चॉपर डील: सीबीआई ने साक्ष्यों और गवाहों से आमना-सामना करवाने की दलील देकर की रिंमाड बढ़ाने की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की एक अदालत ने अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईवी चॉपर डील घोटाले के बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल की सीबीआई रिमांड चार दिन और बढ़ा दी है। अदालत में सीबीआई ने साक्ष्यों का आमना-सामना करवाने की दलील देकर रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। इससे पहले 10 दिसंबर को हुई मामले की सुनवाई में मिशेल का रिमांड 15 दिसंबर तक बढ़ाया गया था।
पटियाला हाऊस कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार के समक्ष शनिवार को क्रिश्चियन मिशेल को पेश किया गया। इस बीच सीबीआई ने कहा कि रिमांड के दौरान मिशेल से चॉपर डील घोटाले से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की गई। इसके साथ ही सीबीआई ने कहा कि वह मिशेल का चॉपर डील घोटाले से जुड़े कागजातों और गवाहों से आमना-सामना करवाना चाहती है। इस तर्क को रखते हुए सीबीआई ने अदालत से मिशेल का रिमांड बढ़ाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने मिशेल का सीबीआई रिमांड चार दिनों के लिए और बढ़ा दिया है।
इससे पहले 10 दिसंबर को हुई सुनवाई के दौरान भी अदालत ने मिशेल की सीबीआई रिमांड को 15 दिसंबर तक बढ़ाया था। इस दौरान सीबीआई ने मेशिल से पूछताछ के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। सीबीआई ने आरोप लगाया कि इस डील के दौरान लगभग 2, 666 करोड़ के घोटाले को अंजाम दिया गया। उल्लेखनीय है कि इटली की कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी चॉपर डील मामले में क्रिश्चियन मिशेल की भूमिका बिचौलिये की थी। ईडी के मुताबिक मिशेल को 12 हेलिकॉप्टर के समझौते को अपने पक्ष में कराने के लिए 225 करोड़ दिये गए।
आरोप है कि यूपीए सरकार के दौरान 2010 में हुई इस डील का करार पाने के लिए एंग्लो-इटैलियन कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड ने भारतीय राजनेताओं, रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों, नौकरशाहों समेत वायुसेना के दूसरे अधिकारियों को रिश्वत देने के लिए मिशेल को करीब 350 करोड़ रुपए दिए। इस सौदे में 2013 में घूसखोरी की बात सामने आने पर तत्कालीन रक्षा मंत्री ए के एंटोनी द्वारा न केवल सौदा रद्द किया गया बल्कि मामले की सीबीआई जांच के आदेश भी दिए गए थे। यूएई की सुरक्षा एजेंसियों ने फरवरी 2017 में मिशेल को गिरफ्तार किया था और इसके बाद से ही उसके प्रत्यर्पण की कोशिशें चल रही थीं। गत 4 दिसंबर को क्रिश्चियन मिशेल को भारत लाया गया था।