AAP: सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला बंद होने पर ढांडा बोले- BJP ने आप को बदनाम करने की रची साजिश
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली है। आप नेता अनुराग ढांडा ने भ्रष्टाचार का कोई सबूत न मिलने पर भाजपा पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने इसे झूठा मुकदमा बताते हुए सवाल उठाया कि जब केस झूठे थे, तो इन्हें दर्ज करवाने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए?
विस्तार
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व लोक निर्माण विभाग मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को मंजूरी दे दी। आप नेता के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत न मिलने के बाद आम आदमी पार्टी भाजपा पर हमलावर हो गई है। आप नेता अनुराग ढांडा ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा लगातार आप नेताओं के खिलाफ साजिश रचती रही है और अपनी एजेंसियों का खुला दुरुपयोग करती है। आज ये पूरी तरह से साबित हो गया है।
उन्होंने कहा कि साल 2019 में आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ एक झूठा मुकदमा गढ़कर दर्ज करवाया गया था, जिसे पिछले छह वर्ष तक चलाकर सियासी लाभ उठाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि उस मामले में भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, पैसे कमाने और पद का दुरुपयोग किए जाने जैसे आरोप लगाए गए थे, लेकिन अब जब सीबीआई ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की है तो उसमें साफ-साफ लिखा है कि सत्ता के दुरुपयोग का कोई सबूत नहीं है। इस पूरी भर्ती में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है, इसलिए इस केस को बंद कर देना चाहिए।
#WATCH | Delhi: AAP leader Anurag Dhanda says, "The Bharatiya Janata Party conspires against the leaders of the Aam Aadmi Party. It tries to defame the leaders of the Aam Aadmi Party and openly misuses its agencies. Today, this has been completely proven. The case was fabricated… pic.twitter.com/crwvePDXAM
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) August 4, 2025
सीबीआई का दुरुपयोग किया गया- अनुराग ढांडा
ढांडा ने कहा, छह साल तक भाजपा ने सत्येंद्र जैन और आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने के लिए झूठे मामले चलाए। इसका मतलब ये है कि सीबीआई का दुरुपयोग करके और झूठी कहानियां और झूठे केस दर्ज करके आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करना भाजपा की सोची-समझी साजिश है उन्होंने चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी भाजपा की इन साज़िशों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करती रहेगी और सच को देश के सामने लाती रहेगी।
केजरीवाल बोले- झूठे केस लगाकर जेल भेजा गया
वहीं इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, आप नेताओं के खिलाफ लगाये गए सारे केस झूठे हैं। समय के साथ सभी केसों में सच्चाई सामने आ जाएगी। हमारे ऊपर झूठे केस लगाकर हमें जेल भेजा गया। जिन लोगों ने ये झूठे केस लगाए और जिन नेताओं के कहने पर ये झूठे केस लगाए, क्या उन सबको जेल नहीं भेजना चाहिए?