महाराष्ट्र ने फिर बढ़ाई चिंता, बीते 24 घंटे में मिले 4787 नए मरीज, देश में कोरोना के 12881 नए मामले हुए रिपोर्ट
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि का सिलसिला जारी है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 4,787 नए संक्रमित मिले हैं। पांच दिसंबर के बाद ये यह संख्या सबसे ज्यादा है। राज्य में बीते सात दिनों से 3000 से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं। देश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 12,881 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। बुधवार के मुकाबले आज रिपोर्ट किए गए मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। कल संक्रमण के 11,610 नए मामले सामने आए थे। वहीं, संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर एक करोड़ छह लाख से ज्यादा हो चुकी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 12,881 नए संक्रमित मिले हैं। इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,09,50,201 हो गई है। वहीं, इस दौरान 101 लोगों ने संक्रमण के चलते अपनी जान गंवाई है, इसके बाद कोरोना मृतकों की संख्या बढ़कर 1,56,014 हो गई है।
India reports 12,881 new #COVID19 cases, 11,987 discharges, and 101 deaths in the last 24 hours, as per Union Health Ministry
विज्ञापन विज्ञापन
Total cases: 1,09,50,201
Total discharges: 1,06,56,845
Death toll: 1,56,014
Active cases: 1,37,342
Total Vaccination: 94,22,228 pic.twitter.com/m4dzrdcOHd — ANI (@ANI) February 18, 2021
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर 1,06,56,845 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 11,987 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद ठीक होकर घर लौटे हैं। वहीं, देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या लगातार दो लाख से नीचे बनी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,37,342 है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं अब तक 94,22,228 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में मिले 4787 नए संक्रमित
मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 721 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 4000 लोगों पर मास्क न पहनने की वजह से जुर्माना लगाया गया। वहीं बुधवार को पूरे राज्य में 4787 लोगों में कोविड-19 का संक्रमण पाया गया है। यहां मामलों की बढ़ती संख्या के कारण लॉकडाउन लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल कोरोना वायरस से संक्रमित
महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री और एनसीपी के प्रदेश प्रमुख जयंत पाटिल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।मंत्री ने ट्विटर पर बताया कि उनका स्वास्थ्य सही है और वह उचित चिकित्सकीय सलाह ले रहे हैं। इस महीने की शुरुआत में राज्य के मंत्रियों अनिल देशमुख, सतेज पाटिल और राजेन्द्र सिंगणे के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
ये न माने कि कोरोना चला गया है: शिवराज
कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये न माने कि कोरोना चला गया है। महाराष्ट्र, केरल और दुनिया के कई देशों में कोरोना के मामले तेज़ी से बढ़े हैं। भापोल और इंदौर में भी संख्या बढ़ी है। हमें सतर्कता बरतने की जरूरत है क्योंकि लापरवाही हम पर भारी पड़ सकती है। मुझे विश्वास है कि हम कोरोना को फैलाने नहीं देंगे।