CRPF: डीजी सीआरपीएफ ने 24 घंटे के भीतर जारी किए पदोन्नति आदेश, फॉलोवर्स रैंक की ड्यूटी करने वाले बने हवलदार
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' के महानिदेशक डॉ. एसएल थाउसेन ने बल के फॉलोवर्स रैंक को हवलदार पदों पर प्रमोशन दिया है। खास बात है कि इस बाबत कॉन्फेडरेशन ऑफ एक्स पैरामिलिट्री फोर्स मार्टियर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा 17 अप्रैल को डीजी थाउसेन से गुहार लगाई गई थी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि डीजी सीआरपीएफ, जो कि कल्याण और पुनर्वास बोर्ड (डब्ल्यूएआरबी) के चेयरमैन भी हैं, ने 18 अप्रैल को फॉलोवर्स रैंक को हवलदार पद पर प्रमोशन देने के आदेश जारी कर दिए हैं।
कई बलों में बन चुके हैं हवलदार
एसोसिएशन के चेयरमैन एवं पूर्व एडीजी 'सीआरपीएफ' एचआर सिंह, महासचिव रणबीर सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने 17 अप्रैल को पैरामिलिट्री जवानों व उनके परिवारों की भलाई से संबंधित मुद्दों को लेकर डीजी सीआरपीएफ से मुलाकात की थी। बल में सबसे निचले स्तर पर कार्यरत कमेरा वर्ग यानी फॉलोवर्स रैंक को हवलदार पद पर पदोन्नति दिए जाने की गुहार लगाई थी। बीएसएफ, सीआईएसएफ और आईटीबीपी में सफाई कर्मचारी, नाई, धोबी, कुक (फ़ॉलोवर्स रैंक) को पहले ही हवलदार बना दिया गया था, लेकिन सीआरपीएफ में इस तरह के आदेश नहीं निकले थे। इस बाबत एसोसिएशन की ओर से डीजी थाउसेन को ज्ञापन सौंपा गया। तब डीजी ने इस मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया था। ज्ञापन सौंपने के एक ही दिन बाद 18 अप्रैल को सीआरपीएफ महानिदेशालय द्वारा कमेरे वर्ग के लिए पदोन्नति की लिस्ट जारी कर दी गई।
छूट गया कुक व वाटर कैरियर का नाम
पूर्व एडीजी एचआर सिंह ने कहा, 'वार्ब' चेयरमैन डीजी सीआरपीएफ ने कमेरे वर्ग को प्रमोशन देकर उन्हें खुशी का एक अवसर प्रदान किया है। बल में अन्य रैंकों की मांगों को लेकर समय-समय पर आवाज उठती रहती है। पदोन्नति को लेकर कोर्ट केस भी चलते रहते हैं, लेकिन फॉलोवर्स रैंक के कल्याण के लिए कोई नहीं बोल रहा था। एचआर सिंह ने कहा, उक्त पदोन्नति सूची में कुक व वाटर कैरियर का नाम गलती से छूट गया है या उन्हें शामिल नहीं किया गया है। कुक, सुबह तीन बजे उठ कर अपनी कंपनी व बटालियन में जवानों के लिए चाय-नाश्ता तैयार करता है। चाहे गर्मी हो या बरसात, कुक की ड्यूटी चलती रहती है। रात 10 बजे के बाद ही वह अपनी बैरक या कमरे पर पहुंचता है। रणबीर सिंह व जयेंद्र राणा ने कहा, कमेरे वर्ग को पदोन्नति देने से निचले स्तर पर कार्यरत फॉलोवर्स रैंक में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। उनकी कार्यक्षमता और उत्साह में भी इजाफा होगा।