{"_id":"66f28b8ddb782eb1c5074489","slug":"badlapur-assault-case-accused-booked-for-bid-to-murder-cops-know-all-about-it-2024-09-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Badlapur Case: बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी पर पुलिस की हत्या की कोशिश का मामला दर्ज; अब आगे क्या होगा?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Badlapur Case: बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी पर पुलिस की हत्या की कोशिश का मामला दर्ज; अब आगे क्या होगा?
Tue, 24 Sep 2024 03:22 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ठाणे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ठाणे
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Tue, 24 Sep 2024 03:22 PM IST
सार
पुलिस ने पहले बताया था कि अक्षय शिंदे को सोमवार शाम को नवी मुंबई की तलोजा जेल से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर ले जाया जा रहा था, जहां उसकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस दौरान ही हुई गोलीबारी की घटना में उसकी मौत हो गई थी।
विज्ञापन
बदलापुर केस
- फोटो : PTI
विस्तार
बदलापुर यौन उत्पीड़न के आरोपी अक्षय शिंदे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, उसने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चलाई थी। इसी दौरान वह गोली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में दुर्घटनावश मौत का भी मामला दर्ज किया गया है। ठाणे पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
हालांकि, पुलिस ने पहले बताया था कि अक्षय शिंदे को सोमवार शाम को नवी मुंबई की तलोजा जेल से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर ले जाया जा रहा था, जहां उसकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस दौरान ही हुई गोलीबारी की घटना में उसकी मौत हो गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
बदलापुर की घटना पर ठाणे पुलिस पीआरओ शैलेश साल्वी ने कहा कि नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था और आरोपी अक्षय अन्ना शिंदे को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ उसकी पत्नी ने भी एक और मामला दर्ज कराया था। इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। विशेष टीम ने अदालत से ट्रांसफर वारंट लिया और जब आरोपी को तलोजा सेंट्रल जेल से लाया जा रहा था, तो उसने पुलिस पर रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। इस दौरान हुई फायरिंग में उसकी मौत हो गई। जांच जारी है।
क्या है मामला?
24 वर्षीय अक्षय शिंदे पर बदलापुर के एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने का आरोप था। दरअसल, बदलापुर के एक स्कूल में संविदा सफाईकर्मी अक्षय को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। पांच दिन पहले उसने स्कूल के शौचालय में दो लड़कियों का यौन शोषण किया था। एक अधिकारी ने पहले बताया था कि सोमवार शाम को ठाणे में मुंब्रा बाईपास के पास उस वक्त उसकी मौत हो गई थी, जब उसने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनने की कोशिश की थी। इस दौरान फायरिंग भी हुई। उस समय उसे पुलिस वाहन में ले जाया जा रहा था। यह मामला उसकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ दर्ज मामले की जांच का हिस्सा था।
ऐसे हुई घटना
अधिकारी ने बताया था कि आरोपी ने एपीआई नीलेश मोरे को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद पुलिस एस्कॉर्ट टीम के एक अन्य अधिकारी ने उस पर गोली चलाई। इसके बाद उसे कलवा सिविक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ठाणे के एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि घटना के बाद अक्षय शिंदे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला और साथ ही उसकी दुर्घटनावश मौत का मामला मुंब्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अक्षय शिंदे ने पिस्तौल छीनकर पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। पुलिस कार्रवाई में उसकी मौत के बाद दुर्घटनावश मौत का एक और मामला भी दर्ज किया गया है। दोनों मामलों की जांच ठाणे पुलिस कर रही है।
पूर्व पत्नी की शिकायत पर बदलापुर ले जाया जा रहा था
अधिकारी ने बताया कि अक्षय शिंदे दो नाबालिग लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में तलोजा जेल में बंद था। उसे उसकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर दर्ज एक अन्य यौन उत्पीड़न मामले की जांच के लिए बदलापुर ले जाया जा रहा था। मामले की जांच के लिए ठाणे पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई थी। विशेष टीम के अधिकारियों ने अदालत से ट्रांसफर वारंट मांगा था। इसके आधार पर उसे नए मामले में ट्रांसफर के लिए बदलापुर लाया जा रहा था।
स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़े
शिंदे की गोली मारकर मौत के घाट उतारे जाने के बाद बदलापुर में कुछ स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़े। उन्होंने दुष्कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा' जैसे संदेश वाले बैनर भी दिखाए।
छर्रे और खून के नमूने एकत्र किए गए
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने मंगलवार को घटनास्थल की जांच की और जांच के लिए साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने बताया कि टीम ने घटनास्थल से इस्तेमाल किए गए छर्रे और खून के नमूने भी एकत्र किए।
सीआईडी को सौंपी गई जांच
अधिकारियों ने दिन में बताया कि महाराष्ट्र का अपराध जांच विभाग (सीआईडी) अक्षय शिंदे की मौत की जांच करेगा। उसके शव को ठाणे के कलवा सिविक अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के सरकारी जेजे अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में बंद कमरे में किया जाएगा। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि शव को मुंब्रा पुलिस द्वारा सुबह 11.10 बजे जे जे अस्पताल लाया गया और न्यायिक मजिस्ट्रेट एफसी, ठाणे द्वारा जांच की गई।