{"_id":"5b5628024f1c1b1e308b68b2","slug":"assam-three-arrested-including-bjp-leader-and-police-officer-in-cash-for-job-scam","type":"story","status":"publish","title_hn":"असम: नौकरी के लिए नकदी घोटाले में भाजपा नेता व पुलिस अधिकारी समेत तीन गिरफ्तार","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
असम: नौकरी के लिए नकदी घोटाले में भाजपा नेता व पुलिस अधिकारी समेत तीन गिरफ्तार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी
Updated Tue, 24 Jul 2018 12:39 AM IST
विज्ञापन
असम पुलिस ने राज्य लोक सेवा आयोग की नौकरी के लिए नकदी घोटाले की जांच प्रभावित करने के आरोप में एक भाजपा नेता और पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। डिब्रूगढ़ के पुलिस अधीक्षक गौतम बोरा ने सोमवार को यहां इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा की दरंग जिला शाखा के उपाध्यक्ष शैलेन शर्मा बरुआ, दुलियाजान की पुलिस उपाधीक्षक कविता दास और एक व्यापारी सुरजीत चौधरी को बीती रात गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
कविता दास से गुवाहाटी में पूछताछ की जा रही है। भाजपा नेता शैलेन को मंगलैद व व्यापारी सुरजीत को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों गुवाहाटी हाईकोर्ट के जजों से मुलाकात कर जांच कार्य को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे।
विज्ञापन
ध्यान रहे कि इस घोटाले की जांच कर रही डिब्रूगढ़ पुलिस इस मामले में आयोग के अध्यक्ष राकेश कुमार पाल समेत 67 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। बीती 19 जुलाई को तेजपुर के भाजपा सांसद आरपी शर्मा की बेटी पल्लवी शर्मा समेत 19 सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
विज्ञापन