आज कोरोना योद्धाओं को अनोखे तरीके से ‘धन्यवाद’ कहेगी सेना, तैयारियां शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महामारी के खिलाफ संघर्ष की कमान संभाल रहे लाखों डॉक्टरों, चिकित्सा सहायकों, सफाईकर्मियों व अन्य जांबाजों को सेना रविवार को अनोखे तरीके से धन्यवाद कहेगी। शुक्रिया अदा करने के लिए लड़ाकू विमान आसमान में परेड करेंगे तो नौसेना के युद्धपोत समुद्र में रोशनी से नहाएंगे। सेना ने इसकी तैयारी चालू कर दी है।
सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को कहा था कि तीनों सेनाएं कोरोना योद्धाओं को कई तरीकों से धन्यवाद देगी। सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने बताया कि यह धन्यवाद श्रृंखला दिल्ली और अन्य शहरों में रविवार की सुबह पुलिस मेमोरियलों पर पुष्पांजलि करने के साथ चालू की जाएगी।
यह काम लॉकडाउन के दौरान तैनात पुलिस के जवानों के सम्मान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वायुसेना और नौसेना के हेलिकॉप्टर अस्पतालों पर फूलों की वर्षा करेंगे। इसके अलावा सैन्य बैंड विभिन्न सरकारी अस्पतालों के बाहर ‘देशभक्ति धुन’ बजाकर डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का हौसला बढ़ाएंगे।
- गेटवे ऑफ इंडिया पर रोशनी करेंगे 5 नौसैनिक पोत
कर्नल आनंद के मुताबिक, पश्चिमी नौसेना कमांड के 5 नौसनिक पोत शाम को 7.30 बजे से रात 11.59 बजे तक मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर रोशनी करेंगे। ये पोत ‘इंडिया सैल्यूट्स कोरोना वारियर्स’ जैसे बैनर लहराएंगे।
साथ ही शाम 7.30 बजे अपने साइरन बजाने के साथ ही फायर फ्लेयर भी छोड़ेंगे। इसके अलावा गोवा का नौसेना एयरस्टेशन अपने रनवे पर एक मानव श्रृंखला बनाकर कोरोना योद्धाओं को सम्मान देगा। विशाखापत्तनम के तट पर भी दो नौसैनिक पोत शाम 7.30 बजे रोशनी करेंगे।
- सुबह 10 से 11 के बीच आसमान में लड़ाकू विमानों की परेड
सुबह 10 से 11 बजे के बीच पूरे कुछ शहरों और बड़े कस्बों में वायुसेना के लड़ाकू व मालवाहक विमान ‘उड़न परेड’ निकालेंगे। विमान श्रीनगर से लेकर तिरुवनंतपुरम और डिब्रूगढ़ से कच्छ तक के बड़े शहरों को कवर करेंगे। कुछ विमान 500 मीटर से भी कम ऊंचाई पर उड़ेंगे।
- तटरक्षक बल के पोत भी 24 जगह करेंगे गतिविधि
तटरक्षक बल के पोत भी पोरबंदर, ओखा, रत्नागिरी, दहाणु, मुरुड, गोवा, न्यू मंगलूरू, कावाराती, करईकल, चेन्नई, पुड्डुचेरी, काकीनाड़ा, पारादीप, सागर द्वीप, पोर्ट ब्लेयर, दिग्लीपुर, मायाबंदर, हट-बे समेत 24 जगह गतिविधियां करेंगे।