{"_id":"60cdd44d8ebc3e7c6a7d80cf","slug":"corovirus-third-wave-difference-between-centre-maharashtra-government-and-aiims-chief-over-when-it-will-arrive","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"असमंजस: दो से चार सप्ताह में या अक्तूबर तक... कब तक आएगी कोरोना की तीसरी लहर?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
असमंजस: दो से चार सप्ताह में या अक्तूबर तक... कब तक आएगी कोरोना की तीसरी लहर?
Sat, 19 Jun 2021 05:24 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Sat, 19 Jun 2021 05:24 PM IST
सार
कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर को लगाए जा रहे अनुमानों में अंतर नजर आ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा था कि देश में कोरोना की तीसरी लहर अक्तूबर तक आ सकती है। वहीं, कुछ दिन पहले महाराष्ट्र ने कहा था कि राज्य को अगले दो से चार सप्ताह में कोविड की तीसरी लहर का सामना करना पड़ेगा। दूसरी ओर, शनिवार को एम्स के निदेशक ने इसे लेकर अगले छह से आठ सप्ताह का अनुमान जताया। पढ़िए ये रिपोर्ट...
विज्ञापन
भारत में कोरोना
- फोटो : पिक्साबे
विस्तार
देश इस समय कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। इसी बीच तीसरी लहर की आशंकाओं ने विशेषज्ञों और आम जनता के साथ लगभग हर वर्ग को चिंता में डाल दिया है। एम्स दिल्ली के निदेशक ने शनिवार को कहा की तीसरी लहर का आना तय है और यह अगले छह से आठ सप्ताह में आ सकती है। वहीं, एक कुछ दिन पहले महाराष्ट्र की कोविड टास्क फोर्स ने कहा था कि राज्य में कोरोना की तीसरी लहर अगले दो से चार सप्ताह में आ सकती है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्रालय: अक्तूबर तक आने की आशंका
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बीते बुधवार को अगले तीन-चार महीने में कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जताई थी। मंत्रालय ने कहा था कि वयस्क रोगियों के इलाज में काम आने वाली आइवरमेक्टिन, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन और फैविपिराविर जैसी दवाएं बच्चों के उपचार के लिए अनुशंसित नहीं हैं, क्योंकि बच्चों पर इन दवाओं का परीक्षण नहीं हुआ। इसका मतलब यह है कि अगर तीसरी लहर आती है और बच्चे उसकी चपेट से संक्रमित होते हैं तो उपयोगी दवाएं भी नहीं हैं।
विज्ञापन
एम्स निदेशक: 6-8 सप्ताह में आएगी तीसरी लहर
डॉ. गुलेरिया ने कहा कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर का आना तय है और यह अगले छह से आठ सप्ताह में आ सकती है। बता दें कि कई सप्ताह के लॉकडाउन के बाद इस समय देश के कई राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया चल रही है और प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के आगे प्रमुख चुनौती इतनी बड़ी आबादी का टीकाकरण करना है। डॉ. गुलेरिया ने कहा कि कोविशील्ड की खुराकों में अंतर बढ़ाना एक अच्छा कदम साबित हो सकता है।
विज्ञापन
महाराष्ट्र टास्क फोर्स: दो से चार सप्ताह में आएगी
उधर, कोरोना को लेकर बनाई गई महाराष्ट्र की टास्क फोर्स ने बीते दिनों मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ एक बैठक में कहा था कि अगले दो से चार सप्ताह के अंदर राज्य में तीसरी लहर का असर शुरू हो सकता है। ऐसे में बड़ा सवाल महाराष्ट्र की जनता के लिए खड़ा हो गया है कि वह किसकी बात माने। वहीं, कोरोना की दो लहरों के बीच देश में जैसी स्थिति हुई उसके बाद भी तीसरी लहर जैसे गंभीर संकट को लेकर ऐसे मतभेद बेहतर स्थिति की ओर इशारा नहीं करते हैं।
कभी भी आए तीसरी लहर इन नियमों का पालन करते रहें और सुरक्षित रहें
- सार्वजनिक स्थानों पर जाएं तो मास्क का उपयोग जरूर करें। प्रतिबंधों में राहत मिलने का मतलब यह नहीं है कि मास्क का इस्तेमाल बंद कर दिया जाए। यह आपकी और दूसरों की, दोनों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
- कोरोना से बचने के लिए सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना न छोड़ें। यह आदत आपको इस वायरस से बड़ी सुरक्षा प्रदान कर सकती है। देखा गया है कि प्रतिबंध हटते ही भीड़ उमड़ पड़ती है, ऐसा बिल्कुल न करें।
- समय-समय अपने हाथ और पैर धोते रहें। जब भी घर से बाहर जाएं तो वापस आने पर घर में प्रवेश करने से पहले साबुन या हैंडवॉश से अच्छी तरह अपने हाथ-पैर जरूर धोएं। इससे वायरस के खिलाफ सुरक्षा मिलती है।
- हाथ साफ करने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले सैनिटाइजर का ही इस्तेमाल करें। इस बात का ध्यान रखें कि इस समय बाजार में कई सस्ते सैनिटाइजर मौजूद हैं लेकिन उनकी गुणवत्ता अच्छी नहीं है और वह इतने प्रभावी नहीं हैं।
- कोरोना से संबंधित अफवाहों पर ध्यान न दें। कोरोना के संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और विश्वस्त मीडिया संस्थानों से आई जानकारी पर ही ध्यान और उनका पालन करें। फेक न्यूज का शिकार न बनें न किसी को बनने दें।