विदेश मंत्रालय ने सिख लड़की के अपहरण मामले में पाक उच्चायोग के वरिष्ठ अधिकारी को भेजा समन
पाकिस्तान में सिख लड़की के अपहरण के मामले को लेकर विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के वरिष्ठ अधिकारी को समन भेजा है। इस बात की जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई को सूत्रों से मिली है।
Senior official of Pakistan High Commission summoned by Ministry of External Affairs (MEA) on the issue of abduction of a Sikh girl in Pakistan: Sources
— ANI (@ANI) September 21, 2020विज्ञापन
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में हिंदुओं और सिख समुदाय पर अत्याचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का है, जहां से 22 वर्षीय सिख लड़की लापता हो गई है। मीडिया में आई एक खबर के मुताबिक यह घटना हाल में अटक जिले के हसनअब्दाल शहर में हुई। इसी शहर में सिखों का पवित्र धर्मस्थल प्रसिद्ध गुरुद्वारा पंजा साहिब है।
'डॉन' अखबार के मुताबिक लड़की कचरा फेंकने के लिए अपने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। उसके पिता हसनअब्दाल में एक दुकान चलाते हैं। खबर में इस बात का जिक्र नहीं है कि यह घटना कब हुई। हालांकि, पुलिस ने अज्ञात अपहर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उप संभागीय पुलिस अधिकारी राजा फैयाज उल हसन के हवाले से बताया गया कि हसनअब्दाल पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात अपहर्ता के खिलाफ पाकिस्तान की दंड संहिता की धारा 365 बी के तहत अगवा करने (शादी करने के लिए अपहरण समेत) के तहत एक मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस लापता लड़की की तलाश कर रही है। जिला पुलिस के प्रवक्ता ताहिर इकबाल ने कहा कि लड़की के पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के तुरंत बाद अज्ञात अपहर्ता के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया। उपसंभागीय पुलिस अधिकारी हसन ने बताया कि जिस दिन लड़की लापता हुई, उसके अगले दिन उसने अपने पिता को वाट्सऐप पर एक मैसेज भेजकर बताया कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है और इस्लाम कबूल कर लिया है।
बता दें कि इस मामले को लेकर दो दिन पहले ही दिल्ली के पूर्व विधायक और सिख नेता मनजीत सिंह सिरसा ने विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव जेपी सिंह से मुलाकात की थी।