बिना बायोप्सी 14 तरह के कैंसर की जांच: सिर्फ 20 एमएल खून से एआई पकड़ेगा बीमारी के संकेत; जानें कैसे करेगा काम
भारतीय वैज्ञानिकों ने एआई की मदद से ऐसा ब्लड टेस्ट विकसित किया है, जिससे सिर्फ 20 एमएल खून के नमूने से 14 तरह के कैंसर के संकेत पहचाने जा सकेंगे। बंगलूरू की स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज के कैंसरस्पॉट टेस्ट ने शुरुआती जांच में सफलता दिखाई है। आखिर यह तकनीक खून से कैंसर कैसे पहचानती है? इसकी सटीकता कितनी है? क्या मरीजों को बायोप्सी से राहत मिलेगी? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कैंसर का नाम सुनते ही मरीज और उसके परिवार के सामने इलाज के साथ कई मुश्किल जांचों की चिंता भी खड़ी हो जाती है। खासकर बायोप्सी की प्रक्रिया में शरीर के प्रभावित हिस्से से ऊतक का नमूना निकालना पड़ता है, जो दर्दनाक और जटिल हो सकता है। लेकिन अब कैंसर की शुरुआती पहचान की दिशा में भारतीय वैज्ञानिकों ने बड़ी सफलता हासिल की है। बंगलूरू की स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज ने ‘कैंसरस्पॉट’ नाम से एआई आधारित ब्लड टेस्ट तैयार किया है। इसकी मदद से सिर्फ 20 मिलीलीटर खून के नमूने से 14 तरह के कैंसर के संकेतों का पता लगाया जा सकेगा। इस जांच का उद्देश्य शरीर में कैंसर होने की आशंका को शुरुआती स्तर पर पकड़ना है, ताकि समय रहते आगे की जांच और इलाज की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
कैसे काम करता है कैंसरस्पॉट टेस्ट और कितनी है इसकी सटीकता?
कैंसरस्पॉट को विकसित करने के लिए चार साल तक ‘इमर्ज’ नाम से अध्ययन किया गया। इसमें देशभर के 43 अस्पतालों से 1,480 लोगों के खून के नमूनों का विश्लेषण किया गया। इनमें कैंसर से पीड़ित मरीजों के साथ स्वस्थ लोग भी शामिल थे। अध्ययन के निष्कर्षों के मुताबिक, स्वतंत्र जांच में इस टेस्ट ने कैंसर के 72 फीसदी मामलों की पहचान की, जबकि गलत परिणाम आने की दर महज 1.4 फीसदी रही। शोध के नतीजे अमेरिका की वैज्ञानिक पत्रिका प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज में प्रकाशित हुए हैं। इस तकनीक का मकसद स्वस्थ लोगों को बिना जरूरत महंगी और जटिल जांचों से बचाने में मदद करना भी है। हालांकि, यह शुरुआती जांच है। इसका परिणाम कैंसर की अंतिम पुष्टि नहीं माना जाएगा और जरूरत पड़ने पर दूसरी जांच करानी होगी।
खून के नमूने से किन 14 तरह के कैंसर के संकेत मिलेंगे?
इस जांच की खासियत यह है कि इसमें शरीर के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले कैंसर के संकेत एक ही रक्त नमूने से तलाशे जा सकते हैं। इसमें फेफड़े, लिवर, पेट, किडनी, ओवरी, आहार नली, यूरिनरी ब्लैडर, गर्भाशय, ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर सहित कुल 14 तरह के कैंसर के संकेतों की पहचान करने की क्षमता बताई गई है। इसके लिए मरीज को सिर्फ 20 मिलीलीटर खून का नमूना देना होगा। यानी शुरुआती जांच के लिए शरीर के प्रभावित हिस्से से ऊतक निकालने की जरूरत नहीं होगी। इससे कैंसर की आशंका वाले लोगों को शुरुआती स्तर पर जांच कराने का एक आसान विकल्प मिल सकता है।
डीएनए में छिपे कौन से संकेत पकड़ता है एआई?
हमारे शरीर की कोशिकाएं लगातार खून में डीएनए के छोटे-छोटे टुकड़े छोड़ती हैं। इन्हें सेल-फ्री डीएनए कहा जाता है। जब शरीर में ट्यूमर विकसित होता है तो कैंसर कोशिकाओं से निकलने वाले डीएनए में कुछ खास रासायनिक बदलाव दिखाई देते हैं। कैंसरस्पॉट में उन्नत डीएनए सीक्वेंसिंग और एआई तकनीक की मदद से इन बदलावों को पहचाना जाता है। यह लाखों सामान्य डीएनए टुकड़ों के बीच कैंसर से जुड़े खास पैटर्न तलाशता है। अध्ययन में यह भी सामने आया कि श्वेत रक्त कोशिकाओं यानी डब्ल्यूबीसी से निकलने वाला डीएनए हमेशा कैंसर के संकेतों को कमजोर नहीं करता, बल्कि उसका अधिक स्तर कुछ मामलों में इन संकेतों को और मजबूत कर सकता है। यह बात पहले की मेडिकल धारणा से अलग है।
मरीजों को बायोप्सी से कितनी राहत मिलेगी और कब शुरू होगी सुविधा?
आमतौर पर कैंसर की पुष्टि के लिए डॉक्टर प्रभावित हिस्से से ऊतक का नमूना निकालते हैं। इस प्रक्रिया को बायोप्सी कहते हैं। इसमें मरीज को दर्द और असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। कैंसरस्पॉट का उद्देश्य बिना बायोप्सी के शुरुआती स्तर पर कैंसर के संकेत पहचानना है। इससे मरीजों को आगे की जांच कराने का फैसला लेने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस ब्लड टेस्ट से कैंसर की अंतिम पुष्टि नहीं होगी। इसके लिए डॉक्टर की सलाह और जरूरी मेडिकल जांच अहम रहेंगी। उम्मीद जताई गई है कि अगले एक से दो साल में इस तकनीक को देश के लगभग सभी बड़े अस्पतालों में लागू किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो कैंसर की शुरुआती जांच पहले के मुकाबले आसान और कम तकलीफदेह हो सकती है।
