणानंद का मंगलवार रात 95 वर्ष की आयु में वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। रामकृष्ण मिशन ने एक बयान में कहा कि रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के परम पूज्य अध्यक्ष श्रीमत स्वामी स्मरणानंदजी महाराज ने आज रात 8.14 बजे महासमाधि ले ली। उन्हें 3 मार्च को वेंटिलेटर पर रखा गया था।
भारतीय सेना ने मंगलवार को मणिपुर में दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। बिष्णुपुर पुलिस और मणिपुर कमांडो के साथ एक संयुक्त अभियान के दौरान बिष्णुपुर जिले के कुंबी क्षेत्र से एक .303 राइफल, एक 9 मिमी कार्बाइन, एक देसी पिस्तौल, चार हथगोले और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की। वहीं, इंफाल पूर्वी जिले के मफौ क्षेत्र से एक इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, एक पोम्पी मोर्टार, दो ग्रेनेड और गोला-बारूद सहित हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। बरामद सामान को मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।
हाल ही में एक पशु चिकित्सा छात्र सिद्धार्थन जेएस की मौत की जांच के संबंध में सीबीआई को दस्तावेज और विवरण सौंपने में देरी करने पर केरल सरकार ने गृह विभाग के तीन कर्मचारियों को मंगलवार को निलंबित कर दिया। राज्य सरकार ने कर्मचारियों पर गैर-जिम्मेदारी बरतने का आरोप लगाया है। निलंबित किए गए कर्मचारियों में सहायक के रूप में कार्यरत अंजू, अनुभाग अधिकारी बिंदू वीके, और उप सचिव प्रशांत वीके शामिल हैं। उन्हें गृह सचिव बिश्वनाथ सिन्हा ने निलंबित कर दिया। पिनाराई विजयन सरकार की ओर से यह कार्रवाई विपक्षी कांग्रेस और भाजपा की ओर से की गई व्यापक आलोचना के एक दिन बाद की गई। दोनों दलों ने आरोप लगाया गया था कि मुख्यमंत्री ने कई सप्ताह बाद भी सिद्धार्थन की मौत से संबंधित आवश्यक फाइलें सीबीआई को नहीं सौंपी हैं। विपक्ष के अलावा मृतक छात्र का परिवार भी सरकार के विरोध में उतर आया है। परिवार का आरोप है कि सरकार जानबूझकर उन्हें जरूरी फाइलें नहीं सौंप रही है और सबूतों को नष्ट करके सीबीआई जांच में देरी करने की कोशिश कर रही है।
नीट की तैयारी कर रहे यूपी के कन्नौज निवासी मोहम्मद उरूज (20) ने बीती रात अपने पीजी आवास के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जनवरी से अब तक शहर में कोचिंग छात्र की आत्महत्या का यह छठा मामला है। बीते वर्ष 26 छात्रों ने आत्महत्या की थी। पुलिस ने बताया कि उरूज के कमरे की छत का पंखा आत्महत्या रोधी उपकरण से लैस नहीं था। वह बीते डेढ़ साल से एक कोचिंग संस्थान में मेडिकल के लिए राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहा था। पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।
वरिष्ठ राजनयिक अभय ठाकुर को सरकार ने म्यांमार में देश का अगला राजदूत नियुक्त किया है। वर्तमान में वह विदेश मंत्रालय में स्पेशल ड्यूटी अधिकारी हैं। इससे पहले भारतीय विदेश सेवा के 1992 बैच के अधिकारी, ठाकुर ने भारत की अध्यक्षता में जी20 सम्मेलन के दौरान शेरपा अमिताभ कांत के सहयोगी (सॉस-शेरपा) के रूप में कार्य किया था। मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। कहा कि उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। संघर्ष ग्रस्त राष्ट्र में भारत के राजदूत के रूप में ठाकुर की नियुक्ति महत्वपूर्ण है।