कांग्रेस का तंज 'सीएम नहीं, पीएम बदलो': गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन पर कहा- सूट-बूट-लूट की सरकार से यही उम्मीद
गुजरात में सीएम बदलने को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने रविवार को कई ट्वीट किए और सीएम की बजाए पीएम बदलने की बात कही।
विस्तार
गुजरात सरकार का अचानक नेतृत्व बदलने पर कांग्रेस ने भाजपा व मोदी सरकार पर तंज किए हैं। पार्टी ने रोजगार, विकास व कारोबार को लेकर सरकार के दावों के उलट आरोप लगाए और ट्विटर पर' हैशटैग सीएम नहीं, पीएम बदलो' के माध्यम से कई ट्वीट किए।
कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा 'मोदी सरकार के दौरान बेरोजगारी बढ़ी है। देश का युवा मोदी निर्मित बेरोजगारी की गिरफ्त में है, युवा हताश है। देश का बेरोजगार युवा भाजपा को सबक सिखाएगा।'
कुछ ये ट्वीट भी किए-
'न्यू शट शॉप इन इंडिया मिशन' देश में बढ़ रहा है, इसके लिए मोदीजी को धन्यवाद। '
एक अन्य ट्वीट में कहा- सूट बूट लूट की सरकार से हम इससे ज्यादा क्या अपेक्षा कर सकते हैं?
'और बेस्ट जुमला जीवी सरकार का अवॉर्ड जाता है....'
सिर्फ विकास ही नहीं, जॉब भी गायब है!
मोदी सरकार के दौरान बेरोजगारी बढ़ी है। देश का युवा मोदी निर्मित बेरोजगारी की गिरफ्त में है, युवा हताश है।
देश का बेरोजगार युवा भाजपा को सबक सिखाएगा। #CM_नहीं_PM_बदलो pic.twitter.com/gvU3Y7FNImविज्ञापन विज्ञापन— Congress (@INCIndia) September 12, 2021
बता दें, गुजरात में भाजपा ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सीएम विजय रूपाणी को बदल दिया है। रूपाणी ने शनिवार को अचानक इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह रविवार को पार्टी विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र पटेल को नया सीएम चुना गया है। पटेल को सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी।
भाजपा का विकास ऐसा है कि नौकरियां ही नहीं बची हैं: राहुल
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी रोजगार के मुद्दे पर सरकार पर हमला बोलते हुए रविवार को कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन तले साप्ताहिक छुट्टी और कार्य दिवस के बीच का अंतर समाप्त हो गया है क्योंकि ‘नौकरियां ही नहीं हैं।’
राहुल ने ट्विटर पर अमेरिका की प्रमुख वाहन विनिर्माता कंपनी फोर्ड द्वारा भारत में कारों का उत्पादन बंद करने की घोषणा संबंधी एक मीडिया रिपोर्ट को टैग किया, जिसमें उद्योग के अंदरूनी सूत्र के हवाले से कहा गया है कि 4 हजार से अधिक छोटी फर्में बंद हो सकती हैं। उन्होंने ट्वीट किया, भाजपा सरकार का ‘विकास’ ऐसा कि रविवार-सोमवार का फर्क ही खत्म कर दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, जब नौकरियां ही नहीं हैं तो क्या रविवार, क्या सोमवार।