आज के दिन: IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी, प्रयागराज में छात्रों बात करेंगे राहुल
नमस्कार! आज है शनिवार, 8 अगस्त। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 8 अगस्त 2026 को श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की दशमी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह में संबोधित करेंगे। इसके कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रयागराज में छात्रों की गूंज कार्यक्रम करेंगे।
आईआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार सुबह 11 बजे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। प्रधानमंत्री डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों और पीएचडी शोधार्थियों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित भी करेंगे। इनमें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक शामिल हैं।
प्रयागराज में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छात्रों की गूंज (छात्र- युवा संवाद) कार्यक्रम शनिवार को प्रयागराज में होगा। राहुल दोपहर 2:00 बजे दिल्ली से प्रस्थान कर 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। शाम 5:30 से 6:15 बजे तक आनंद भवन/स्वराज भवन में विश्राम करेंगे। फिर शाम 6:00 से 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों के बीच रहेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
गोरखपुर-बस्ती मंडल के डॉक्टरों का सम्मान
चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गोरखपुर-बस्ती मंडल के डॉक्टरों का सम्मान समारोह 'आभार समर्पण का’ आयोजन आठ अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से बस्ती के बालाजी प्रकाश होटल में होगा। अमर उजाला की ओर से आयोजित इस समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि होंगे। डिप्टी सीएम दोनों मंडलों के 32 डॉक्टरों को सम्मानित करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)