{"_id":"6609183e0738af7bac02498d","slug":"assam-congress-chief-attacked-on-opposition-alliance-said-said-failed-to-put-up-united-opposition-candidates-2024-03-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Assam: विपक्षी गठबंधन में रार! कांग्रेस अध्यक्ष ने रणनीति पर उठाए सवाल, कहा- 'आप' का अलग लड़ना सबसे बड़ी भूल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Assam: विपक्षी गठबंधन में रार! कांग्रेस अध्यक्ष ने रणनीति पर उठाए सवाल, कहा- 'आप' का अलग लड़ना सबसे बड़ी भूल
Sun, 31 Mar 2024 01:33 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Sun, 31 Mar 2024 01:33 PM IST
सार
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख ने दावा किया कि उन्हें लगता है कि आम आदमी पार्टी का अकेले लड़ना सबसे बड़ी राजनीतिक भूल होगी क्योंकि नतीजों के बाद यह साबित हो जाएगा कि वह राज्य में कुछ नहीं है।
विज्ञापन
भूपेन बोरा
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
देश के विपक्षी गठबंधन इंडिया में रार जैसे संकेत दिखाई दे रहे हैं। अब असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य में लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने की विपक्षी पार्टियों की कोशिश 'राष्ट्रीय राजनीति के कारण' नाकाम हो गई।
विज्ञापन
उन्होंने दावा किया कि आम जनता पार्टी (आप) का राज्य में अलग चुनाव लड़ना उसकी सबसे बड़ी भूल होगी। जबकि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को कोई सीट देने से इनकार करने से पूर्वोत्तर राज्य में गठबंधन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
विज्ञापन
बोरा ने कहा, 'हमने इंडिया गठबंधन के बनने से आठ महीने पहले संयुक्त विपक्षी मंच असम (यूओएफए) का गठन किया था। हमारा 16 दलों का मंच है। इनमें से तीन सीधे लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन यह राज्य में मेरे नेतृत्व या राजनीति के कारण नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के कारण है।'
विज्ञापन
असम में 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
बता दें, राज्य की कुल 14 सीटों में से कांग्रेस 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और एक सीट उसने यूओएफए के सदस्य असम जैत्य परिषद के लिए छोड़ी है। राज्य में यूओएफए के जिन अन्य घटकों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं उनमें आम आदमी पार्टी (आप), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और माकपा शामिल हैं।
कहीं सीटों का बंटवारा, कहीं अलग-अलग लड़ रहीं पार्टियां
बोरा ने कहा कि आप और कांग्रेस के बीच दिल्ली में सीटों का बंटवारा हो रहा है, लेकिन पंजाब में वे सभी सीटों पर अलग-अलग लड़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, 'असम में आप ने तीन सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया, लेकिन बाद में गुवाहाटी से उन्होंने नाम वापस ले लिया। मैंने आप के प्रदेश अध्यक्ष भाबेश चौधरी से आग्रह किया था कि उन्हें अकेले नहीं लड़ना चाहिए और हम उन्हें एक सीट देने के लिए तैयार थे, लेकिन उन्होंने तीन पर जोर दिया।'
बसे बड़ी राजनीतिक भूल होगी
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) प्रमुख ने दावा किया, 'मुझे लगता है कि यह आम आदमी पार्टी के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक भूल होगी क्योंकि नतीजों के बाद यह साबित हो जाएगा कि वह राज्य में कुछ नहीं है।'
टीएमसी पर भी हमला
असम में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने के बारे में बोरा ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल स्थित एक क्षेत्रीय पार्टी है और पड़ोसी राज्य में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने कहा, 'अगर वे अपने गढ़ में एक भी सीट देने को तैयार नहीं हैं, तो मैं असम के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में यहां तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष के साथ कैसे बैठ सकता हूं और उन्हें कैसे सीट दे सकता हूं? उनके साथ सबसे पहला मामला पश्चिम बंगाल का है, न कि असम।'
मैं पार्टियों के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोलूंगा
उन्होंने कहा कि जहां तक माकपा का सवाल है, वाम दल केरल में कांग्रेस के खिलाफ लड़ रही है और उसने असम में उम्मीदवार उतारा है। बोरा ने कहा, 'हालांकि इन तीनों पार्टियों का राज्य में कोई मत नहीं है लेकिन ये सभी भाजपा के खिलाफ विपक्षी ब्लॉक इंडिया का हिस्सा हैं। मैंने यह भी फैसला किया है कि मैं इन पार्टियों के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोलूंगा।'
तीन चरण में होंगे चुनाव
असम में तीन चरणों में 19 व 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होगा। निवर्तमान लोकसभा में कांग्रेस के तीन सांसद हैं, जबकि अन्य यूओएफए सदस्यों का राज्य से कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। सत्तारूढ़ भाजपा के असम से नौ सांसद हैं जबकि एक-एक सांसद एआईयूडीएफ के पास है और एक निर्दलीय के पास है।