आज के दिन: आईएमसी के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, 57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक
नमस्कार! आज है गुरुवार, 8 अक्तूबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
आज 8 अक्तूबर 2026 को अश्विन माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईएमसी के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक होगी।
आईएमसी के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
शुरुआत प्रधानमंत्री से। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार सुबह नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वे इस अवसर पर उपस्थिति जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। दूरसंचार विभाग और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआईI) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम 10 अक्तूबर तक चलेगा। आईएमसी 2026 का विषय “सीमाओं से परे विस्तार” है, जो डिजिटल नवाचार, अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी और प्रौद्योगिकी-आधारित विकास में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाता है।
57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक
57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक गुरुवार को होगी। पहले यह बैठक बुधवार को होनी थी, लेकिन कुछ जरूरी वजहों से बैठक को एक दिन आगे बढ़ा दिया गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में केंद्र और राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें कारोबारियों और टैक्सपेयर्स के लिए जीएसटी नियमों का पालन आसान बनाने के मकसद से कई महत्वपूर्ण सुधारों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
झारखंड डीजीपी नियुक्ति मामले में गुरुवार को सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट झारखंड डीजीपी मामले में गुरुवार को सुनवाई करेगा। इस याचिका में, झारखंड सरकार और अन्य के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई है। यह मामला सीनियर आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को उनके रिटायरमेंट से एक दिन पहले, 30 दिसंबर 2025 को राज्य का डीजीपी नियुक्त करने से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट उन दूसरी याचिकाओं पर भी सुनवाई करेगा, जिनमें आरोप है कि मिश्रा की डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) के तौर पर नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के खिलाफ थी।
शिवसेना के चुनाव चिह्न विवाद पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के चुनाव चिह्न विवाद पर गुरुवार को सुनवाई होगी। इससे पहले मंगलवार को सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने मौखिक रूप से सवाल किया कि क्या दलबदल के "सांविधानिक पाप" के आरोपी लोगों पर भी पार्टी के चुनाव चिह्न से जुड़ी भावना लागू होनी चाहिए। बता दें कि उद्धव ठाकरे की ओर से दायर एक संबंधित याचिका में निर्वाचन आयोग के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें शिंदे गुट को आधिकारिक शिवसेना के रूप में मान्यता दी गई और उसे पार्टी का धनुष-बाण चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। सुप्रीम कोर्ट पहले भी इस विवाद में दलबदल कानून और चुनाव चिह्न आवंटन के बीच संबंध पर विचार कर चुका है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
अयोध्या के दौरे पर अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को अयोध्या जाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होंगे। अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो रही हैं। सपा ने अयोध्या विधानसभा सीट से पवन पांडेय को प्रत्याशी घोषित किया है। ऐसे में सपा प्रमुख का उनके आवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना स्थानीय संगठन और चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या लंबे समय से भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक विमर्श का प्रमुख केंद्र रही है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
हरियाणा कांग्रेस का कार्यक्रम
हरियाणा कांग्रेस ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया है। यह कार्यक्रम 2 से 8 अक्तूबर तक चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ का हिस्सा होगा। कांग्रेस इस मार्च में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी साथ जोड़ेगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आज है भारतीय वायु सेना दिवस
हर साल 8 अक्तूबर को भारतीय वायु सेना दिवस मनाया जाता है। भारतीय वायु सेना का आधिकारिक गठन 8 अक्तूबर 1932 को ही हुआ था। उस समय इसे ब्रिटिश भारतीय शासन के दौरान रॉयल एयर फोर्स की एक सहायक इकाई के रूप में स्थापित किया गया था। गठन के कुछ महीनों बाद 1 अप्रैल 1933 को वायु सेना की पहली ऑपरेशनल फ्लाइट ने कराची के ड्रिग रोड से उड़ान भरी। इसमें छह RAF-प्रशिक्षित अधिकारी, 19 वायु सैनिक और चार वेस्टलैंड वापिटी IIA विमान शामिल थे। आगे चलकर यही शुरुआती ढांचा एक संगठित वायु शक्ति में विकसित हुआ। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)