अमित शाह के आरोप झूठे, जनता को बताएं सचः सूरजेवाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घूस कांड में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हमले पर कांग्रेस ने करारा पलटवार किया है। शाह के आरोपों का जवाब देने के लिए आए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने कहा भाजपा को सत्ता में आए दो साल हो चुके हैं लेकिन अभी तक वह इसकी जांच पूरी नहीं कर सके।
न ही सरकार अभी तक कंपनी से 2068 करोड़ रुपये की वसूली कर पाई है। सूरजेवाला ने कहा अमित शाह के सारे आरोप झूठे हैं, अगर उनमें दम हैं तो आरोप साबित करें। सरकार को बताना चाहिए दो साल से चल रही जांच अभी तक किस नतीजे पर पहुंची है।
सूरजेवाला ने सवाल किया क्यों सरकार ने वेस्टलैंड और उसकी मालिक कंपनी फिनमैनिका को मेक इन इंडिया कार्यक्रम में शामिल किया। कंपनी को एयर इंडिया एग्जिबिशन में भी शामिल किया गया। सरकार एक बोगस कंपनी को क्यों संरक्षण दे रही है। दो साल के बाद भी सीबीआई और ईडी इस मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी हैं, सरकार जानबूझकर ऐसी कंपनी को संरक्षण दे रही है।
विवेकानंद फाउंडेशन से डोभाल और मिश्र के जुड़ाव पर मांगा जवाब
सूरजेवाला ने घूस कांड के प्रमुख आरोपी रहे वायुसेना अध्यक्ष एसपी त्यागी के विवेकानंद फाउंडेशन पर भी सवाल करते हुए कहा, पीएम मोदी के प्रधान सचिव नृपेन्द्र मिश्रा और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी विवेकानंद फाउंडेशन से जुड़े हैं। पीएम बताएं वह इनके खिलाफ क्या कार्रवाई करने वाले हैं।
उन्होंने भाजपा अध्यक्ष को भी लपेटे में लेते हुए कहा सौ बार बोलने से कोई झूठ सच नहीं बन जाता। उन्हें गलत बयान देने के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। अमित शाह के सोनिया गांधी पर लगाए गए आरोपों पर सूरजेवाला ने कहा पूरी पार्टी कांग्रेस अध्यक्षा और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ है। उन्होंने सरकार के विरोध में छह मई को जंतर मंतर से संसद तक मार्च निकालने की भी घोषणा की।
वहीं कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने फिर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने तंज कसते हुए कहा, इधर उधर की बात न कर ये बता काफिला किसने और क्यों लूटा।
पात्रा ने कहा 25 मार्च 2013 को संसद में दिए अपने बयान में तत्कालीन रक्षा मंत्री एके एंटनी ने भी माना था कि इस डील में रिश्वत ली गई थी। उस समय कांग्रेस ने इसमें क्या कार्रवाई की। सोनिया गांधी उस मामले में पूरी तरह फंस चुकी हैं, पार्टी अपनी अध्यक्षा को बचाने के लिए अब बेवजह के आरोप लगा रही है।