Big News: चीन से सटे तवांग जिले में फहराया 73 फुट ऊंचा तिरंगा, बम ब्लास्ट की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक निजी बस शनिवार को यहां एक घाट में पलट गई, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई और 55 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मानगांव के तहमानी घाट पर सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अरुणाचल प्रदेश में चीन के सीमावर्ती तवांग जिले में भाजपा विधायक त्सेरिंग ताशी ने 73 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया। यह क्षेत्र समुद्र तल से 15,200 फीट की ऊंचाई पर है। इस मौके त्सेरिंग ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना एकता, अखंडता और राष्ट्रीय शक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत होगी।
नववर्ष का जश्न मनाने जा रही बस पलटी, दो की मौत, 55 घायल
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक निजी बस शनिवार को यहां एक घाट में पलट गई, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई और 55 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मानगांव के तहमानी घाट पर सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। कहा कि बस पुणे की एक कंपनी के कर्मचारियों को लेकर नववर्ष का जश्न मनाने के लिए हरिहरेश्वर जा रही थी। एक अधिकारी ने बताया कि घाट से नीचे की ओर से आते हुए बस पलट गई।
गुजरात में ट्रेन में बम धमाके की धमकी देने वाला गिरफ्तार
गुजरात में एक ट्रेन में बम धमाके की धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि अमित सिंह नाम के यात्री को ट्रेन से यात्रा करनी थी, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंच पाया और ट्रेन छूट गई। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर ट्रेन में बम धमाके की धमकी दी।
झारखंड में पुलिस ने गिरफ्तार किए 20 साइबर अपराधी
झारखंड के गिरडीह जिले में पुलिस ने 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास चोरी का सामान और नकदी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने शनिवार को कहा कि ये गिरफ्तारियां जमुआ ब्लॉक के अलग-अलग इलाकों से हुईं। इनके पास से दो कार, चार बाइक के अलावा 1.38 लाख नकदी जब्त की गई है।
आंध्र में आवास योजना में 35,141 करोड़ का गबन, जांच की मांग
अभिनेता से राजनेता बने और जनसेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण ने शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश सरकार पर गरीबों के लिए आवास योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। कहा कि सिर्फ भूमि अधिग्रहण में 35,141 करोड़ की हेराफेरी की गई है। घोटाला इतना बड़ा है कि सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने भी प्रवर्तन विभाग से मामले की जांच की मांग की है।
केरल : लंबित बिलों की तत्काल मंजूरी के लिए संशोधित याचिका
केरल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में संशोधित याचिका दायर कर राज्यपाल को लंबित बिलों को तुरंत मंजूरी देने का निर्देश देने की मांग की है। इसमें राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से उन शर्तों पर दिशा-निर्देश देने की मांग की है, जिसके तहत राज्यपाल राष्ट्रपति के विचार के लिए उनके समक्ष पेश विधेयकों को आरक्षित कर सकते हैं। यह संशोधन शीर्ष अदालत के समक्ष पहले से दायर रिट याचिका में किया गया है। सरकार ने कोर्ट से राज्यपाल आरिफ को पेश बिलों के निपटारे के लिए लागू समयसीमा पर अनुच्छेद 200 के पहले प्रावधान में ‘जितनी जल्दी हो सके’ वाक्यांश की व्याख्या करने की मांग की है।
तमिलनाडु: चाय की दुकान में घुसा ट्रक, 5 लोगों की मौत
तमिलनाडु के पुडुकोट्टाई जिले के नमनसमुद्रम में सीमेंट से भरा एक ट्रक दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे एक चाय की दुकान में घुस गया। हादसे में पांच की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार तड़के हुई। इस दौरान चाय की दुकान में खड़े कुछ श्रद्धालु वाहन की चपेट में आ गए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अरियालुर से शिवगंगा जा रहे ट्रक के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और एक कार और वैन को टक्कर मारने के बाद दुकान में घुस गया।
