Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने जारी किया वीडियो, बोले- भारत माता हर भारतीय की आवाज, लद्दाख के लिए सब कुछ करेंगे
Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत माता हर देशवासी की आवाज है। यह बात उन्होंने अपने हालिया लद्दाख दौरे से जुड़े वीडियो को जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वह इस केंद्र शासिस प्रदेश की आवाज उठाते रहेंगे।
विस्तार
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत माता हर देशवासी की आवाज है। यह बात उन्होंने अपने हालिया लद्दाख दौरे से जुड़े वीडियो को जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वह इस केंद्र शासिस प्रदेश की आवाज उठाते रहेंगे।
राहुल गांधी ने यह वीडियो एक्स पर साझा किया है। इसमें उन्होंने कहा, 'मेरे पिता (पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी) ने एक बार मुझसे कहा था कि पैंगोंग झील पृथ्वी पर सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। तबसे मैं हमेशा लद्दाख जाने के लिए उत्सुक रहा हूं...मैंने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जारी रखी है, ऐसे में मैंने सोचा कि मोटरसाइकिल से लद्दाख जाने से बेहतर क्या हो सकता है!'
उन्होंने कहा, ‘इस यात्रा में सबसे अविश्वसनीय खोज लद्दाखी लोगों का प्यार और विनम्रता थी। लद्दाख के बारे में उनकी सहानुभूति और ज्ञान बेजोड़ है और क्षेत्र के भविष्य के विकास की कोई भी योजना उनके सुझावों पर आधारित होनी चाहिए।’’
कांग्रेस नेता के मुताबिक, ‘लद्दाख भारत के मुकुटों में से एक है और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक स्थानों में से एक है। लोगों की आंखों में उनके साथ विश्वासघात होने का भाव देखकर मेरा दिल टूट गया।’
उन्होंने दावा किया, ‘जब प्रधानमंत्री ने हमारी भूमि पर चीन के कब्जे के बारे में झूठ बोला तो उन्होंने ठगा हुआ महसूस किया। जब भाजपा सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा करने में विफल रही तो उन्होंने ठगा हुआ महसूस किया।’
वायनाड सांसद ने कहा, ‘एक सरकार को अपने सभी लोगों को सशक्त बनाना चाहिए और लद्दाख को सुशासन की आवश्यकता है। भारत माता प्रत्येक भारतीय की आवाज है और मैं लद्दाख की आवाज को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। भारत माता की जय!’