{"_id":"6053305c8ebc3e8d2901d225","slug":"coronavirus-section-144-and-night-curfew-will-be-imposed-in-the-affected-areas-create-more-micro-containment-zones-in-india","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रधानमंत्री ने जताई चिंता: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए अब पूरे देश में बनेंगे माइक्रो कंटेनमेंट जोन","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
प्रधानमंत्री ने जताई चिंता: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए अब पूरे देश में बनेंगे माइक्रो कंटेनमेंट जोन
Thu, 18 Mar 2021 04:20 PM IST
Harendra Chaudhary
आशीष तिवारी, अमर उजाला, नई दिल्ली
आशीष तिवारी, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Harendra Chaudhary
Updated Thu, 18 Mar 2021 04:20 PM IST
सार
कोरोना के लगातार बढ़ रहे हैं मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से जरूरत के मुताबिक इन जोन को बनाने के लिए कहा है। साथ ही, सख्त निगरानी के आदेश भी दिए हैं...
विज्ञापन
कोरोना वायरस की जांच करता कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला (फाइल)
विस्तार
पूरे देश में बहुत जल्द ही एक बार फिर से कोरोना को रोकने के लिए ज्यादा सख्ती होने वाली है। इस सख्ती के तहत न सिर्फ प्रभावित इलाकों में धारा 144 लगाई जाएगी, बल्कि रात्रि कर्फ्यू के अलावा माइक्रो कंटेनमेंट जोन ज्यादा से ज्यादा बनाए जाएंगे। देश के अधिसंख्य राज्यों ने कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय में देश के अलग-अलग राज्यों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक हुई।
विज्ञापन
देश में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश के अलग-अलग राज्यों में हालात की समीक्षा की। इस दौरान राज्यों को कड़े निर्देश दिए गए कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए कड़े प्रयास किये जाएं। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक कहा गया है कि ज्यादा से ज्यादा कंटेनमेंट जोन बनाकर के कोरोना वायरस के संक्रमण को रोका जाए। इसके लिए राज्यों को दिशा निर्देश भी दिए जा चुके हैं। उन दिशा निर्देशों के आधार पर गुरुवार को ही देश के कई राज्यों ने सख्ती बरतने के आदेश दे दिए हैं।
विज्ञापन
देश में एक बार फिर से लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्यादा से ज्यादा सतर्कता बरतने को कहा है। इस दिशा में में उन्होंने देश के मुख्यमंत्रियों से बातचीत में कहा कि कोरोना को गांवों तक पहुंचने से रोकना होगा। प्रधानमंत्री के चिंता जताने के बाद ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से बैठक कर ज्यादा से ज्यादा माइक्रो स्तर पर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा परिस्थितियां देखते हुए रात्रि कर्फ्यू समेत धारा-144 लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों का कहना है केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संक्रमण को रोकने के लिए जो भी कदम उठाए जाने चाहिए उसमें कोई लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक के तत्काल बाद ही चंडीगढ़ में शहर के कुछ इलाकों में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना दिए गए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उड़ीसा में भी माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों ने बस स्टेशन समेत रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कोरोना की जांच बढ़ाने के भी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।