आंध्र प्रदेश : लावारिस कुत्तों ने किया मासूम पर हमला, घायल
आंध्र प्रदेश के गुंटूर में लावारिस कुत्तों के झुंड ने एक मासूम पर हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गनीमत यह रही कि उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार से उसे देख लिया और बचा लिया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार सुबह संपत नगर में शिव मंदिर के पास हुई। कहा कि पांच कुत्ते कार्तिकेय (6) पर झपट पड़े, जो यहां छुट्टियां बिताने आया था। उसके मां-बाप हैदराबाद में रहते हैं। परिवार को सूचना दे दी गई है। मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांग्रेस नेता सुनील केदार को पांच साल कैद की सजा बरकरार
एक सत्र अदालत ने शनिवार को बैंक घोटाले मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सुनील केदार की सजा पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया। पिछले सप्ताह निचली अदालत की ओर से उन्हें सुनाई गई पांच साल कैद की सजा को निलंबित करने की उनकी याचिका भी खारिज कर दी। जिला जज आरएस पाटिल ने केदार की जमानत याचिका भी खारिज कर दी। नागपुर की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने 22 दिसंबर को नागपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (एनडीसीसीबी) में 2002 में हुए धन के दुरुपयोग मामले के लिए केदार और पांच अन्य को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। घोटाले के समय केदार बैंक के अध्यक्ष थे।
बी737 मैक्स विमानों के कलपुर्जे मिले ढीले, बोइंग ने जताया खतरा, कहा-करें जांच
बोइंग ने एयरलाइंस कंपनियों से बी737 मैक्स विमानों के हार्डवेयर में ढीले कलपुर्जों की जांच करने की अपील की है। एक विशेष विमान कंपनी के बी737 विमानों में नट बोल्ट गायब मिला था, जिसे ठीक कर लिया गया है। इसी के बाद बोइंग ने सभी कंपनियों से विमानों की जांच करने को कहा है। साथ ही, नए एकल-गलियारे वाली हवाई जहाज कंपनियों से विशिष्ट टाई रॉड का निरीक्षण करने की अपील की है।
भारत में अकासा एयर, स्पाइसजेट और एअर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में बी737 मैक्स विमान हैं। इससे पहले अमेरिकी विमानन नियामक फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने कहा था कि वह ढीले नट-बोल्ट के लिए बोइंग 737 मैक्स विमानों की बारीकी से निगरानी कर रहा है। इस संबंध में अकासा एयर ने कहा कि इस समस्या से उसके परिचालन बेड़े और विमान आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है।
यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर को छह माह का और सेवा विस्तार
केंद्र सरकार ने यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा को छह माह का एक और सेवा विस्तार दे दिया है। उनका दूसरा सेवा विस्तार 31 दिसंबर को खत्म हो रहा था। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के आदेश के अनुसार, दुर्गा शंकर 30 जून, 2024 तक इस पद पर रहेंगे। इससे पहले वह सेवानिवृत्ति के बाद वर्ष 2021 व 2022 में भी एक-एक साल का सेवा विस्तार पा चुके हैं। ढाई साल का सेवा विस्तार पाने वाले वह यूपी कैडर के पहले आईएएस अधिकारी हैं।
विदेश मंत्री ने लिखी नई पुस्तक
दुनिया में आगे बढ़ने की भारत की यात्रा का कोई अंत नहीं है। इसे हमारी विरासत और संस्कृति से ताकत मिल रही है। लोकतंत्र व तकनीक के दम पर चुनौतियों को पार किया जा रहा है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपनी पुस्तक 'व्हाई इंडिया मैटर्स' में यह बातें लिखी हैं। वह शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले और उन्हें इसकी पहली प्रति प्रस्तुत की। विदेश मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री को यह पुस्तक देने में उन्होंने सम्मान महसूस किया। पुस्तक के कुछ अंश भी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए।