Weather Update: अचानक बदला मौसम, गुजरात में आठ लोगों की मौत; मुंबई-उत्तराखंड-दिल्ली-NCR में मौसम कैसा? जानिए
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार देश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। बारिश की आशंका के साथ कुछ शहरों में ठंड बढ़ने के भी आसार हैं। IMD ने बताया है कि उत्तराखंड में 28 नवंबर को बारिश हो सकती है। अपने शहर में मौसम का हाल जानें
विस्तार
गुजरात में बिजली गिरने से 8 की मौत, बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद
अचानक मौसम बदलने का असर गुजरात के कई इलाकों में भी दिखा। बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम आठ लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। फसलों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को राज्य में तूफान के साथ बड़े पैमाने पर बेमौसम बारिश हुई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गुजरात के 251 तालुकाओं में से 220 में रविवार सुबह 6 बजे के बाद 50 एमएम तक बारिश हुई। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने के अलावा फसलों को भारी नुकसान होने की खबर है।
इन जिलों में जनहानि, बेमौसम बारिश की मार उद्योग पर भी
रिपोर्ट के मुताबिक अहमदाबाद में रविवार सुबह केवल दो घंटे में 15 एमएम बारिश हुई। राजकोट में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि की खबर भी सामने आई। बेमौसम बारिश के कारण सौराष्ट्र क्षेत्र के मोरबी जिले में सेरामिक उद्योग भी प्रभावित हुआ है। अधिकांश फैक्टरियों को बंद रखना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि तेज हवा, बिजली और तूफान के साथ, बेमौसम बारिश के कारण मेहसाणा, दाहोद, साबरकांठा, तापी, बोटाद, अमरेली और अहमदाबाद जिलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई।
मुंबई में बारिश, वज्रपात, आंधी और तूफान की भी आशंका
महाराष्ट्र में अचानक बदले मौसम का मिजाज के बाद बारिश की तस्वीरें भी सामने आई हैं। रविवार शाम आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश हो रही है। साथ ही मौसम विभाग ने कहा है कि महाराष्ट्र के कई इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
#WATCH | Maharashtra: Rain lashes parts of Mumbai.
— ANI (@ANI) November 26, 2023
IMD has predicted heavy rains, thunderstorms and hail storms in parts of Maharashtra today. pic.twitter.com/euy7IV9Cet
इन जिलों में सतर्क रहने की अपील
आईएमडी के अनुसार महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका है। मुंबई, ठाणे और पालघर में भारी बारिश होने की संभावना के अलावा नासिक और अहमदनगर के कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ आंधी की भी आशंका है।
मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, ठंड से ठिठुरन बढ़ी
उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी दिख रहा है। ठंडी हवाओं के कारण रात में पारा गिरने लगा है। आने वाले दिनों में ठिठुरन और बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के पांच शहरों में बारिश हुई। सोमवार को 14 शहरों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। छत्तीसगढ़ में बदले मौसम के मिजाज के कारण अभी कड़ाके की ठंड नहीं है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस साल अधिक ठंड पड़ सकती है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने की वजह से एक दो इलाकों में बारिश के आसार हैं।
हिमाचल में दो दिनों तक बर्फबारी के साथ-साथ बारिश का अनुमान
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मौसम विभाग ने बर्फबारी का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 27 नवंबर को पहाड़ी राज्य के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। आईएमडी हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सुरेंद्र पॉल के अनुसार, 26 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ हल्की से मध्यम तीव्रता का है, इसलिए भारी बर्फबारी की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि 26-27 नवंबर तक चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, कांगड़ा और शिमला जिलों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होगी। सिरमौर, सोलन, मंडी और कांगड़ा के निचले इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 28-29 नवंबर तक बर्फबारी कम होगी और मौसम साफ हो जाएगा।
मौसम की मार के अलावा, दिल्ली-NCR में दमघोंटू हवा की चुनौती
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण के कारण भी जनता हलकान है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और दिल्ली-NOIDA में रहने वाले लोग अभी भी जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। दिल्लीवासियों को अगले छह दिन राहत के आसार नहीं हैं। न्यू ओखला इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (NOIDA) और दिल्ली में औद्योगिक गतिविधियों और गाड़ियों की भरमार के कारण एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार चिंताजनक बना हुआ है। रविवार को एनसीआर में दिल्ली सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 400 के करीब दर्ज किया गया जो बेहद खराब है। शनिवार के मुकाबले वायु गुणवत्ता सूचकांक सात अंक ज्यादा है।